Bilaspur News Update : रायगढ़। जूटमिल थाना क्षेत्र में रहने वाली एक विवाहित महिला के घर में घुसकर छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को महिला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी की पहचान शुभम यादव पिता संतोष कुमार यादव उम्र 27 वर्ष निवासी वार्ड नं. 10 सोसायटी रोड बाराद्वार थाना बाराद्वार जिला सक्ती (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार पीड़िता (29 वर्ष) ने दिनांक 07 मार्च 2026 को महिला थाना में आवेदन देकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि करीब तीन वर्ष पूर्व इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी पहचान शुभम यादव से हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच सोशल मीडिया पर बातचीत होती थी। कुछ समय बाद आरोपी द्वारा इंस्टाग्राम पर अश्लील मैसेज और गाली-गलौज किए जाने के कारण पीड़िता ने उससे बातचीत बंद कर दी थी। इसके बावजूद आरोपी लगातार पीड़िता और उसके घर के मोबाइल नंबर पर फोन कर बात करने के लिए परेशान करता रहा।
रिपोर्ट के अनुसार दिनांक 07 मार्च 2026 को सुबह करीब 11:30 बजे पीड़िता का पति बच्चों को लेने स्कूल गया हुआ था और वह घर में खाना बना रही थी। इसी दौरान दरवाजा खुलने की आवाज सुनकर बाहर निकलने पर देखा कि शुभम यादव घर के हाल में घुस आया था। पीड़िता द्वारा उसे डांटकर बाहर जाने को कहा गया तो आरोपी ने गंदी नीयत से धक्का देकर छेड़छाड़ शुरू कर दी। विरोध करते हुए पीड़िता ने शोर मचाया और अपने पति को फोन करने लगी, जिस पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्का से मारपीट की और वहां से फरार हो गया।
पीड़िता की रिपोर्ट पर महिला थाना रायगढ़ में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जूटमिल और पुलिस लाइन स्टाफ के साथ बाराद्वार में दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया और थाना लाकर पूछताछ की। अपराध घटित करना पाए जाने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
प्रेमी जोड़े को घर में दिया रूम वीडियो बनाकर किया ब्लेकमैल
बिलासपुर। पचपेड़ी क्षेत्र में रहने वाले 33 वर्षीय ड्राइवर और उसकी गर्लफ्रेंड को महिला ने अपने घर पर बुलाया। इसके बाद उन्हें मिलने के लिए रूम दे दिया। कमरे में जब ड्राइवर और उसकी गर्लफ्रेंड मिल रहे थे तभी महिला ने उनका वीडियो बना लिया। अब महिला वीडियो प्रसारित करने की धमकी देकर एक लाख रुपये मांग रही है। पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।
पचपेड़ी क्षेत्र में रहने वाला 33 वर्षीय युवक ड्राइवर है। ड्राइवर ने पुलिस को बताया कि ग्राम धुर्वाकारी में रहने वाली रोशनी खूंटे से उसका परिचय है। महिला ने अपने बेटे के बर्थडे पर एक फरवरी को ड्राइवर और उसकी गर्लफ्रेंड को बुलाया था। शाम को ड्राइवर वहां पहुंचा। उसकी गर्लफ्रेंड पहले से वहां पहुंच गई थी। बेटे से केक कटवाने के बाद महिला ने रिश्तेदारों को घर से बाहर भेज दिया। उसने ड्राइवर और उसकी गर्लफ्रेंड को रूम देकर संबंध बना लो कहा। जब ड्राइवर रूम पर गया तो महिला ने बेड पर धुला हुआ बेडशीट डाल दिया। साथ ही खिड़की में परदे भी लगाए। इसके बाद ड्राइवर ने कमरे में अपनी गर्लफ्रेंड से संबंध बनाया। इसके कुछ देर बाद ड्राइवर और उसकी गर्लफ्रेंड अपने-अपने घर चले गए। बाद में महिला ने ड्राइवर के मोबाइल पर उसकी गर्लफ्रेंड के साथ आपत्तिजनक स्थिति में स्क्रीनशाट भेजकर बताया कि उसने वीडियो बना लिया है। उसने वीडियो प्रसारित करने की धमकी देकर ड्राइवर से एक लाख रुपये की मांग की।
बदनाम करने की दे रही धमकी
अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने के बाद ड्राइवर जैसे ही अपने घर पहुंचा उसके मोबाइल पर स्क्रीनशाट आ गया। इसे देख ड्राइवर सदमे में आ गया। उसने महिला से बात करने की कोशिश की। उस रात महिला ने काल रिसिव नहीं किया। दूसरे दिन ड्राइवर उसके घर पर गया। तब महिला ने एक लाख रुपये नहीं देने पर ड्राइवर और उसकी गर्लफ्रेंड को बदनाम करने की धमकी दी। उसकी धमकियों से ड्राइवर और उसकी गर्लफ्रेंड परेशान हो गए। आखिरकार युवक ने पूरे मामले की शिकायत पचपेड़ी थाने में की। शिकायत पर पुलिस ने अवैध उगाही का मामला दर्ज कर लिया है।
219 नग गुम मोबाइल को पुलिस ने किया मालिकों के सुपुर्द
जांजगीर। पुलिस अधीक्षक विजय पांडे के निर्देशन में जिले में गुम मोबाइल की खोजबीन हेतु साइबर टीम गठित की गई। गठित टीम द्वारा एडिशनल एसपी उमेश कश्यप और सीएसपी योगिता बाली खापर्डे के नेतृत्व में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान साइबर टीम द्वारा तकनीकी विश्लेषण कर वर्तमान में चला रहे मोबाइल धारकों को गुम या चोरी के मोबाइल के उनके द्वारा उपयोग किए जाने की जानकारी देकर उन्हें साइबर सेल जांजगीर-चांपा में जमा करने के लिए कहा जाता था। जिस पर कई मोबाइल धारकों द्वारा मोबाइल बंद कर दिया जाता था। इसके बाद साइबर टीम द्वारा अन्य राज्यों की पुलिस से समन्वय स्थापित कर मोबाइल धारकों की तस्दीक कर उनसे मोबाइल फोन बरामद कर थाने में जमा कराया जाता था। इसके पश्चात अन्य राज्यों एवं विभिन्न जिलों से मोबाइल फोन को कोरियर के माध्यम से मंगाया गया। इस दौरान कुछ मोबाइल धारकों को मोबाइल चलाए जाने के बारे में बताए जाने पर उन्होंने स्वयं भी मोबाइल को कोरियर के माध्यम से भेजा। 1 जनवरी 2026 से 7 मार्च 2026 तक कुल 219 मोबाइल बरामद कर मोबाइल स्वामियों के सुपुर्द किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 26 लाख 28 हजार रुपए है।
इनमें विवो कंपनी के 57 नग मोबाइल, रियलमी के 41 नग, रेडमी के 29 नग, ओप्पो के 23 नग, पोको के 19 नग, वनप्लस और मोटोरोला के 09-09 नग, सैमसंग के 08 नग, टेक्नो के 06 नग, इन्फिनिक्स, आईक्यू और नथिंग कंपनी के 05-05 नग तथा आईटेल, एआई प्लस और एप्पल कंपनी के 1-1 नग मोबाइल शामिल हैं।
अवैध पिस्टल मामले में तीन आरोपी हुए गिरफ्तार
जीपीएम। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में अवैध पिस्टल मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बिलासपुर रेंज आईजी रामगोपाल गर्ग के द्वारा रेंज के सभी जिलों में प्रतिदिन फिक्स पिकेट लगाकर सघन चेकिंग करने के दिए गए निर्देशों के तहत यह सफलता पुलिस को मिली है।
आईजी के निर्देश पर जीपीएम एसपी मनोज कुमार खिलारी ने प्रतिदिन राजपत्रित अधिकारियों के मार्गदर्शन में चैकिंग करवाने के आदेश दिए हैं। 7 मार्च को बस स्टैंड गौरेला के पास वाहन चेकिंग के दौरान सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम भदौरा निवासी एक युवक ने पिस्तौल के साथ फोटो खींचकर अपने मोबाइल में रखा हुआ है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा सेमरा तिराहा के पास से संदेह रिंकू राठौर को हिरासत में लिया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने बताया कि ग्राम धनगंवा निवासी सौरभ मिश्रा के पास रखे पिस्टल से उसने अपने मोबाइल फोन में फोटो खींची थी। रिंकू राठौर से मोबाइल फोन पुलिस ने जब्त कर लिया।
इसके बाद ग्राम धनगंवा से सौरभ मिश्रा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने बताया कि होली त्यौहार के लगभग 10 दिन पूर्व सौरभ द्विवेदी निवासी पेंड्रा के साथ इलाहाबाद गया था, जहां से पिस्तौल लाकर गौरेला में लोगों को डराने धमकाने के उद्देश्य से अपने घर की बाड़ी में छुपा कर रखा था। आरोपी के बताने पर उक्त पिस्टल को बरामद कर जप्त कर लिया गया है। आरोपियों के पास पिस्टल रखने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज नहीं था। आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीकृत किया गया। आरोपियों के खिलाफ कई आपराधिक प्रकरण भी दर्ज पाए गए। मामले में एक किशोर बालक भी संलिप्त पाया गया। जिसके खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्यवाही की जा रही है।
अवैध गांजा बेचने वाली महिला गिरफ्तार
बिलासपुर। सरकंडा थाना पुलिस ने अवैध गांजा बेचने के मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इमलीभाठा इलाके में छापेमारी कर आरोपी महिला मीना सारथी को पकड़ा और उसके कब्जे से 848 ग्राम गांजा बरामद किया। जब्त किए गए गांजे की कीमत करीब 31 हजार रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा गांजा बिक्री से प्राप्त 250 रुपये नकद भी पुलिस ने जब्त किए हैं। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20बी के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
बिलासपुर स्टेशन पर एस्केलेटर से गिरकर घायल हुई महिला यात्री को
बिलासपुर। बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर रेल प्रशासन की सजगता और त्वरित कार्रवाई के चलते एस्केलेटर से गिरकर घायल हुई एक महिला यात्री को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक महिला यात्री अपने परिवार के साथ बिलासपुर से विजयनगरम जाने के लिए लिंक एक्सप्रेस पकड़ने हेतु स्टेशन पहुँची थीं। इसी दौरान एस्केलेटर का उपयोग करते समय अचानक उनका पैर फिसल गया और वे अनियंत्रित होकर गिर गईं, जिससे उनके सिर पर चोट लग गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्टेशन पर तैनात कमर्शियल विभाग की स्पेशल टीम और कमर्शियल स्टाफ तत्काल मौके पर पहुँचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कर्मचारियों ने बिना विलंब किए मेडिकल टीम को सूचित किया और मौके पर ही घायल यात्री को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया।
रेल प्रशासन यात्रियों से अपील की है कि एस्केलेटर का उपयोग करते समय सावधानी बरतें तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत रेलवे कर्मियों से संपर्क करें। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
अटल यूनिवर्सिटी की पीजी की परीक्षा आज से होगी 49 केंद्रों में
बिलासपुर। अटल बिहारी वाजपेयी यूनिवर्सिटी वार्षिक पद्धति की परीक्षाएं लेने जा रही है। इसी कड़ी में पीजी की वार्षिक परीक्षाएं 9 मार्च से शुरू होने जा रही है। परीक्षा 49 परीक्षा केंद्रों में होगी। इसमें 14 हजार 238 छात्र परीक्षा देंगे। परीक्षा दो पाली में सुबह 7 से 10 और दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक होगी। दोपहर की पाली में राष्ट्रीय शिक्षा नीति की कक्षाएं संचालित होनी है। एकेडमिक कैलेंडर के अनुसार यूनिवर्सिटी परीक्षाएं शुरू कर रही है। शनिवार को यूनिवर्सिटी ने सभी परीक्षा केंद्रों में प्रश्नपत्र भेज दिए हैं। सभी केंद्रों को उत्तरपुस्तिका भी भेजी जा चुकी हैं। परीक्षाओं की निगरानी के लिए दो उड़नदस्ता दल का गठन भी किया जा रहा है। प्रवेश पत्र जारी किया जा चुका है। पीजी के छात्रों की प्रायोगिक परीक्षाएं भी हो गई हैं। पीजी की परीक्षाएं 9 से शुरू होकर 24 मार्च तक चलेगी।
न्यू कटनी जंक्शन में मालगाड़ी गिरी, कई ट्रेनें रदद् व डायवर्ट
बिलासपुर। न्यू कटनी जंक्शन से कोयला लेकर गुजर रही मालगाड़ी के पांच वैगन पटरी से उतर गए। इसकी वजह से डाउन लाइन बंद हो गया है। वहां से गुजरने वाली ट्रेनों को कटनी साउथ से होकर गुजारा गया। कटनी साउथ छोड़कर अन्य तीनों स्टेशनों से ट्रेनों की आवाजाही बंद थी।
49-265 कोरबा से कोयला भरकर गुजरात जा रही मालगाड़ी दिन में 11 बजे न्यू कटनी जंक्शन यार्ड में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। पांच वैगन बेपटरी होकर चारों तरफ फैल गए। दुर्घटना की वजह से न्यू कटनी जंक्शन सहित कटनी मुरवाड़ा, कटनी जंक्शन से होकर गुजरने वाली ट्रेनों को डायवर्ट रूट पर कटनी साउथ स्टेशन से होकर गुजारा गया। जबलपुर रेल मंडल में हुई हुई दुर्घटना के बाद बाद ट्रेन नंबर 61602 चिरमिरी कटनी मेमू को झलवारा में कैंसिल किया गया। उसे झलवारा से ही वापस चिरमिरी भेजा गया।
बिलासपुर-कटनी मेमू 68747 को भी झलवारा में रद्द करके वहीं से वापस बिलासपुर भेजा गया। इसी तरह से अंबिकापुर-जबलपुर, बिलासपुर इंदौर नर्मदा एक्सप्रेस और दुर्ग-निजामुद्दीन एक्सप्रेस को परिवर्तित मार्ग से आगे रवाना किया गया।
पुलिस को फरार 7 सटोरियों की तलाश, 5-5 हजार का इनाम घोषित
बिलासपुर। पुलिस को फरार सटोरियों की तलाश है। इन्हें पकड़ने एसएसपी ने 5- हजार इनाम की घोषणा की है। सभी के खिलाफ सिविल थाने में ऑन लाइन क्रिकेट सट्टा खिलाने के
संबंध में केस दर्ज है। घटना के बाद से फरार हैं। गिरफ्तारी के लिए पुलिस अभी भी संभावित ठिकाने पर दबिश दे रही है। एसएसप रजनेश सिंह ने इनके बारे में सूचन देने वाले को 5-5 हजार रुपए इनाम देने की घोषणा की है।
फरार सटोरिए जिनकी है तलाश
फरार सटोरियों में सागर चेतावनी (37) निवासी वार्ड नंबर 48, शिवघाट पुराना सरकंडा, हाल मुकाम रामा वैली बोदरी मकान नंबर आर-6 थाना चकरभाठा, रोहित पंजवानी (36) निवासी चकरभाठा कैम्प नगर पंचायत बोदरी थाना चकरभाठा, राजेश उर्फ राजा बजाज (31) निवासी गार्डन सिटी मोपका रोड राजकिशोरनगर सरकंडा, प्रकाश पंजवानी (37) पिता स्वर्गीय हरिराम पंजवानी निवासी साईं भूमि तोरवा थाना तोरवा जिला बिलासपुर, सोमू उर्फ अभिजीत दुबे (38) निवासी मिलन चौक कुदुदंड थाना सिविल लाइन और राज चेतानी (35) निवासी सिंधी कॉलोनी थाना सिविल लाइन शामिल हैं।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

