वीरेंद्र गहवई, बिलासपुर। जिले में चलती ट्रेन से नाबालिग लड़की को धक्का देकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र की है, जहां रेलवे ट्रैक पर मिली अज्ञात शव की पहचान बाद में खैरागढ़ निवासी 14 वर्षीय नाबालिग किशोरी देविका वर्मा के रूप में हुई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए उसके बॉयफ्रेंड मोहन वर्मा और उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि मृतका का डोंगरगढ़ निवासी मोहन वर्मा के साथ प्रेम संबंध था। 28 मार्च को वह अपने मामा की शादी में खैरागढ़ आई हुई थी, इसी दौरान वह बिना परिजनों को बताए अपने बॉयफ्रेंड मोहन वर्मा और उसके दो साथियों (हरीश वर्मा और एक नाबालिग) के साथ डोंगरगढ़ जाने के लिए घर से निकली थी।
डोंगरगढ़ पहुंचने के बाद चारों वेनगंगा एक्सप्रेस ट्रेन से कोरबा के लिए रवाना हुए। यात्रा के दौरान किसी बात को लेकर मोहन और नाबालिग किशोरी के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की में बदल गया। इसी दौरान गुस्से में आकर मोहन ने लड़की को चलती ट्रेन से नीचे धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बिलासपुर के रेलवे ट्रैक पर मिला खैरागढ़ की छात्रा का शव, 4 दिन से थी लापता, हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
इधर, 28 मार्च की रात से बेटी के लापता होने पर परिजनों ने काफी खोजबीन की और अगले दिन यानी 29 मार्च को दोपहर करीब 12 बजे ठेलकाडीह थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इस बीच, 30 मार्च सोमवार को बिलासपुर की मस्तूरी थाना पुलिस को ग्राम किसान-परसदा के पास रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात युवती का शव मिलने की सूचना मिली। पहचान नहीं होने पर पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को मॉर्च्यूरी में रखवाया और पहचान के लिए फोटो व वीडियो सोशल मीडिया पर जारी किया।
इस दौरान बिलासपुर पुलिस को जानकारी मिली कि खैरागढ़ की रहने वाली एक नाबालिग 28 मार्च की रात परिजनों को बिना बताए घर से लापता हो गई थी। 31 मार्च को खैरागढ़ पुलिस देविका के परिजनों को लेकर बिलासपुर पहुंची, जहां परिजनों द्वारा पहचान किए जाने के बाद पुष्टि हुई कि शव देविका का ही है।
पुलिस ने बॉयफ्रेंड और उसके दो साथियों को किया गिरफ्तार

खैरागढ़ पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज की और ग्रामीणों से पूछताछ के आधार पर आरोपी बॉयफ्रेंड मोहन वर्मा, उसके साथी हरीश वर्मा और एक नाबालिग को हिरासत में लिया, जिसके बाद पूछताछ में उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों ने बताया कि ट्रेन रविवार सुबह कोरबा पहुंचने वाली थी। इसी दौरान यात्रा के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और मोहन वर्मा ने देविका को ट्रेन से धक्का दे दिया। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H
