Bilaspur News Update : सक्ती। कलेक्टर अमृत विकास तोपनों ने विकासखंड जैजैपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत हसौद में झोलाछाप डॉक्टर के द्वारा इंजेक्शन लगाने से 10 वर्षीय बालक की हुई मृत्यु की घटना के संज्ञान में आते ही तत्काल जांच कमेटी गठित करने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग को दिए है। कलेक्टर तोपनो के निर्देशानुसार मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पूजा अग्रवाल द्वारा गठित जांच कमेटी उक्त मामले की तथ्यात्मक, निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच सुनिश्चत करेगी।

कलेक्टर अमृत विकास तोपनों ने इस दु:खद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि जिला प्रशासन पीड़ित परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है। उन्होंने कहा है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच कर वास्तविक तथ्यों को सामने लाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता में है, ताकि स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सके और इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके। कलेक्टर ने कहा कि लोगों के जीवन से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आगे कहा कि जिला प्रशासन इस प्रकरण को पूरी गंभीरता से देख रहा है तथा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि जांच प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ पूजा अग्रवाल से प्राप्त जानकारी अनुसार मामले की जांच के लिए गठित समिति में जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अधिकारी डॉ. पी. सिंह कंवर, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. आर.के. राज, जिला नोडल अधिकारी नर्सिंग होम एक्ट डॉ. सुदर्शन भारद्वाज, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. उमाशंकर साहू तथा सहायक ग्रेड-03 धनश्याम सुमन को शामिल किया गया है। समिति को निर्देशित किया गया है कि वह पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर अपनी जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करे। सीएमएचओ डॉ. पूजा अग्रवाल ने बताया कि जांच के दौरान घटना से जुड़े सभी पहलुओं, उपचार प्रक्रिया, संबंधित परिस्थितियों तथा उपलब्ध तथ्यों का समग्र रूप से परीक्षण किया जाएगा। समिति द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

नाबालिग बच्चों को कोल्डड्रिंक में शराब पिलाने वाला आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर। तीन मार्च को कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम सुकली में होली उत्सव के दौरान शाम साढ़े सात बजे सोनू दरवेश अपने घर के सामने साउंड बॉक्स लगाकर डांस कर रहा था। इस दौरान तीन नाबालिग बच्चे भी डांस करने आ गए। सोनी दरवेश ने डांस कर रहे बच्चों को घर से कोलड्रिंक की बोतल में शराब मिलाकर लाकर दबावपूर्वक पिला दिया। नशा होने के कारण बच्चे उल्टी करने लगे। उन्हें जिला अस्पताल लाकर भर्ती करवाया गया।

मामले की शिकायत मिलने पर कोतवाली थाने में अपराध पंजीबद्ध किया गया। एसपी विजय पांडे के निर्देश पर टीआई जेपी गुप्ता ने एक टीम ग्राम सुकली की ओर रवाना किया। आरोपी को उसके घर के पास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध घटित करना स्वीकार किया। जिसके बाद आरोपी के कब्जे से शराब की बोतल और डिस्पोजल गिलास जप्त किया गया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया गया है।

बिलासपुर प्रवास के दौरान रतनपुर महामाया मंदिर दर्शन करने पहुंचे राज्यपाल

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रामेन डेका अपने प्रवास के दौरान बिलासपुर पहुंचे। यहां उन्होंने कोटा विकासखंड के शिवतराई गांव का दौरा कर बैगा और बिरहोर जनजाति के लोगों से मुलाकात की। इस दौरान राज्यपाल ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी पारंपरिक जीवनशैली, संस्कृति और उन्हें मिल रही शासकीय योजनाओं के लाभ के बारे में जानकारी ली।

गांव में मौजूद आर्चरी खिलाड़ियों से मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने उनका उत्साह बढ़ाया और प्रत्येक खिलाड़ी को 5-5 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने खिलाड़ियों को रायपुर स्थित लोकभवन आने का निमंत्रण भी दिया।

राज्यपाल ने स्वसहायता समूह से जुड़ी महिलाओं के कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि बैगा और बिरहोर समाज की समृद्ध परंपरा और संस्कृति उनकी पहचान है, इसलिए इसे सहेजकर रखना बेहद जरूरी है।

उन्होंने यह भी कहा कि जनजातीय समुदाय के लोगों को बांस से बने उत्पाद और पारंपरिक आभूषण बनाने के लिए प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि उन्हें स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।

अपने प्रवास के दौरान राज्यपाल रामेन डेका रतनपुर भी पहुंचे, जहां उन्होंने मां महामाया मंदिर में दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। राज्यपाल ने इस दौरान मीडिया से बात करते हुए कहा कि उन्होंने मां महामाया के दर्शन किए हैं,जिससे उन्हें परम शांति मिली है। उन्होंने देश और प्रदेशवासियों के सुख समृद्धि की कामना की है। राज्यपाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ अभी प्रगति के पथ पर है। मां महामाया की कृपा से छत्तीसगढ़ और भी अधिक प्रगति करेगा।

मंदिर परिसर में राज्यपाल का मंदिर समिति के पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं ने आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष लवकुश कश्यप,दुर्गा कश्यप,ज्वाला कौशिक, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह,एसडीएम नितिन तिवारी,एसडीओपी,नूपुर उपाध्याय, टीआई, निलेश पांडे,संतोष शुक्ला,,महामाया मंदिर ट्रस्ट के उपाध्यक्ष सतीश शर्मा,शैलेन्द्र जायसवाल,ओमप्रकाश तम्बोली , ट्रस्टी के द्वारा स्वागत किया गया सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी, श्मोहित जायसवाल एवं समिति के पदाधिकारी मौजूद थे।

डीजल चोरी और लूट करने वाले गिरोह को पुलिस ने किया गिरफ्तार

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर थाना तमनार पुलिस ने हाईवा वाहनों से डीजल चोरी कर चालक से मारपीट कर नगदी लूटने वाले गिरोह पर त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन, करीब 170 लीटर डीजल, नगदी 500 रुपये तथा अपराध में प्रयुक्त लोहे का रॉड, डंडा और पाइप जप्त किया है।
घटना के संबंध में हाईवा चालक मुकेश यादव पिता खुथ्थू यादव उम्र 33 वर्ष निवासी ग्राम धनवाही थाना इंदवार जिला उमरिया (म.प्र.) ने दिनांक 03 मार्च को थाना तमनार में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह वर्तमान में भालूमुड़ा रेलवे साइडिंग में हाईवा चालक का कार्य करता है। दिनांक 02 मार्च की रात वह अपने हाईवा क्रमांक CG 10 BK 9082 को भालूमुड़ा रेलवे साइडिंग में खड़ा कर वाहन में ही सोया हुआ था। साइडिंग में अन्य पांच हाईवा भी खड़े थे, जिनके चालक होली मनाने अपने-अपने घर चले गए थे। रात करीब 3.00 से 3.30 बजे के बीच उसे वाहन से आवाज सुनाई दी, जिस पर नीचे उतरकर देखने पर तीन अज्ञात व्यक्ति उसके हाईवा से डीजल चोरी करते मिले। चालक के चिल्लाने पर आरोपी डीजल का डिब्बा लेकर भागने लगे, लेकिन कुछ दूरी पर जाकर दो आरोपी वापस आए और मोबाइल व पैसे की मांग करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने डंडे से मारपीट कर चालक की जेब में रखे 200 और 100 रुपये के कुल 500 रुपये लूट लिए तथा वहां खड़े अन्य हाईवा वाहनों से भी डीजल चोरी करने लगे। भयवश चालक वहां से भागकर मोबाइल के माध्यम से वाहन मालिक को घटना की जानकारी दी। आरोपियों द्वारा लगभग 175 लीटर डीजल चोरी कर सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन से सराईडीपा की ओर भागने की जानकारी दी गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 16,500 रुपये बताई गई।

गिरफ्तार आरोपियों में (1) कैलाश दास मंहत पिता स्व. पुनीदास मंहत उम्र 30 वर्ष (2) गोविन्द सिदार पिता स्व. महेत्तर सिदार उम्र 24 वर्ष (3) सुनील यादव पिता मेघनाथ यादव उम्र 28 वर्ष तीनों निवासी ग्राम चितवाही थाना तमनार जिला रायगढ़ शामिल हैं। तीनों आरोपियों को लूट के अपराध में विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

निरीक्षक समेत 143 पुलिसकर्मियों का हुआ तबादला

सक्ती। सक्ती पुलिस अधीक्षक ने पुलिसिंग में कसावट के लिए बड़े पैमाने पर जिले में फेरबदल किया है। एक निरीक्षक, चार उप निरीक्षक, दस एएसआई समेत कुल 143 पुलिसकर्मियों के तबादला आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश के तहत सायबर सेल के प्रभारी अमित सिंह को रक्षित केंद्र भेजा गया है। उनकी जगह डभरा थाना के उप निरीक्षक चंद्रप्रकाश कंवर को साइबर सेल का प्रभारी बनाया गया है। थाना प्रभारी जैजैपुर उप निरीक्षक गोविंद राम राजपूत को हटा कर रक्षित केंद्र में संलग्न किया गया है। भूपेंद्र सिंह चंद्रा थाना सक्ती को वहां से हटाकर थाना प्रभारी जैजैपुर बनाया गया है।