Bilaspur News Update : बिलासपुर. रायपुर से लखनऊ जा रही गरीब रथ एक्सप्रेस अमलई और बुढ़ार रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे लाइन पर रखे पत्थर की वजह से दुर्घटनाग्रस्त होने से बची. सीसीटीवी कैमरे की मदद से तीन नाबालिगों को पत्थर रखने के आरोप में पकड़ा गया. उन्होंने बताया कि वे पटरी पर खेल रहे थे, इसी बीच एक व्यक्ति को अपनी ओर आता देख पत्थर को पटरी पर रखकर भाग गए थे. ट्रेन को 25 मिनट वहां पर रोकना पड़ा. लोको पायलट की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया.

रायपुर–लखनऊ गरीब रथ एक्सप्रेस 7 अप्रैल को अपनी पूरी गति से शहडोल की ओर जा रही थी. अमलई और बुढ़ार रेलवे स्टेशन के बीच किलोमीटर नंबर-883/21-31 पर लोको पायलट को पटरी पर पत्थर रखे नजर आए. सतर्कता बरतते हुए उन्होंने शाम 17.20 बजे ट्रेन रोकी और इसकी सूचना दी. 25 मिनट तक ट्रेन वहीं खड़ी रही. पत्थर हटाने और पटरी की जांच करने के बाद ट्रेन को आगे बढ़ाया गया. इसकी सूचना मिलते ही अनूपपुर आरपीएफ पोस्ट के निरीक्षक ने अपने मातहत सहायक उप निरीक्षण एवं गुप्तचर शाखा के उपनिरीक्षक कुलदीप सिंह व अन्य को लेकर संयुक्त जांच टीम बनाई और मौके पर पहुंचने के बाद आसपास के सीसीटीवी कैमरों को देखा. फुटेज और स्थानीय लोगों की मदद से तीन नाबालिगों को पकड़ा गया. सभी अमलई के रहने वाले हैं. पकड़े जाने के बाद तीनों किशोर ने बताया कि वे पटरी पर पत्थर रखकर खेल रहे थे उसी समय एक व्यक्ति को अपनी तरफ आते देखा पत्थरों को वैसे ही छोड़कर भाग गए. आरपीएफ ने तीनों के विरुद्ध धारा 153 एवं 174 /सी रेलवे अधिनियम दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है. तीनों अपचारी बालकों को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के प्रावधानों के तहत नोटिस देकर उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया.
दोस्त की पत्नी से छेड़छाड़, आरक्षक के खिलाफ एफआईआर दर्ज
कोरबा. पुलिस के आला अधिकारी आमजनता के बीच विभाग की छबि सुधारने लगातार प्रयास कर रहे हैं. इसके विपरीत कुछ पुलिस कर्मियों की घिनौने कृत्य से खाकी में दाग लग रही है. ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरक्षक पर उसके ही दोस्त की पत्नी ने छेड़छाड़ के आरोप लगाए हैं. मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरक्षक के खिलाफ जुर्म दर्ज कर विवेचना में लिया है.
बताया जा रहा है कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पीड़िता निवास करती है. उसके पति की दोस्ती बांगो थाने में पदस्थ आरक्षक डीएन त्रिपाठी से थी. उसका दोस्त के घर आना जाना था. जिससे उसकी पहचान दोस्त की पत्नी से हो गई थी. आरक्षक की दोस्त की पत्नी पर बुरी नियत थी. वह मौका मिलते ही विवाहिता से अनुचित व्यवहार करता था. उसकी हरकत पर पीड़िता ने आपत्ती भी जताई, लेकिन आरक्षक अपनी हरकतों से बाज नही आ रहा था. उससे पीड़िता तंग आ चुकी थी. आखिरकार उसने सिविल लाइन थाना पहुंचकर मामले की शिकायत कर दी. जैसे ही आरक्षक पर उसके दोस्त की पत्नी द्वारा छेड़छाड़ का आरोप लगाए जाने की खबर मिली, पुलिस महकमें में हड़कंप मच गया. मामला संज्ञान में आने पर अफसरों ने विधिवत कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए. अफसरों के निर्देश पर थाने में आरक्षक के खिलाफ छेड़छाड़ का प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया गया. गौरतलब है कि पुलिस के आला अधिकारी आमजनता के बीच विभाग की छबि सुधारने में लगे हुए हैं. अफसरों के निर्देश पर थाना चौकी पुलिस आमलोगों के बीच पहुंच रही है. उनकी समस्या से रूबरू होते हुए निराकरण का प्रयास किया जा रहा है. इन तमाम कोशिशों के बीच कुछ पुलिस कर्मियो के कारण विभाग की छबि भी धूमिल हो रही है. बहरहाल मामले में पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है.
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के लिए आवेदन 15 अप्रैल तक
मुंगेली. जिले में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की कन्याओं के विवाह को गरिमापूर्ण एवं सरल बनाने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं. इच्छुक एवं पात्र परिवार 15 अप्रैल 2026 तक निर्धारित प्रपत्र में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं. जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती संजुला शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहयोग प्रदान कर कन्याओं के विवाह को सहज एवं सम्मानजनक बनाना है. योजना के अंतर्गत शासन द्वारा 35 हजार रूपए की सहायता राशि के साथ आवश्यक सामग्री भी प्रदान की जाती है, जिससे विवाह बिना आर्थिक बोझ के संपन्न हो सके.
डीपीओ ने बताया कि योजना का लाभ प्राप्त करने हेतु कन्या की न्यूनतम आयु 18 वर्ष तथा वर की आयु 21 वर्ष होना अनिवार्य है. सभी विवाह शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही संपन्न कराए जाएंगे. आवेदन के साथ आधार कार्ड, जन्मतिथि प्रमाण पत्र, छत्तीसगढ़ का निवास प्रमाण पत्र, अविवाहित प्रमाण पत्र, बीपीएल/आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र एवं पासपोर्ट साइज फोटो संलग्न करना अनिवार्य होगा. अधिक जानकारी एवं आवेदन पत्र के लिए संबंधित हितग्राही अपने नजदीकी महिला एवं बाल विकास विभाग कार्यालय, एकीकृत बाल विकास (आईसीडीएस) परियोजना कार्यालय, पर्यवेक्षक अथवा आंगनबाड़ी केंद्र से संपर्क कर सकते हैं.
नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म कर बनाया गर्भवती, आरोपी गिरफ्तार
जीपीएम. जीपीएम जिले के मरवाही थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. पुलिस ने एक 13 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म करने और उसे गर्भवती करने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गए आरोपी की पहचान मंगल सिंह यादव के रूप में हुई है. पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी मंगल सिंह यादव ने कक्षा 8वीं में पढ़ने वाली नाबालिग पीड़िता को अपने जाल में फंसाया और बहला-फुसलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए. इतना ही नहीं, आरोपी ने मासूम को जुबान खोलने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी. इस डर के कारण छात्रा लंबे समय तक खामोश रही और किसी को कुछ नहीं बताया. परिजनों की शिकायत पर आरोपी के विरुद्ध पॉक्सो और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. मामले का खुलासा तब हुआ जब अचानक छात्रा की तबीयत बिगड़ी. परिजनों द्वारा जांच कराए जाने पर उसके गर्भवती होने की बात सामने आई. परिजनों की शिकायत पर मरवाही पुलिस ने तत्काल कदम उठाते हुए आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, एट्रोसिटी एक्ट और भारतीय दंड संहिता की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया.
एयर प्रेशर लीकेज से उसलापुर में एक घंटे रुकी रही उत्कल एक्सप्रेस
बिलासपुर. ऋषिकेश–पुरी कलिंग उत्कल एक्सप्रेस दोपहर 12.30 बजे उसलापुर रेलवे स्टेशन पर रुकी. निर्धारित समय से तीन घंटे विलंब से छूटने के बाद रेड सिग्नल पर रुकी ट्रेन ग्रीन सिग्नल मिलने पर चलने लगी. चलते ही ट्रेन का एयरप्रेशर लीकेज हो गया और ट्रेन रुक गई. चूंकि यह एलएचबी कोच है इसलिए एयर लीकेज जल्दी से पता नहीं चलता है. आरपीएफ को चेन पुलिंग होने का अंदेशा हुआ, लेकिन छानबीन के बाद भी कोई यात्री ट्रेन से नीचे उतरने वाला नहीं मिला. इसके बाद टेक्निकल टीम ने एयरप्रेशर का पता लगाकर उसे ठीक किया. इसमें लगभग एक घंटे लग गया. दोपहर 12.30 बजे उसलापुर पहुंची उत्कल एक्सप्रेस वहां से 1.30 बजे बिलासपुर के लिए रवाना हुई. बिलासपुर पहुंचते-पहुंचते ट्रेन और लेट हो गई. उसलापुर से बिलासपुर के बीच आउटर पर ट्रेन फिर से रुकी रही.
मारपीट और चाकूबाजी करने वाले को पांच साल कैद
कोरबा. किसी मजदूर को लेकर उपजे विवाद पर एक युवक ने दूसरे से मारपीट कर दी. उसने अपने पास रखे धारदार हथियार से हमला कर दिया. घटना में युवक को गंभीर चोटें आई. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की थी. मामले में दोषसिद्ध होने पर दोषी को पांच साल सश्रम कारावास व अर्थदंड से दंडित किया है. यह फैसला तृतीय अपर सत्र न्यायालय के न्यायाधीश ने दिया है.
न्यायालयीन सूत्रों के मुताबिक सिविल लाइन रामपुर थानांतर्गत पोंड़ीबहार में मोहित विश्वकर्मा निवास करता है. वह 31 मार्च 2025 की रात करीब 9 बजे पोंड़ीबहार चौक में खड़ा था. इसी दौरान राजकुमार सिंह उर्फ राजा पहुंचा. उसने रवि कोरवा नामक मजदूर को लेकर मोहित से विवाद शुरू कर दिया. वह गाली गलौच करते हुए मारपीट करने लगा. इस दौरान उसने अपने पास रखे चाकू से मोहित पर हमला कर दिया. शोर शराबा सुनकर पहुंचे कुछ लोगों ने बीचबचाव कर मामले को शांत कराया. घटना में मोहित के बाएं हाथ व सीने में चोटें आई. उसने थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज करा दी. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जुर्म दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई पूरी की. मामले की सुनवाई तृतीय अपर सत्र न्यायाधीश सुनील कुमार नंदे के न्यायालय में चल रही थी. मामले में शासन की ओर से अतिरिक्त शासकीय अभिभाषक कृष्ण कुमार द्विवेदी व विशेष लोक अभियोजक टीकम साव ने पैरवी की. उन्होंने सुनवाई के दौरान आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य व सबूत पेश कर दिया, जिससे आरोप सिद्ध हो गया. कोर्ट ने दोषी को पांच व तीन साल कारावास तथा अर्थदंड से दंडित किया है. अर्थदंड अदा नही करने पर दोषी को अतिरिक्त कारावास भुगतनी होगी.
चोरों ने गाड़ियों का डिक्की से उड़ाए पैसे, जांच में जुटी पुलिस
रायगढ़. जिले में मोटरसाइकिल की डिक्की को निशाना बनाकर चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं में लोगों की चिंता बढ़ा दी है. दोनों मामलों में पीड़ित बैंक से पैसे निकालकर लौटे ही थे कि चोरों ने मौका पाकर नगदी और जरूरी दस्तावेज पार कर दिए. कुल मिलाकर करीब 90 हजार रुपये पार कर दिया. पहली घटना लैलूंगा क्षेत्र की है, जहां एक व्यक्ति बैंक से 50 हजार रुपये निकालकर डिक्की में रखकर बस स्टैंड के पास रुका था. थोड़ी देर में ही चोरों ने डिक्की तोड़कर रकम और पासबुक गायब कर दी. दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है. वहीं दूसरी घटना घरघोड़ा इलाके में सामने आई, जहां एक ग्रामीण बैंक से 40 हजार रुपये निकालकर खाद खरीदने गया था. बाइक खड़ी कर जैसे ही वह दुकान की ओर बढ़ा, वापस आने पर डिक्की खुली मिली और अंदर रखा कैश व पासबुक चोरी हो चुके थे. दोनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं. लगातार हो रही ऐसी घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और बड़ी रकम लेकर चलने के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें

