Bilaspur News Update : बिलासपुर। एलपीजी आपूर्ति को लेकर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने खाद्य विभाग के अधिकारियों और गैस वितरक संचालकों की बैठक ली। कलेक्टर ने कहा कि वितरण व्यवस्था की निगरानी स्वयं एजेंसी संचालक करें और इसे सिर्फ कर्मचारियों के भरोसे न छोड़ें। कलेक्टर के आदेश के बाद शाम को ही विभाग की टीम जांच करने निकली। सीपत चौक स्थित महामाया गैस चूल्हा मिक्सी रिपेयर दुकान में घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण कर उन्हें अधिक कीमत पर बेचने की सूचना पर खाद्य विभाग की टीम ने छापा मारा। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों को पता चला कि संचालक ने केवल दुकान ही नहीं, बल्कि आसपास की अन्य जगहों का भी इस्तेमाल सिलेंडर छिपाने के लिए किया था। मुख्य दुकान के पास एक बंद शटर वाली दुकान से 33 खाली सिलेंडर बरामद किए गए। वहीं दुकानदार द्वारा संचालित एक हॉस्टल परिसर की तलाशी लेने पर वहां से 39 सिलेंडर मिले। जब्त किए गए कुल सिलेंडरों में 3 व्यावसायिक (कमर्शियल) सिलेंडर भी शामिल हैं। जांच के दौरान दुकान संचालक के पास सिलेंडरों के भंडारण से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले।

ट्रांसफार्मर में आग और जम्पर कटने से कई इलाकों में बिजली गुल
बिलासपुर। बुधवार को शहर के कई हिस्सों में बिजली व्यवस्था प्रभावित रही। दोपहर में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने लगे ट्रांसफार्मर के जंक्शन बॉक्स में आग लगने से आसपास के क्षेत्र की बिजली आपूर्ति एहतियातन बंद करनी पड़ी। सूचना पर बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के बाद मरम्मत का काम शुरू किया। वहीं रिंग रोड क्षेत्र में तकनीकी खराबी के कारण शाम करीब 7 बजे से 8:30 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। बताया गया कि ट्रांसफार्मर का जम्पर कट जाने से सप्लाई बंद हो गई थी, जिसे बाद में बहाल किया गया। इसके अलावा बहतराई रोड स्थित गीतालंजि सिटी-2 में भी सुबह 4 बजे से 7 बजे तक बिजली बंद रही। बताया गया कि बिजली बंद रहने से पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हुई, क्योंकि अधिकांश घरों में मोटर के जरिए पानी की सप्लाई होती थी है।
कलेक्टर ने किया जिले में स्थानीय अवकाश घोषित
मुंगेली। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कैलेण्डर वर्ष 2026 के लिए जिले में स्थानीय अवकाश घोषित किया है। उन्होंने आदेश जारी कर 14 सितम्बर 2026 सोमवार को गणेश चतुर्थी, 19 अक्टूबर 2026 सोमवार को दशहरा (महाअष्टमी) तथा 10 दिसम्बर 2026 गुरूवार को शहीद वीरनारायण सिंह बलिदान दिवस पर स्थानीय अवकाश घोषित किया है। जारी आदेश के अनुसार उक्त तिथियों में कोषालय/उपकोषालय खुले रहेंगे।
शराब पीने से रोकने पर बेटे ने मां पर टांगी से किया जानलेवा हमला
जांजगीर। नवागढ़ थाना क्षेत्र में शराब पीने से रोकने की बात को लेकर बेटे द्वारा अपनी ही मां पर टांगी से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। नवागढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
11 मार्च 2026 को सुबह आरोपी दयाशंकर कश्यप का अपनी मां से विवाद हो गया था। उसकी मां उसे बार-बार शराब पीने से मना करती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिस पर गुस्से में आकर दयाशंकर कश्यप ने टांगी से अपनी मां के गले पर प्राणघातक हमला कर दिया, जिससे काफी खून निकला, घटना की सूचना पर थाना नवागढ़ पुलिस ने अपराध क्रमांक 91/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया।
नवागढ़ थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दयाशंकर को पकड़ा जिसको हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर जुर्म स्वीकार किए जाने से विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पिस्टल दिखाकर लूट की खबर से मचा हड़कंप, आरोपी पकड़े गए तो निकली SSP की मॉकड्रिल
बिलासपुर। शहर के मिनोचा कॉलोनी में पिस्टल दिखाकर दो लोगों द्वारा लूट की सूचना मिलने पर बुधवार शाम थानों में हड़कंप मच गया। पुलिस टीमों ने सभी प्रमुख चेकिंग प्वाइंट पर जांच शुरू की। हालांकि थानों को इसमें 15 से 25 मिनट लग गए। पुलिस बल संदिग्धों की जांच में जुट गई। आरोपी काफी देर बाद शहर के आउटर में पकड़े गए।
बुधवार शाम कंट्रोल रूम से सूचना दी गई कि मिनोचा कॉलोनी में दो बाइक सवार लूट की वारदात को अंजाम देकर भाग गए हैं। इस सूचना के बाद संबंधित थाना के अलावा सभी प्रमुख प्वाइंट पर चेकिंग प्वाइंट लगाने के निर्देश दिए गए। वहीं, एक-एक टीम घटना स्थल के लिए रवाना हुई। कुछ 15 तो कुछ थाने की टीम को पहुंचने में 25 मिनट लग गए। तब तक आरोपी कई प्रमुख पांइट से बचकर काफी दूर निकल चुका था। आरोपी बहतराई के नजदीक पकड़े गए। तब पता चला कि एसएसपी अपनी टीम की मुस्तैदी परखने के लिए मॉकड्रिल कर रहे थे। एसएसपी पुलिस की रिस्पांस टाइमिंग से काफी नाराज हुए। उन्होंने अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सुधार के निर्देश दिए हैं। ताकि इस तरह की घटनाओं के बाद आरोपी भागने में कामयाब न हो सके।
एसएसपी ने पाया कि थानों से बल निकलने और चेकिंग प्वाइंट लगाने में 10 से 15 मिनट का समय लग गया, जो इस तरह की वारदातों में रिस्पांस के लिहाज से सही नहीं है। समय में सुधार के अलावा एसएसपी ने सभी थाना अधिकारियों और थाना प्रभारियों को कई बिंदुओं पर सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने सभी को हर समय अलर्ट रहने के निर्देश भी दिए।
पहली मॉकड्रिल में प्रदर्शन शानदार था
करीब डेढ़ साल पहले भी एसएसपी ने इसी तरह लूट की वारदात का पाइंट कंट्रोल रूम से चलाया था। दोपहर में सभी थानों की टीम तत्काल आरोपी के हुलिए के आधार पर नाकेबंदी कर तलाश में जुट गई थी। सिविल लाइन की टीम ने घटना के कुछ मिनट बाद उसी हुलिए के दो बाइक सवारों को राजीव गांधी चौक पर पकड़ लिया था। हालांकि पुलिस से कई चूक हुईं, जिससे आरोपी भागने में कामयाब रहे।
130 पुलिसकर्मियों का तबादला
बिलासपुर। शहर की कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने और प्रशासनिक कसावट लाने एसएसपी रजनेश सिंह ने बुधवार को पुलिस विभाग में बड़ी सर्जरी की है। इसमें तीन उपनिरीक्षक समेत जिले के विभिन्न थानों में पदस्थ कुल 130 पुलिस अधिकारी और जवानों के तबादले किए गए हैं। आदेश के अनुसार, कोतवाली थाने में पदस्थ एसआई सीता साहू को पुलिस लाइन में अटैच कर दिया गया है। वहीं, सरकंडा थाने के एसआई जयमंगल प्रसाद निषाद अब कोतवाली की कमान संभालेंगे, जबकि कोतवाली से बसंत कुमार साहू को सरकंडा थाना भेजा गया है। तबादला सूची में केवल एसआई ही नहीं, बल्कि बड़ी संख्या में सहायक उपनिरीक्षक भी शामिल हैं। संतोष पात्रे, ओमप्रकाश परिहार, प्रदीप यादव और देवेंद्र तिवारी समेत 10 एएसआई को भी अलग-अलग थानों में नई पदस्थापना दी गई है। वहीं एसीसीयू से आरक्षक तदबीर पोर्ते को लाइन भेजा गया है। एसएसपी कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि यह रूटीन प्रक्रिया का हिस्सा है ताकि फील्ड स्तर पर पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। सभी स्थानांतरित कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से नए पदभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर कार्रवाई, 11 वाहन जब्त
सक्ती। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशन एवं खनिज अधिकारी के. के. बजारे के मार्गदर्शन में खनिज विभाग के उड़नदस्ता दल द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में खनि निरीक्षक टुमेश ध्रुव एवं खनिज विभाग उड़नदस्ता दल द्वारा जिले के अलग-अलग स्थानों में जांच कर अवैध खनिज परिवहन के मामलों में कार्रवाई की। खनिज विभाग जिला सक्ती से प्राप्त जानकारी अनुसार ग्राम जैजैपुर में ईंट के अवैध परिवहन के 4 प्रकरण, हसौद में रेत के अवैध परिवहन के 2 प्रकरण, बिर्रा में ईंट के अवैध परिवहन का 1 प्रकरण, रेत का 1 प्रकरण तथा बोल्डर का 1 प्रकरण और बाराद्वार में अवैध रेत परिवहन के 2 प्रकरण दर्ज किए गए। इन सभी मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 11 वाहनों को जब्त किया गया है। जब्त वाहनों को संबंधित थाना जैजैपुर, हसौद, बिर्रा तथा बाराद्वार में सुरक्षार्थ रखा गया है।
अवैध उत्खनन एवं परिवहन के इन प्रकरणों में छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 तथा खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशन में जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध खनिज अमले द्वारा लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है।
तेज रफ्तार ट्रेलर घर और किराने की दुकान में घुसा, मलबे में दबने से युवक और बुजुर्ग घायल
बिलासपुर। सीपत के देवतला मोड़ पर मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर दो मकानों में जा घुसा। हादसा सुबह करीब 7:30 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेलर की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह पहले हीरा बाई सूर्यवंशी के ईंटों के मकान को तोड़ते हुए सीधे मीरा अग्रवाल के घर और दुकान की दीवार तोड़कर अंदर घुस गया। हादसे के समय मीरा अग्रवाल का बेटा शिवम घर के बाहर ऑटो साफ कर रहा था। मलबे की चपेट में आने से वह घायल हो गया। वहीं पड़ोसी हीरा बाई के पैर में भी गंभीर चोट आई है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दुकान में रखा राशन और घर के बर्तन-कपड़े मलबे में तब्दील हो गए। पीड़ित परिवार ने शिकायत में 15 लाख रुपए से अधिक के नुकसान की बात कही है। वाहन संजय अग्रवाल का बताया जा रहा है और इसका प्रबंधन निखिल अग्रवाल देखते हैं। फिलहाल पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता मीरा अग्रवाल ने बताया कि उनके परिवार की आजीविका का एकमात्र साधन किराना दुकान थी, जो इस घटना में पूरी तरह बर्बाद हो गई। दुकान में रखा पूरा सामान भी नष्ट हो गया।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

