पटना। ​बिहार की खेल प्रतिभाओं को नया मंच देने के लिए बिहार वीमेंस कबड्डी लीग (BWKL) का दूसरा संस्करण आज यानी बुधवार से शुरू हो रहा है। पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 11 से 17 मार्च तक चलने वाले इस महामुकाबले में राज्य की बेटियां अपना दमखम दिखाएंगी।

​डिप्टी सीएम और खेल मंत्री करेंगे शुभारंभ

​लीग का भव्य उद्घाटन शाम 6 बजे उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और खेल मंत्री श्रेयसी सिंह द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर वे आधिकारिक ट्रॉफी का अनावरण भी करेंगे।

34 मैच और ‘डू एंड डाई’ का रोमांच

कबड्डी चैंपियंस लीग (KCL) के तर्ज पर आयोजित इस टूर्नामेंट में कुल 34 मैच खेले जाएंगे। प्रतियोगिता की खास बात यह है कि हर मुकाबला ‘डू एंड डाई’ मोड में होगा, जिससे रोमांच चरम पर रहेगा। प्रत्येक मैच के बाद सर्वश्रेष्ठ रेडर, डिफेंडर और ऑलराउंडर को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही, पहली बार सभी छह टीमों की खिलाड़ियों को टीम मालिकों की ओर से 5,000 का प्रोत्साहन शुल्क भी दिया जाएगा।

​मिशन इंटरनेशनल

​खेल प्राधिकरण के डीजी रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि बिहार देश का इकलौता राज्य है जहां सरकार खुद महिला कबड्डी लीग का आयोजन कर रही है। इस लीग का मुख्य उद्देश्य बिहार की महिला खिलाड़ियों को तराशना है। चयन प्रक्रिया के लिए मंगला देशाई जैसे अंतरराष्ट्रीय चयनकर्ताओं की टीम तैनात की गई है। लक्ष्य यह है कि भविष्य में कॉमनवेल्थ गेम्स और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय टीम के ‘प्लेइंग सेवन’ में कम से कम दो खिलाड़ी बिहार की जरूर हों।