पटना। शहर के पीपलावां थाना क्षेत्र अंतर्गत बिक्रम-नौबतपुर नहर पथ पर बुधवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। दोस्तों के साथ होली खेलकर घर से निकले 27 वर्षीय आनंद विशाल की बाइक दुर्घटना में मौके पर ही मौत हो गई।
तेज रफ्तार बनी काल
मृतक की पहचान रानीतालाब थाना क्षेत्र के सेलगढ़ निवासी विजय कुमार के इकलौते पुत्र आनंद विशाल (27) के रूप में हुई है। आनंद पटना में कैब चलाकर अपने परिवार का हाथ बंटाता था। बुधवार शाम करीब 7:30 बजे वह अपनी R15 बाइक से वापस पटना की ओर जा रहा था। चश्मदीदों के मुताबिक, फरीदपुरा के समीप बाइक की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई।
मौके पर ही तोड़ा दम
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आनंद के सिर में गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की सूचना मिलते ही पीपलावां थाना के अपर थाना प्रभारी संजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि परिजनों को सूचित कर दिया गया है। इकलौते बेटे की मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस हादसे के बाद पूरे सेलगढ़ गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

