Bihar Weather Report: बिहार में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला हुआ है। तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। इस बीच आज बुधवार (18 मार्च) को मौसम विभाग ने प्रदेश के लगभग 7 जिलों में भारी बारिश के साथ आंधी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान इन इलाकों में 40 किमी की रफ्तार से हवा चल सकती है। वहीं, इसके अलावा आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।

पूर्वी बिहार और उत्तर के जिलों में इसका अधिक असर देखने को मिल सकता है। वहीं, दक्षिण और पश्चिमी वाले हिस्सों में मौसम के सामान्य बने रहने की उम्मीद है। विभाग के मुताबिक प्रदेश का तापमान 34 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

इन जिलों में होगी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार बिहार के अररिया, किशनगंज, सुपौल, पूर्णिया और कटिहार जैसे जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं, राजधानी पटना की बात करे तो यहां सुबह से ही मौसम सुहावना बना हुआ है। आसमान में काले और हल्के बादल छाए हुए हैं। हालांकि दिन चढ़ने के साथ गर्मी का असर बढ़ सकता है।

नालंदा रहा सबसे गर्म इलाका

कल मंगलवार की बात करें तो मौसम विभाग ने 20 से अधिक जिलों में आंधी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया था, लेकिन बीते 24 घंटे के दौरान राज्य में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। हालांकि कुछ जिलों में बादल और धूप के बीच लुकाछिपी का खेल जारी रहा। नालंदा में 36 डिग्री सेल्सियस सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। वहीं, कई जिलों का तापमान 35 डिग्री या उससे अधिक दर्ज हुआ।

पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बदलाव

मौसम विभाग ने बिहार में हो रहे मौसम बदलाव के लिए सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी को कारण बताया है। इनके प्रभाव से वातावरण में अस्थिरता पैदा हो गई है, जिससे बादल बन रहे हैं और आंधी-बारिश की स्थिति बन रही है। सतही हवा की दिशा में बदलाव के कारण भी राज्य के कई हिस्सों में तेज हवा और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बढ़ गई है।

20 मार्च तक बारिश और तूफान वाला मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में 20 मार्च तक इसी तरह का मौसम बना रह सकता है। इस दौरान कई जिलों में बादल छाए रहने, हल्की बारिश और आंधी-तूफान की स्थिति देखने को मिल सकती है। उत्तर और पूर्वी बिहार के जिलों में इसका प्रभाव अधिक देखने को मिल सकता है। हालांकि मौसम में बदलाव होने के साथ प्रदेशवासियों को अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी से राहत जरूर मिलने वाली है।

ये भी पढ़ें- Bihar Morning News: CM नीतीश की इफ्तार पार्टी आज, TRE-4 रिजल्ट को लेकर अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की समीक्षा बैठक, कांग्रेस की प्रेस-कॉन्फ्रेंस, एक नजर आज के होने वाले बड़े कार्यक्रमों पर…