Bihar Weather Report: बिहार में मौसम के लुका-छिपी का खेल जारी है। सुबह और शाम के समय कोहरे और ठंड का असर देखने को मिल रहा है। वहीं, दिन चढ़ने पर धूप निकलने के साथ ही हल्की गर्मी का भी एहसास होने लगा है। इस बीच मौसम विभाग ने आज गुरुवार (5 फरवरी) को प्रदेश के 12 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। वहीं, सुबह व शाम के समय कोहरे की वजह से दृश्यता में भारी कमी आ सकती है।

भागलपुर रहा राज्य का सबसे ठंडा जिला

मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल अगले कुछ दिनों तक मौसम में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। सुबह और शाम के समय हल्की कनकनी महसूस होगी, जबकि दिन में धूप निकलने पर लोगों को ठंड से राहत मिलेगी। बीते 24 घंटों में राज्य के कई जिलों में घना कोहरा देखे को मिला, जहां दृश्यता घटकर करीब 100 मीटर तक पहुंच गई। 9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ भागलपुर राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा।

कमजोर हुआ पश्चिमी विक्षोभ

मौसम वैज्ञानिकों की माने तो लगातार घना कोहरा रहने की वजह से उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कमजोर हुआ है, जिससे वातावरण में नमी बढ़ी है। मौसम विभाग ने अगले 2-3 दिनों के दौरान बिहार समेत पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखने को मिल सकती है। ऐसे में एक बार फिर से ठंड के बढ़ने की संभावना है। हालांकि इस दौरान दिन में मौसम सामान्य बना रहेगा।

पटना में सामान्य रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार राजधानी पटना में सुबह के समय जगह-जगह पर हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है। हालांकि दिन चढ़ने पर मौसम एकदम साफ हो जाएगा। विभाग ने पटना के लिए किसी भी प्रकार का कोई अलर्ट नहीं जारी किया है। इसके अलावा पटना के तापमान में बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं जताई गई है। दोपहर में मौसम सुहावन बना रहेगा।

ये भी पढ़ें- Bihar Morning News: बिहार विधानसभा सत्र का तीसरा दिन आज, सदन में अपनी बात रखेंगे तेजस्वी, विधान परिषद में बजट पर चर्चा, UGC के पक्ष में आज फिर सड़क पर उतरेंगे छात्र, एक नजर आज के होने वाले बड़े कार्यक्रमों पर…