Bihar Weather Report: बिहार में पिछले 24 घंटे से तेज बारिश के साथ आंधी और वज्रपात का दौर जारी है। मौसम के खराब होने से जहां जनजीवन प्रभावित हुआ है। वहीं, दूसरी ओर फसलों को भी काफी नुकसान पहुंचा है। इस बीच मौसम विभाग ने आज रविवार (22 मार्च) को प्रदेश के 6 जिलों में बारिश और तेज हवा चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में आंधी-बारिश का खतरा

मौसम विभाग ने रविवार को सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज में आंधी के साथ बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा अन्य जिलों में मौसम के शुष्क बने रहने का अनुमान है। इस दौरान लोगों को सतर्क रहने और पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

अगले एक सप्ताह तक ठंडा रहेगा मौसम

पिछले दो दिनों प्रदेश के विभिन्न जिलों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि के कारण मौसम ठंडा बना हुआ है। मौसम विभाग की माने तो अगले एक सप्ताह तक मौसम के ठंडे बने रहने की संभावना है। इस दौरन जहां, आसमान में बादल छाए रहेंगे। वहीं, कई जिलों में रुक-रुककर बारिश भी देखने को मिलेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। कल की बात करें तो शनिवार को राजधानी पटना समेत मोतिहारी, गोपालगंज बांका, सीतामढ़ी, बेतिया, खगड़िया और बगहा समेत कई जिलों में बारिश हुई। वहीं, पटना में कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी देखने को मिला।

2 दिनों में 7 की मौत, कई घायल

बारिश के साथ तेज आंधी और आकाशीय बिजली गिरने की वजह से दो दिनों में अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, कई लोगों के घायल होने की खबर है। आकाशीय बिजली गिरने से गयाजी जिले में दो किसानों की मौत हो गई। वहीं, जमुई में एक छात्रा की मौत हो गई। अररिया में दीवार गिरने से दो बच्चों की मौत हो गई। वहीं, एक घायल हो गया।

किशनगंज में भी वज्रपात होने से एक महिला की मौत हो गई। पटना के मोकामा में ठनका गिरने से 10 मजदूर घायल हो गए। इसके अलावा अन्य जगहों पर भी आकाशीय बिजली गिरने और पेड़ों में आग लगने की खबरें सामने आई। वहीं, एक पोल्ट्री फार्म पर बिजली गिरने से करीब 4000 मुर्गियों की झुलसकर मौत हो गई।

फसलों को हुआ भारी नुकसान

बमौसम हुए आंधी-बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचाया है। बारिश के होने से कटाई के लिए तैयार गेहूं और मक्का की फसलें पूरी तरह से बर्बाद हो गई हैं। खेतों में हुए जलजमाव के कारण सब्जियों और आम व लीची के भी फसलों को नुकसान पहुंचा है। कई जिलों में फसलों के 60 फीसदी तक नुकसान होने का अनुमान जताया है।

ये भी पढ़ें- Bihar Morning News: बिहार स्थापना दिवस का आगाज, जीविका पवेलियन का उद्घाटन, महिला सुरक्षा दिवस पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन, कांग्रेस की प्रेस-कॉन्फ्रेंस, एक नजर आज के होने वाले बड़े कार्यक्रमों पर…