Bihar Weather Report: बिहार में मौसम के करवट लेने के साथ ही प्रदेश में एक बार फिर से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। इसका असर जनजीवन पर पड़ रहा है। राज्य के कई जिलों में फिर से घना कोहरा देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने कई जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
ठंड के साथ बढ़ी गलन
कल रविवार की बात करे तो सुबह के समय प्रदेश के कई हिस्सों में विजिबिलिटी घटकर करीब 50-70 मीटर तक रह गई। उत्तर बिहार के कई इलाकों में भी सुबह घना कोहरा छाया रहा। हालांकि दिन में धूप निकलने से लोगों को ठंड से थोड़ी राहत जरूर मिली। मौसम विभाग के अनुसार आज सोमवार को भी मौसम के इसी तरह रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कारण तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है, जिसके चलते प्रदेश के विभिन्न जिलों का न्यूनतम तापमान सामान्य से कम हो गया है और ठंड के साथ गलन भी बढ़ गई है।
कुछ इलाकों में हो सकती है बूंदाबांदी
मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटों में सर्द हवाओं के चलते रात के तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिली है। हालांकि फिलहाल ठंड के और ज्यादा बढ़ने के आसार नहीं हैं। आने वाले दिनों में आसमान साफ रहने और दिन में अच्छी धूप निकलने की संभावना है, जिससे दिन और रात के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल प्रदेश में फिर से शीतलहर या कोल्ड-डे जैसे हालात नहीं बनेंगे, लेकिन कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
इन जिलों में रहेगा कोहरे का असर
मौसम विभाग के मुताबिक, फरवरी के पहले दिन पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, वैशाली और समस्तीपुर जिलों में कोहरे का असर देखा जा रहा है। बाकी जिलों में हल्का धुंध रहने की संभावना है। हालांकि सुबह धूप निकलने के बाद कोहरे का असर कम हो जाएगा। वहीं 2 फरवरी को पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, वैशाली और समस्तीपुर में घना कोहरा छा सकता है, जबकि अन्य जिलों में हल्का कुहासा रहने की संभावना है।
3 फरवरी को हो सकती है हल्की बारिश
मौसम विभाग ने बताया है कि 3 फरवरी को भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल जिलों में हल्की बारिश होने की उम्मीद है। इसके साथ ही इन जिलों के तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है। हालांकि बाकी जगहों पर मौसम शुष्क बना रहेगा। कल रविवार को तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिला। राजगीर में सबसे अधिक 24.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ, जबकि मुजफ्फरपुर में सबसे कम 20 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


