वीरेंद्र गहवई, बिलासपुर। जिला अस्पताल में सुरक्षा और भरोसे के बीच धांधली का मामला सामने आया है। अस्पताल की दो नर्सों पर आरोप है कि उन्होंने सुरक्षित प्रसव कराने के एवज में प्रसूता के परिजनों से पैसे की मांग की। परिजनों ने इस लेनदेन की बात को पकड़ते हुए नर्स की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

बता दें कि इस मामले में अस्पताल प्रबंधन ने गंभीरता दिखाते हुए तुरंत कार्रवाई की। कार्यालय संभागीय संयुक्त संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं बिलासपुर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक की रिपोर्ट के आधार पर दोनों नर्स स्टाफ लक्ष्मी वर्मा और संजू चौरसिया को निलंबित कर दिया गया है।

देखें VIDEO

देखें आदेश

शिकायत में बताया गया था कि स्टाफ नर्स लक्ष्मी वर्मा और संजू चौरसिया द्वारा प्रसूताओं के परिजनों से अस्पताल में खर्च और फार्म जमा करने के नाम पर पैसे की मांग की जा रही थी। जांच में प्रथम दृष्टया यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के विपरीत पाया गया।

निलंबन के दौरान दोनों नर्सों का मुख्यालय कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, बिलासपुर निर्धारित किया गया है। अस्पताल प्रशासन ने कहा है कि मरीजों और उनके परिवारों से किसी भी प्रकार का अनैतिक या गैरकानूनी लेनदेन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H