Bilaspur News Update : बिलासपुर. बिलासपुर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है. रतनपुर, बेलगहना और कोटा क्षेत्र में हुई कार्रवाई के बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने स्पष्ट कर दिया है कि जिले में नशे का धंधा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 225 से 300 ग्राम तक गांजा जब्त किया गया है. सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया. एसएसपी ने थाना प्रभारियों को सप्लाई नेटवर्क ध्वस्त करने और अभियान को लगातार जारी रखने के निर्देश दिए हैं.

गिरफ्तार आरोपियों में देवचरण वैष्णव उम्र 50 वर्ष, निवासी कोनचरा, अरविंद जैन उर्फ अन्नू उम्र 36 वर्ष निवासी थाना पारा शामिल है. इसके अलावा कुछ युवकों को गांजा पीते हुए पकड़ा गया है. उनसे पूछताछ के बाद गांव में गांजा बेचने वाली महिला काजल वर्मा को गिरफ्तार किया गया. उसके पास से 900 ग्राम गांजा और बिक्री की रकम चार लाख रुपये भी जप्त किए गये हैं

मां महामाया मंदिर कुंड से कछुओं की होगी शिफ्टिंग!

बिलासपुर. रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर कुंड में लगातार कछुओं की मौत के बाद वन विभाग ठोस योजना बनाने की तैयारी में हैं. विभाग कुंड के सभी कछुए को निकालकर खूंटाघाट जलाशय में छोड़ेगा. शुक्रवार को चार और पिछले साल 30 कछुए की मौत हुई थी. इस घटना से विभाग मान रहा है कि कुंड में कछुए सुरक्षित नहीं है. उनकी सुरक्षा के लिए यह कदम उठाना आवश्यक है. हालांकि यह प्रक्रिया प्रारंभिक चरण में हैं. यहां से प्रस्ताव बनाकर उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा. अनुमति मिलने के बाद ही शिफ्टिंग का कार्य प्रारंभ होगा.

अशांति फैला रहे दो बदमाश गिरफ्तार किए गए

बिलासपुर. रतनपुर थाना क्षेत्र में अशांति फैला रहे दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस द्वारा पैदल पेट्रोलिंग के दौरान अशांति फैलाने वाले 2 असामाजिक तत्वों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए आदित्य सोनी 25 साल निवासी गांधीनगर, हर्ष जैन 21 साल निवासी थानापारा के विरूद्ध 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को जेल भेजा गया है.

जंगली सूअरों के झुंड के हमले में किसान की मौत

बिलासपुर. मोहनभाठा में जंगली सूअर के हमले से एक किसान की मौत हो गई. फार्म में टहलने के दौरान  मृतक की पहचान प्रदीप गुप्ता के रूप में हुई है. गंभीर अंदरूनी चोट के बाद अपोलो में इलाज के दौरान किसान ने दम तोड़ा दिया. इस घटना से चार दिन पहले मुंशी पर भी जंगली सूअरों ने हमला किया था. बताया जा रहा है कि केले की फसल हटाने के बाद खतरा बढ़ गया.

ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाने वाली दो आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर. भारत-पाकिस्तान के बीच खेले जाने वाले वर्ल्ड कप क्रिकेट में ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले दो आरोपियों को जांजगीर पुलिस ने गिरफ्तार किया है. जांजगीर की नैला चौकी पुलिस और सायबर सेल की संयुक्त कार्यवाही है. गिरफ्तार आरोपियों के नाम सुमित सिंह ठाकुर पिता स्व.दिलीप सिंह ठाकुर उम्र 25 साल निवासी नैला दर्रीपारा और प्रतीक मिश्रा पिता प्रियजन मिश्रा उम्र 30 साल निवासी तिफरा काली मंदिर के पीछे वार्ड नंबर 12 बिलासपुर है.

आरोपियों के कब्जे से 23 हजार नगद,चार मोबाइल,दो नाग एटीएम कार्ड बरामद किया गया है. जप्त मोबाइल फोन में वर्ल्ड कप क्रिकेट खिलाने संबंधी दो ऑनलाइन सट्टा आईडी मिला है. जिसमें से लाखों का लेनदेन हुआ है. आरोपियों के विरुद्ध धारा 07 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्यवाही की गई है.

सड़क हादसे में जनपद सदस्य की मौत

जांजगीर. ग्राम मुरलीडीह के पास बने ओव्हरब्रिज पर बाइक टकराने से युवा जनपद सदस्य की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि सवा दो माह पहले ही उक्त बीडीसी का विवाह हुआ था. वह अपने गांव सांकर से रिसदा जाते समय सड़क हादसे का शिकार हो गया. उनके असामायिक निधन से क्षेत्र में शोक है. बताया जा रहा है कि जनपद पंचायत सदस्य सांकर निवासी शानु संकर्षण सिंह विगत शनिवार की रात लगभग साढ़े दस बजे अपने घर से रिस्दा मुलमुला अपनी बुआ से मिलने जाने बाइक से निकला. वह रिसदा जाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग 49 की तरफ मुड़ कर मुरलीडीह ऊपर ओवरब्रिज पर पहुंचते समय अचानक ओवरब्रिज से टकरा कर बेहोश हो गया जिससे उसे गंभीर चोट पहुंची. आने-जाने वाले में से किसी ने इस बात की सूचना अकलतरा थाना में दी और 112 को फोन किया तो उसे अकलतरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां डाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पिछले 4 दिसंबर को शानु की शादी हुई थी वह दो भाइयों में छोटा था. उनका अंतिम संस्कार गृहग्राम सांकर में किया गया.