Bilaspur News Update : सक्ती। थाना मालखरौदा क्षेत्र में 9 साल की नाबालिक बच्ची के साथ दुराचार करने वाले आरोपी को मात्र 6 माह के भीतर ही जांच के साथ ट्रायल पूरा करने के बाद आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। प्रार्थिया पीड़िता की मां थाना मालखरौदा आकर लिखित शिकायत रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह रोजी मजदूरी का काम अपने पति के साथ करती है। 12 सितंबर के सुबह 11.00 बजे अपनी पुत्री को नहला रही थी, तब उसकी पुत्री उसे बतायी कि 11 सितंबर के शाम करीबन 8.30 बजे बड़े पापा डहसराम सोनवानी के यहां खेल रही थी। उसी समय गांव का रहने वाला दूजराम सोनवानी चल तेरे घर छोड़ देता हूँ कहकर उसकी बेटी पीडिता को ले जाकर कमरे में जबरदस्ती मुंह दबाकर अण्डरवियर उतारकर गंदा काम किया है. फिर जब वह उसकी बेटी पीड़िता का चड्डी उतार कर देखी तो उसकी नाबालिग बेटी पीड़िता के गुप्तांग से खून बह रहा था तब वह अपने पति को पूरी बात बतायी उसके पति गांव के मुख्य व्यक्ति को घटना की सारी बात बताकर रिपोर्ट दर्ज कराये। प्रार्थिया पीडिता की मां की रिपोर्ट पर थाना मालखरौदा मे आरोपी दूजराम सोनवानी उर्फ गुड्डू सोनवानी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 208/2025 अतर्गत धारा 137 (2), 127(2), 65 (1) बीएनएस एवं धारा 6 पाक्सो एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

विवेचना के दौरान अभियोत्री का महिला पुलिस अधिकारी से एवं जे.एम.एफ.सी. सक्ती के न्यायालय से कराया गया। प्रार्थिया एवं पीडिता से पूछताछ कर कथन लिया गया जिन्होने अपने कथन मे उक्त घटना को आरोपी के द्वारा कारित करना बतायी है आरोपी दूजराम सोनवानी को तलब कर पूछताछ करने पर अपराध घटित करना स्वीकार किया। पीडिता एवं उसके अभिभावक की सहमति पश्चात पीड़िता की विधिवत महिला चिकित्सक से शारीरिक परीक्षण करवाया गया। आरोपी का डॉक्टर द्वारा मेडिकल परीक्षण कराया गया जिसमें डाक्टर द्वारा आरोपी का शारीरिक परीक्षण रिपोर्ट से सभोग करने में सक्षम होना लेख किया गया है। आरोपी दूजराम सोनवानी द्वारा अपराध करना पाये जाने से आरोपी को 13 सितंबर को विधिवत गिरफ्तार कर गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजन को दी गयी। विवेचना पूर्ण होने पर आरोपी के विरुद्ध अभियोग पत्र क्रमांक 207 / 2025 तैयार कर न्यायालय में देश किया गया। माननीय अपर सत्र न्यायाधीश (एफ.टी.सी.) सक्ती श्रीमती गंगा पटेल ने आरोपी दुजराम सोनवानी पिता स्व दुलारसाय सोनवानी उम्र 46 वर्ष निवासी पिरदा थाना मालखरौदा जिला सक्ती छ.ग. को उम्र कैद की सजा एवं 13000 रू. अर्थदण्ड से दंडित किया।

दूल्हे के दोस्त ने की छेड़छाड़, व्यथित नाबालिग ने लगा ली फांसी

कोरबा। जिले में छेड़छाड़ से आहत होकर खुदकुशी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतिका पिता के साथ रिश्तेदार के घर विवाह कार्यक्रम में शामिल होने पहुंची थी। वह पानी के लिए गई थी, इसी दौरान दूल्हे के दोस्त की बुरी नजर उस पर पड़ गई। वह अपने मंसूबे में कामयाब होता, इससे पहले ही रोने की आवाज सुनकर पिता मौके पर जा पहुंचा। उसे देखते ही आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल दाखिल करा दिया है। जिले के सरहदी पुलिस चौकी कोरबी के अंतर्गत ग्राम बाबूपारा में ललित उईके निवास करता है। उसने अपनी शादी में नाते रिश्तेदारों के अलावा दोस्तों को आमंत्रित किया था। जिसमें शामिल होने क्षेत्र में ही रहने वाला ग्रामीण अपनी नाबालिग बेटी के साथ पहुंचा था। वहीं ग्राम अन्नपूर्णा, थाना प्रेमनगर जिला सूरजपुर से ललित का दोस्त नरेंद्र उइके भी शादी में आया था। नरेंद्र की नियत नाबालिग को देखकर बिगड़ गई थी। वह नाबालिग पर नजर रख रहा था। 8 मार्च की तड़के करीब 4 बजे नाबालिग पानी लेने गई थी। इसी दौरान नरेंद्र भी जा धमका। उसने नाबालिग को जबरिया पकड़कर खींचने लगा। जिससे नाबालिग बुरी तरह घबरा गई। वह बचाव के लिए चिल्लाते हुए रोने लगी। यह आवाज शौच से लौट रहे नाबालिग के पिता को सुनाई दी। वह किसी अनहोनी की आशंका से मौके पर पहुंचा। उसे देखते ही नरेंद्र मौके से भाग निकला।

पिता नाबालिग बेटी के साथ ललित के घर पहुंचा, जहां से सुबह वह बेटी को लेकर घर के लिए रवाना हो गया। वह रास्ते में अपनी बेटी के घर थोड़ी देर रूका हुआ था। इसी बीच नाबालिग बिना बताए कहीं चली गई उसने थोड़ी देर बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली यह खबर मिलते ही पुलिस चौकी प्रभारी सुरेश जोगी – अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने वैधानिक – कार्रवाई उपरांत जांच शुरू कर दी। पुलिस ने जांच उपरांत आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसे कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

बुजुर्ग के घर से सोने-चांदी सहित ढाई लाख की चोर

मुंगेली। गांव में अकेले रहने वाले बुजुर्ग के घर से अज्ञात चोर ने रात में सवा लाख के जेवर एवं एक लाख नगद सहित ढाई लाख की चोरी कर ली सूचना पर पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर पतासाजी की जा रही है। पूर्व में भी प्रार्थी के घर चोरी हो चुकी है। पुलिस अधिकारियो ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जल्द पतासाजी के निर्देश दिये। ठाकुरकापा निवासी 80 वर्षीय हरि प्रसाद भास्कर के बच्चे बाहर काम करते हैं। वह गांव मे अकेले रहते हैं। बीती रात अज्ञात चोर ने ताला तोडकर घर में रखे सोने चांदी के लाकेट पायद आदि जेवर एवं एक लाख रूप्ये नगद पार कर दिया। उसी घर में दूसरी बार चोरी से गांव में दहशत बनी हुई है। पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर चोर की तलाश की जा रही है। चोरी के बाद पेटी आदि सामान बिखेरकर चोर फरार हो गये कुछ सामान घर के बाहर बिखरे हुए मिले । कोतवाली पुलिस इस मामले में जुर्म दर्ज कर जांच कर रही है।

घर में अकेली 12 वर्षीय बालिका से दुष्कर्म, आरोपी पड़ोसी युवक गिरफ्तार

मुंगेली । जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक मासूम बालिका के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पड़ोसी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, प्रार्थी अपनी पत्नी और छोटे बच्चे के साथ रोजगार के लिए गुजरात गया हुआ था। घर पर उसकी 12 वर्षीय पुत्री अकेली रहकर पढ़ाई कर रही थी। 28 फरवरी 2026 की रात करीब 10-11 बजे, जब बालिका बाथरूम से अपने कमरे में लौटी,तो पड़ोसी अरविंद सोनवानी 20 वर्ष वहां पहले से छिपा बैठा था। आरोपी ने पीड़िता के हाथ और मुंह कपड़े से बांधकर जबरन दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। 9 मार्च को बालिका ने फोन पर पिता को अपनी तबीयत खराब होने और असुरक्षा की जानकारी दी। 12 मार्च को पिता के गुजरात से वापस लौटने पर पीड़िता ने आपबीती सुनाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 65, 65(1), 333, 351(3) और पाक्सो एक्ट की धारा 4 के तहत अपराध क्रमांक 40/26 दर्ज किया गया। तकनीकी सहायता और मुखबिरों की सूचना पर आरोपी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। 13 मार्च 2026 को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा, मयंक तिवारी के मार्गदर्शन में निरीक्षक प्रसाद सिन्हा (सायबर सेल प्रभारी), उपनिरीक्षक सतेन्द्रपुरी गोस्वामी (थाना प्रभारी जरहागांव) और उनकी टीम की मुख्य भूमिका रही।

नेवता-तिथि भोज में शामिल होकर कलेक्टर ने बच्चों का बढ़ाया मनोबल

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। प्रधानमंत्री पोषण शक्ति योजना के तहत स्कूली बच्चों को दिए जाने वाले गर्म भोजन को और अधिक पोषक बनाने के लिए प्रारम्भ किए गए नेवता भोज कार्यक्रम का विस्तार करते हुए आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों के लिए भी नेवता-तिथि भोज कार्यक्रम प्रारम्भ किया गया है। इसके तहत आमजनों और संगठनों द्वारा विशेष अवसरों राष्ट्रीय पर्व, त्योहार, जन्मदिन अथवा विवाह वर्षगांठ के मौके पर बच्चों को भोजन करा सकते हैं। पेण्ड्रा विकासखण्ड के आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र कटेलपारा कोटमी में गुरुवार को आयोजित नेवता भोज में कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी और जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे ने शामिल होकर बच्चों का मनोबल बढ़ाया। इस दिन आंगनबाड़ी की कुमारी दिव्य के जन्म दिन पर केक काट कर जन्मोत्सव मनाया गया तथा सभी बच्चों के सुखद भविषय की कामना की गई। नेवता भोज का आयोजन दिव्या की माता मानकुंवर और पिता बीरसिंह के द्वारा किया गया। कार्यक्रम में जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी अमित सिन्हा सहित अन्य विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

जंगल में संचालित जुआ फड़ पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई,13 जुआरी गिरफ्तार

जीपीएम। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, जुआ एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी के सख्त निर्देशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश कुमार मिश्रा के पर्यवेक्षण एवं मार्गदर्शन में जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में सतत निगरानी रखी जा रही है तथा सघन चेकिंग एवं विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है।

इसी क्रम में दिनांक 13 मार्च 2026 को थाना मरवाही क्षेत्र में शांति व्यवस्था ड्यूटी के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम बरौर एवं उषाढ के बीच स्थित जंगल क्षेत्र में कुछ व्यक्ति ताश के पत्तों के माध्यम से रूपये–पैसे का दांव लगाकर “काट पत्ती” नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिसके पश्चात तत्काल पुलिस टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई।

थाना मरवाही पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम द्वारा बताए गए स्थान पर पहुंचकर चारों ओर से घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की गई। पुलिस को देखते ही कुछ जुआरी जंगल एवं खाई का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गए, जबकि मौके पर जुआ खेलते हुए 13 व्यक्तियों को रंगे हाथों पकड़ा गया। पुलिस द्वारा मौके पर आरोपियों के कब्जे से जुआ फड़ में लगी नगदी, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल एवं जुआ खेलने में प्रयुक्त सामग्री जब्त की गई।

गिरफ्तार आरोपी-

नितपाल केवट उर्फ पिंटू, पिता दिगम्बर लाल केवट, उम्र 36 वर्ष, निवासी परासी

दिनेश कुमार केवट, पिता सुंदर लाल केवट, उम्र 42 वर्ष, निवासी रेहुंदा, थाना बिजुरी, जिला अनुपपुर (म.प्र.)

प्रहलाद प्रधान, पिता रेवालाल, उम्र 33 वर्ष, निवासी चनाडोंगरी, थाना मरवाही

धनुषधारी, पिता बालगोविंद, उम्र 45 वर्ष, निवासी बरौर, थाना मरवाही

राजेश गुप्ता, पिता बालमुकुंद, उम्र 30 वर्ष, निवासी बरौर, थाना मरवाही

मोहम्मद सैफ अली, पिता मोहम्मद हुसैन, उम्र 30 वर्ष, निवासी फिल्टर टोला कोतमा, थाना कोतमा, जिला अनुपपुर (म.प्र.)

खेमचंद केवट, पिता धनपत केवट, उम्र 26 वर्ष, निवासी हरी, थाना रामनगर, जिला अनुपपुर (म.प्र.)

भुनेश्वर केवट, पिता लोकनाथ, उम्र 38 वर्ष, निवासी बरौर, थाना मरवाही

फुलेख राम केवट, पिता रामशरण केवट, उम्र 30 वर्ष, निवासी हरीं, थाना रामनगर, जिला अनुपपुर (म.प्र.)

मुकेश कुमार केवट, पिता मोहन प्रसाद, उम्र 51 वर्ष, निवासी आमाडाड, थाना रामनगर, जिला अनुपपुर (म.प्र.)

मोती सिंह, पिता अमर सिंह, उम्र 40 वर्ष, निवासी कटरा, थाना मरवाही

कृष्णा प्रजापति, पिता संतोष प्रजापति, उम्र 26 वर्ष, निवासी कोतमा, जिला अनुपपुर (म.प्र.)

अंकित तिवारी, पिता बिन्दा प्रसाद, उम्र 32 वर्ष, निवासी बिजुरी, जिला अनुपपुर (म.प्र.)

जब्ती का विवरण

नगदी

जुआ फड़ एवं आरोपियों से कुल 30,350/- नगद राशि

मोबाइल फोन

02 नग Vivo कंपनी के स्मार्टफोन

03 नग Oppo कंपनी के स्मार्टफोन

01 नग Poco कंपनी का स्मार्टफोन

01 नग Itel कंपनी का कीपैड मोबाइल

01 नग Samsung कंपनी का कीपैड मोबाइल

कुल कीमत लगभग 27,500/-

वाहन

मौके से कुल 12 मोटरसाइकिल जप्त की गईं, जिनमें वाहनों की कुल अनुमानित कीमत 4,60,500/- आंकी गई है।

अन्य सामग्री

52 पत्ती ताश,जुआ खेलने हेतु उपयोग की दरी/फट्टा कुल जप्ती राशि: 5,18,350/-

पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि नान्हू उर्फ महिपाल सिंह (निवासी ग्राम उषाढ) और बाली उर्फ बालमुकुंद गुप्ता (निवासी ग्राम बरौर) द्वारा जुआ खेलने के लिए स्थान उपलब्ध कराया जाता था तथा खाने-पीने की व्यवस्था, ताश पत्ती एवं हारने वालों को पैसे की व्यवस्था भी कराई जाती थी। पुलिस कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपी जंगल का लाभ उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है।

इंदिरा सेतु पुल पर बेतरतीब बैरिकेड्स बने हादसों की वजह

बिलासपुर। शहर के इंदिरा सेतु पुल पर लगाए गए बैरिकेड्स अब वाहन चालकों के लिए परेशानी और हादसों का कारण बनते जा रहे हैं। पुल के बीच सड़क पर कई जगह बैरिकेड्स बेतरतीब तरीके से रखे हुए हैं, जो खासकर रात के समय वाहन चालकों को साफ दिखाई नहीं देते। इससे आए दिन छोटे-बड़े हादसे होने की स्थिति बन रही है। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का कहना है कि पुल पर यातायात नियंत्रित करने के लिए लगाए गए बैरिकेड्स अक्सर इधर-उधर खिसके हुए रहते हैं। कई बार ये सड़क के बीचोंबीच पड़े रहते हैं, जिससे तेज रफ्तार में आ रहे वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगानी पड़ती है। ऐसे में पीछे से आ रहे वाहन भी टकराने की स्थिति में आ जाते हैं। रात के समय स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है।

पर्याप्त रिफ्लेक्टर व चेतावनी संकेत नहीं

कई बैरिकेड्स पर पर्याप्त रिफ्लेक्टर या चेतावनी संकेत नहीं हैं, जिससे दूर से आते वाहन चालकों को समय रहते इनका अंदाजा नहीं हो पाता। खासकर कार और भारी वाहन चालकों को पुल के बीच में रखे बैरिकेड्स आखिरी समय में दिखाई देते हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और यातायात विभाग से मांग की है कि पुल पर लगे बैरिकेड्स को व्यवस्थित तरीके से लगाया जाए और उन पर रिफ्लेक्टर व चेतावनी संकेत लगाए जाएं, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।