पटना। बिहार में पिछले कुछ दिनों से पसीने छुड़ाने वाली गर्मी और झुलसाती लू से परेशान लोगों के लिए राहत और आफत दोनों एक साथ दस्तक दे रहे हैं। मौसम विभाग (IMD) ने साफ कर दिया है कि अब आसमान से आग नहीं बल्कि आफत बरसने वाली है। शनिवार को भले ही शेखपुरा में पारा 38.4°C रहा हो लेकिन अब अगले पांच दिनों तक मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है।

​क्यों बदला मौसम का मिजाज?

​सैटेलाइट तस्वीरों के अनुसार भारत और पाकिस्तान के बीच करीब 1,000 किलोमीटर के दायरे में बादलों का एक विशाल समूह सक्रिय हुआ है। यह एक एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ का संकेत है। उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश की ओर से बादलों का झुंड बिहार की ओर बढ़ रहा है वहीं झारखंड की तरफ से भी बादलों ने बिहार को घेरना शुरू कर दिया है।

​9 अप्रैल तक साथ रखें छाता और रेनकोट

​IMD ने चेतावनी दी है कि 9 अप्रैल तक घर से बाहर निकलते समय छाता और रेनकोट हमेशा साथ रखें। विशेषकर खेतों में काम करने वाले किसानों को सलाह दी गई है कि मौसम खराब होते ही सुरक्षित स्थानों पर शरण लें क्योंकि ठणका जानलेवा साबित हो सकता है।

​तारीख दर तारीख: मौसम का हाल

  • ​05 अप्रैल (आज): गया, बांका, जमुई, चंपारण और औरंगाबाद समेत 12 जिलों में 50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और बारिश होगी।
  • ​06 अप्रैल: पूर्वी बिहार के कुछ जिलों को छोड़कर शेष 26 जिलों में मौसम खराब रहेगा। यहां येलो अलर्ट जारी किया गया है।
  • ​07 अप्रैल: पूरे बिहार में असर दिखेगा। दक्षिण और उत्तर-पूर्वी बिहार में ऑरेंज अलर्ट है। गया, रोहतास और कैमूर में ओले गिर सकते हैं।
  • ​08 अप्रैल (सबसे खतरनाक दिन): इस दिन मौसम विकराल रूप ले सकता है। पटना, गया, भागलपुर और बक्सर सहित दक्षिण बिहार के 19 जिलों में भारी ओलावृष्टि और ठनका गिरने की प्रबल आशंका है।
  • ​09 अप्रैल: पश्चिमी बिहार को छोड़कर बाकी जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। 10 अप्रैल से ही आसमान साफ होने की उम्मीद है।

​गर्मी से मिलेगी बड़ी राहत

​अभी जहां पारा 38°C के पार है वहीं बारिश के कारण इसमें भारी गिरावट आएगी। 8 अप्रैल तक बिहार का अधिकतम तापमान 25°C से 30°C के बीच सिमट सकता है। यानी दिन में भी मौसम सुहाना और कूल-कूल बना रहेगा। हालांकि तापमान में यह गिरावट सुखद है लेकिन आंधी और बिजली गिरने जैसी प्राकृतिक आपदाओं से सतर्क रहना बेहद जरूरी है।