बिलासपुर। जिले में अवैध खनन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 22 वाहनों को जब्त किया है। इनमें 14 ट्रैक्टर-ट्रॉली, 5 हाइवा, 1 पोकलेन मशीन और 1 जेसीबी मशीन शामिल हैं। जब्त किए गए सभी वाहनों को पुलिस चौकी बेलगहना और खजिन जांच चौकी लावर की अभिरक्षा में रखा गया है।

यह कार्रवाई कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश और उप संचालक खनिज के मार्गदर्शन में की गई। जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 4 अप्रैल से 7 अप्रैल के बीच खनिज अमले ने रतखंडी, धुमा-मानिकपुर, लावर और राजपुर-केकती क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान रतखंडी क्षेत्र के अरपा नदी से अवैध रूप से रेत उत्खनन और परिवहन करते हुए 10 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए गए। वहीं धुमा-मानिकपुर क्षेत्र में खनिज मिट्टी के अवैध उत्खनन और परिवहन में संलिप्त 1 पोकलेन मशीन और 4 हाइवा वाहनों को पकड़ा गया।
इसके अलावा लावर क्षेत्र से रेत का अवैध परिवहन करते हुए 1 हाइवा जब्त किया गया, जबकि राजपुर-केकती क्षेत्र में मिट्टी के अवैध उत्खनन में लगी 1 जेसीबी और 4 ट्रैक्टर जब्त किए गए। बुतेना क्षेत्र से मुरूम के अवैध उत्खनन में लगी 1 जेसीबी मशीन भी जब्त की गई।
खनिज विभाग की इस सख्त कार्रवाई से अवैध खनन में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया है।
वाहन मालिकों की बढ़ी परेशानी
कार्रवाई के बाद जब्त वाहनों के मालिक उन्हें छुड़वाने के लिए खनिज विभाग के चक्कर काटते नजर आए। बुधवार को कई वाहन मालिक कलेक्टर कार्यालय स्थित खनिज विभाग के बाहर भटकते दिखे। इस दौरान कुछ लोगों ने राजनीतिक पहुंच का सहारा लेने की भी कोशिश की, लेकिन अधिकारियों ने किसी की सिफारिश नहीं मानी और नियमों के तहत ही कार्रवाई जारी रखी।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

