Bilaspur News Update : बिलासपुर. कोटा इलाके में गाड़ी पार्किंग को लेकर दो रसूखदारों के बीच विवाद हुआ, जो इतना बढ़ा कि मौके पर तलवार से हमला किया गया. तलवारबाजी में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है. घटना का सीसीटीवी फुटेज वायरल हो रहा है. दोनों पक्षों में थाना परिसर में भी गाली-गलौज और मारपीट हुई. एसएसपी रजनेश सिंह ने थाने में हंगामा करने वालों पर एफआईआर के निर्देश दिए गए हैं.

कांग्रेस नेता और पड़ोसी के बीच मारपीट

बिलासपुर. कांग्रेस नेता के पड़ोसी से विवाद होने पर दोनों ने एक दूसरे के साथ मारपीट की. उसके बाद दोनों पक्षे भीड़ को साथ लेकर रिपोर्ट लिखाने के लिए थाने भी पहुंच गए. थाना परिसर में भी दोनों पक्ष के लोग विवाद करने लगे. पुलिस के बीच बचाव करने पर विवाद शांत हुआ. कोटा टीआई नरेश चौहान ने बताया कि 2 फरवरी की रात कोटा रेलवे स्टेशन के पास रहने वाले कांग्रेस नेता संतोष मिश्रा उर्फ छोटू का पड़ोसी राम सोनी से विवाद हो गया. दोनों ने एक दूसरे के साथ मारपीट की. उसके बाद दोनों पक्ष अपने सहयोगियों के साथ रिपोर्ट लिखाने थाने पहुंच गए. थाना परिसर में दोनों पक्ष के सहयोगी युवक एक दूसरे के साथ गाली गलौज कर विवाद करने लगे. स्थिति खराब होने पर पुलिस ने बीच बचाव कर विवाद शांत कराया. उसके बाद संतोष मिश्रा व राम सोनी को अस्पताल ले जाकर मुलाहिजा कराया गया. अस्पताल से लौटने के बाद दोनो पक्ष ने रिपोर्ट लिखाने से इनकार कर दिया. टीआई श्री चौहान ने बताया, दोनों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है.

लाखों की ठगी मामले में सरपंच समेत 5 गिरफ्तार

बिलासपुर. पैसा दोगुना करने झांसा देकर अधेड़ को गुमराह किया और 2.50 लाख रूपए को 2 करोड़ रूपए बनाकर देने का प्रलोभन दिया. लालच में अधेड़ ने उन्हें ढ़ाई लाख रूपए दे दिया, उसके बाद आरोपियों ने उसे मूल रकम तक वापस नहीं दी. इस धोखाधड़ी के मामले में बिल्हा पुलिस ने तीन महिला समेत 5 आरोपियों को गिरपतार किया और उनके पास से 1 लाख 85 हजार रूपए नगद जब्त किया गया. पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.

बिल्हा पुलिस के अनुसार जिला कोरिया बैकुंठपुर के चरचा थाना के पाण्डूपारा निवासी शिव कुमार चेरवा पिता स्व. विजय चेरवा ने 3 फरवरी को थाने उपस्थित होकर लिखित आवेदन प्रस्तुत किया जिसमे गुरूजी, सरपंच रिखीराम नवरंग, विमला बाई, बृहस्पति एवं ब्रीज बाई गोड एवं उसका ड्राईवर विजय राज ने एक राय होकर झरन के नाम पर 2,50,000 रूपये प्राप्त कर ठगी करने के रिपोर्ट पर अपराध पंजीबध्द किया गया.

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा डी. आर. टण्डन से आवश्यक दिशा निर्देश प्राप्त कर थाना प्रभारी बिल्हा द्वारा तत्काल टीम गठित कर आरोपियो की पतासाजी कर थाना लाकर रिखीराम नवरंग, विजय राज, बृजबाई गोड, विमला बाई, वृहस्पति बाई गोड से कडाई से पूछताछ करने पर प्रार्थी से झरन के नाम पर 2,50,000 रूपये प्राप्त कर ठगी करना स्वीकार किये. आरोपीगण से ठगी हुए रकम 1,85,000 किया गया.

गिरफ्तार आरोपी

रिखीराम नवरंग पिता झुंगूल नवरंग उम्र 52 वर्ष निवासी सम्बलपुरी थाना बिल्हा, विजय राज पिता मुरित रमा राज उम्र 48 वर्ष निवासी तिवरता थाना दीपिका जिला कोरबा, बृजबाई गोड पति श्याम सिंह उम्र 40 वर्ष निवासी माचाडोली बांगो थाना बांगो जिला कोरबा विमला बाई पति देव कुमार उम्र 32 वर्ष निवासी झरा थाना कटघोरा और वृहस्पति बाई गोड पति दाउ सिंह उम्र 35 वर्ष निवासी जुराली नगोई थाना कटघोरा जिला कोरबा को गिरफ्तार किया गया है.

ड्रोन से निगरानी कर मारा छापा

एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देशन में जिले में नशाखोरी, अड्डेबाजी, असामाजिक गतिविधियों और यातायात अव्यवस्था पर नियंत्रण के लिए ड्रोन तकनीक आधारित विशेष अभियान चलाया जा रहा है. सिरगिट्टी क्षेत्र में ड्रोन से मिली लाइव जानकारी के आधार पर पुलिस ने चिह्नित स्थानों पर दबिश देकर नशा और अड्डेबाजी में लिप्त 15 संदिग्धों पर वैधानिक कार्रवाई की गई. सरकंडा क्षेत्र साइंस कॉलेज परिसर में व्यापार मेले के दौरान ड्रोन के माध्यम से यातायात प्रबंधन एवं भीड़ नियंत्रण कर सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित की गई. ड्रोन निगरानी अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि हर थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे.

भीड़भाड़ के वक्त और आधी रात बाद तक गश्त करेंगे जवान

बिलासपुर. पुलिस ने जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने और आम जनता से प्रभावी समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से बीट प्रणाली को मानक कार्यप्रणाली (एसओपी) के अनुसार प्रभावी रूप से लागू किया गया है. बीट अधिकारी अपने क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों, असामाजिक तत्वों, सामाजिक-सामुदायिक गतिविधियों, बाहरी व्यक्तियों की आवाजाही, किरायेदारों और नवागंतुकों की जानकारी संधारित करेंगे. इसके साथ ही आम नागरिकों से सतत संवाद स्थापित कर प्रारंभिक सूचना संकलन, अपराध की रोकथाम और जन-विश्वास को मजबूत किया जाएगा. बीट में आवंटित बाइक में जीपीएस लगाया गया है, जिससे पुलिस की निरंतर उपस्थिति एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित होगी. बीट प्रणाली से पुलिस की दृश्यता बढ़ेगी, त्वरित कारर्वाई संभव होगी और सामुदायिक पुलिसिंग को नई मजबूती मिलेगी.

24 घंटे गश्त, पुलिसिंग पर विशेष जोर

जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, संवेदनशील और जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से शहरी एवं ग्रामीण बीट प्रणाली को सुदृढ़ रूप से लागू किया गया है. इस व्यवस्था के अंतर्गत प्रत्येक बीट क्षेत्र में 06 आरक्षक तैनात किए गए हैं, जो प्रातः, सायं एवं रात्रि-तीन शिफ्टों में 24 घंटे गश्त एवं निगरानी सुनिश्चित करेंगे. शहरी बीट क्षेत्र में बाजार, भीड़भाड़ वाले क्षेत्र, स्लम बस्तियाँ, स्कूल- कॉलेज, एटीएम, बस एवं रेलवे स्टेशन जैसे संवेदनशील स्थलों को शामिल किया गया है. वहीं ग्रामीण बीट प्रणाली के अंतर्गत 3 से 6 ग्राम, खेत-खलिहान, जलस्रोत, वन सीमा क्षेत्र, बंदोबस्त क्षेत्र एवं दुर्घटनाजन्य स्थानों को कवर किया गया है. बीट अधिकारियों द्वारा स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, दुकानदारों, चौकीदारों, सरपंच, कोटवार एवं शिक्षकों से निरंतर संपर्क स्थापित किया जाएगा. भूमि विवाद पारिवारिक विवाद एवं सामुदायिक रूप से संवेदनशील मामलों की समय रहते जानकारी एकत्र कर त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा.

नेशनल स्कूल गेम्स सॉफ्टबॉल स्पर्धा का आगाज आज

बिलासपुर. जिला प्रशासन और स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 69वीं राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन होने जा रहा है. इस वर्ष सॉफ्टबॉल 17 वर्ष बालक एवं बालिका वर्ग की राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी बिलासपुर को मिला है. प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन कल 4 फरवरी को शाम 4 बजे जेल लाइन रोड स्थित छत्तीसगढ़ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में किया जाएगा. यह खेल प्रतियोगिता 8 फरवरी तक चलेगा, जिसमें देशभर के खिलाड़ी अपना कौशल दिखाएंगे. उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव होंगे. कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह सहित क्षेत्र के अन्य विधायक, महापौर और जिला पंचायत अध्यक्ष शामिल होंगे.