​पटना। राजधानी के ग्रामीण इलाके बिहटा में गुरुवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मॉर्निंग वॉक पर निकले ग्रामीणों ने सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा देखा। घटना बिहटा थाना क्षेत्र के पैनाठी गांव की है। शव मिलने की खबर जंगल की आग की तरह फैल गई, जिसके बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

​ग्रामीणों ने दी पुलिस को सूचना

​जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह जब पैनाठी गांव के कुछ लोग रोजाना की तरह टहलने निकले थे, तभी उनकी नजर लावारिस हालत में पड़े एक अधेड़ व्यक्ति पर पड़ी। पास जाकर देखने पर पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी जानकारी डायल-112 और स्थानीय बिहटा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

​शव की शिनाख्त की कोशिशें जारी

​पुलिस के मुताबिक, मृतक की उम्र करीब 55 से 60 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। मृतक ने ब्लू शर्ट और नारंगी रंग की पैंट पहन रखी थी। पुलिस ने काफी देर तक आसपास के लोगों से पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन शव के पास से कोई पहचान पत्र या ऐसा सामान नहीं मिला जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने शव को पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने औपचारिक रूप से उसे मृत घोषित कर दिया।

जांच में जुटी पुलिस

​बिहटा थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि मामले की संजीदगी को देखते हुए एफएसएल (FSL) टीम को भी सूचित कर दिया गया है, ताकि घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने कहा, शव की पहचान के लिए आसपास के सभी थानों को हुलिया भेजकर अलर्ट कर दिया गया है। मौत के स्पष्ट कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। फिलहाल पुलिस हत्या और प्राकृतिक मृत्यु दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है।