वीरेंद्र गहवई, बिलासपुर। जिले की केंदा घाटी में मंगलवार सुबह कोयले से लदा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक और हेल्पर की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में जर्जर और गड्ढों से भरी सड़क को दुर्घटना की बड़ी वजह माना जा रहा है। घटना के बाद घाटी मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ट्रेलर क्रमांक सीजी 04 पीजे 3515 मध्यप्रदेश के उमरिया से रायपुर के लिए कोयला लोड कर रवाना हुआ था। मंगलवार सुबह करीब 8 बजे जब वाहन केंदा घाटी से नीचे उतर रहा था, तभी खराब सड़क के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। ट्रेलर पलटते हुए नीचे जा गिरा और उसमें भरा कोयला सड़क पर फैल गया।
केंदा पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी अशोक मिश्रा ने बताया कि हादसे में गंभीर रूप से घायल चालक प्रकाश महरा (28), निवासी धनपुरी, जिला शहडोल को तत्काल रेस्क्यू कर पेंड्रा अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मालिक ने कहा— ड्राइवर था अकेला
घटना की सूचना मिलते ही बेलगहना चौकी प्रभारी हेमंत सिंह और केंदा प्रभारी अशोक मिश्रा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ट्रेलर मालिक अजीत विश्वकर्मा (निवासी शहडोल) से संपर्क करने पर उसने पुलिस को बताया कि वाहन में केवल चालक ही सवार था।
हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों और अन्य वाहन चालकों ने पुलिस को जानकारी दी कि ट्रेलर में एक और व्यक्ति भी था। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जेसीबी मंगवाकर सड़क पर फैले कोयले को हटवाना शुरू किया।
कोयले के नीचे दबा मिला हेल्पर
जब कोयला हटाया गया तो ट्रेलर के नीचे एक युवक दबा हुआ मिला। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान उमेश विश्वकर्मा (25), निवासी धनपुरी, जिला शहडोल के रूप में हुई, जो ट्रेलर में हेल्पर के तौर पर कार्यरत था।
जर्जर सड़क पर बढ़ रहा हादसों का खतरा
स्थानीय लोगों के अनुसार केंदा घाटी मार्ग पिछले कई महीनों से बदहाल स्थिति में है। गड्ढों और उबड़-खाबड़ रास्ते के कारण आए दिन छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं। भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के बावजूद मरम्मत कार्य की रफ्तार धीमी है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है।
ग्रामीणों और वाहन चालकों ने प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


