Bilaspur News Update : बिलासपुर। आर्य समाज धर्मशाला में चोरी करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से ताम्बे का बर्तन, पूजा सामाग्री सहित घरेलू सामान बरामद किया गया है। आरोपियों में तीन नाबालिग हैं।

सरकंडा पुलिस ने बताया कि डीएलएस कॉलेज के पास आर्य धर्मशाला न्यास दयानंद सेवाधाम सरकंडा निवासी वेद आर्य पिता योगेन्द्र कुमार (25) ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि होली त्यौहार के कारण धर्मशाला में ताला लगाकर अपने गृह ग्राम सक्ती गए थे। 7 मार्च को सुदर्शन जायसवाल ने फोन कर बताया कि धर्मशाला का ताला टूटा हुआ है। तब पीडि़त वेद धर्मशाला आकर देखा तो धर्मशाला के स्टोर रूम में रखे ताम्बे का बर्तन प्लेट, ग्लास चम्मच, लोटा, ताम्बे की पूजा सामाग्री, साउंड बॉक्स, कपड़ा, सफाई का सामान करीब 40 हजार रुपए चोरी हो गई थी। किसी अज्ञात चोर ने ताला तोडक़र सामान को पार कर दिया था। इस मामले में पुलिस अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने संदेही निखिल साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ किया। तब उसने अपने तीन नाबालिक साथियों के साथ मिलकर चोरी करने की बात स्वीकार की।
बिलासपुर में आज राज्य महिला आयोग की महा जन-सुनवाई
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग द्वारा महिलाओं से संबंधित शिकायतों के त्वरित निराकरण और उन्हें न्याय दिलाने के उद्देश्य से महा जन-सुनवाई सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 10 मार्च 2026 को बिलासपुर संभाग स्तर पर महा जन-सुनवाई आयोजित की जाएगी।
आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक (कैबिनेट मंत्री दर्जा) की अध्यक्षता में गठित न्यायपीठ की उपस्थिति में यह जन-सुनवाई प्रातः 9 बजे से सभाकक्ष प्रार्थना भवन, जल संसाधन विभाग, बिलासपुर में आयोजित होगी। इस अवसर पर आयोग की सदस्य श्रीमती सरला कोसरिया एवं सुश्री दीपिका शोरी भी उपस्थित रहेंगी। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग अधिनियम की धारा 10(3) के तहत प्रदत्त शक्तियों के अनुसार बिलासपुर संभाग के जिलों से प्राप्त महिलाओं से संबंधित आवेदन एवं शिकायतों की सुनवाई कर उनका निराकरण किया जाएगा। इसके साथ ही जन-सुनवाई में उपस्थित होकर पीड़ित महिलाएं नए प्रकरण भी दर्ज करा सकेंगी, जिन पर आयोग द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि महा जन-सुनवाई सप्ताह 8 मार्च से 13 मार्च 2026 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसके तहत विभिन्न संभागों में महिलाओं की समस्याओं की सुनवाई कर त्वरित समाधान का प्रयास किया जा रहा है। आयोग द्वारा महिलाओं से अपील की गई है कि वे अपनी समस्याओं के निराकरण हेतु जन-सुनवाई में उपस्थित होकर लाभ उठाएं।
गोरखापाली में कोटवार रथराम गोंड प्रकरण की दंडाधिकारी जांच के आदेश
सक्ती। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अमृत विकास तोपनो ने ग्राम गोरखापाली में कोटवार रथराम गोंड पर हुए प्राणघातक हमले के प्रकरण में दंडाधिकारी जांच के आदेश जारी किए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक सक्ती के पत्र के आधार पर थाना मालखरौदा, तहसील अड़भार अंतर्गत ग्राम गोरखापाली में दिनांक 04 मार्च 2026 को सुबह प्रार्थी सनत पटेल अपने खेत के डबरी तालाब के पास लगभग 11 बजे पहुंचे थे। उस समय गांव के आनंद राम कुर्रे तथा कोटवार रथराम गोंड भी वहां मौजूद थे। बताया गया है कि उसी गांव के सुखदेव कुर्रे, अरुण कुर्रे एवं कमलेश कुर्रे हाथ में लकड़ी की बल्लियां और कांड लेकर वहां पहुंचे और पुरानी रंजिश की बात को लेकर गाली-गलौज करते हुए कोटवार रथराम गोंड के सिर पर प्राणघातक हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे प्रार्थी के सामने ही सुखदेव कुर्रे ने बल्लियों से मारपीट की, जिससे कोटवार रथराम गोंड के सिर एवं बाएं पैर में गंभीर चोटें आईं और वे बेहोश हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों की मदद से घायल कोटवार रथराम गोंड को जिला अस्पताल सक्ती में भर्ती कराया गया। प्रारंभिक उपचार के बाद उन्हें शासकीय चिकित्सालय जांजगीर भेजा गया तथा बेहतर उपचार के लिए बाद में बिलासपुर अस्पताल रेफर किया गया।
इस संबंध में थाना मालखरौदा में दिनांक 04 मार्च 2026 को अपराध क्रमांक 92/2006 भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3), 115(2), 109(1), 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 196 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए घटना की दंडाधिकारी जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच के लिए डिप्टी कलेक्टर एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) डभरा, जिला सक्ती विनय कश्यप को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। जांच के दौरान घटना कब और कैसे हुई, घटना स्थल पर कौन-कौन उपस्थित थे, किन परिस्थितियों में घटना घटी, इसके लिए कौन-कौन जिम्मेदार हैं तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक उपाय एवं सुझाव सहित अन्य बिंदुओं पर जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत कराने के आदेश दिए गए है। जांच अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि वे तीन माह के भीतर जांच पूर्ण कर अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत करें।
“सशक्त ऐप” से खुला वाहन चोरी का मामला
रायगढ़। थाना कोतवाली और चक्रधरनगर पुलिस ने बाइक चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को पकड़कर चोरी की स्कूटी बरामद की है। मामला थाना कोतवाली क्षेत्र का होने से प्रकरण में कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
स्कूटी चोरी के संबंध में 06 मार्च 2026 को प्रार्थी मुकेश अग्रवाल पिता मुरलीधर अग्रवाल उम्र 47 वर्ष निवासी बैकुण्ठपुर रायगढ़ द्वारा थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसके भाई मनोज कुमार अग्रवाल के नाम से पंजीकृत होंडा एक्टिवा क्रमांक CG 13 Y 8208 को दिनांक 05 मार्च 2026 को दोपहर में पुराना शनिदेव मंदिर रायगढ़ के पीछे सुलभ शौचालय के पास लॉक कर वह संजय कॉम्प्लेक्स स्थित अपनी अंजली गारमेंट कपड़े की दुकान चला गया था। रात करीब 9:15 बजे दुकान बंद कर घर जाने के लिए निकला तो वहां खड़ी स्कूटी गायब मिली। आसपास तलाश करने पर भी वाहन का पता नहीं चलने पर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा स्कूटी चोरी कर ले जाने की रिपोर्ट दी गई। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 105/2026 धारा 303(2) बीएनएस* के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
मामले की जांच के दौरान 7 मार्च के दोपहर थाना चक्रधरनगर पुलिस की पेट्रोलिंग टीम को दो संदेही एक सफेद रंग की स्कूटी के साथ मिले। पूछताछ में वे स्कूटी को बेचने के लिए ग्राहक तलाशने की बात बता रहे थे। वाहन को सशक्त ऐप* पर चेक करने पर पता चला कि उक्त वाहन के संबंध में थाना कोतवाली में चोरी का अपराध दर्ज है। इसकी सूचना थाना कोतवाली पुलिस को दी गई।
कोतवाली पुलिस द्वारा संदेही मनोज भारती और एक किशोर बालक से पूछताछ करने पर दोनों ने स्कूटी चोरी करना स्वीकार किया। विधि से संघर्षरत बालक के मेमोरेंडम के आधार पर चोरी की एक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG 13 Y 8208 कीमती लगभग 15,000 रुपये जप्त की गई।
प्रकरण में कोतवाली पुलिस ने वाहन चोरी के अपराध में विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया तथा आरोपी मनोज भारती पिता रामलाल भारती उम्र 19 वर्ष निवासी प्रेमनगर थाना चक्रधरनगर जिला रायगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
महिला दिवस पर जांजगीर-चांपा में परिवार परामर्शदात्री सदस्यों का पुनर्गठन
जांजगीर। पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन में जिले में परिवार परामर्शदात्री सदस्यों का पुनर्गठन किया गया। इस पहल का उद्देश्य पीड़ित पक्ष को त्वरित राहत प्रदान करना तथा पारिवारिक विवादों और समस्याओं को सुनकर आपसी समझाइश और परामर्श के माध्यम से सुलझाना है। इसके लिए समाज में सक्रिय और जागरूक महिलाओं को परामर्शदात्री सदस्य के रूप में शामिल किया गया है, जो जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क परामर्श सेवा प्रदान करेंगी।
उद्देश्य
इस पुनर्गठन का मुख्य उद्देश्य घरेलू और पारिवारिक विवादों को कानूनी प्रक्रिया से पहले आपसी सहमति, संवाद और समझाइश के माध्यम से हल करना, पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराना तथा समाज में महिला सुरक्षा और जागरूकता को बढ़ावा देना है।
नवनियुक्त परामर्शदात्री सदस्य
1.एच. निशा खान केंद्र प्रशासक, सखी वन स्टॉप सेंटर, जांजगीर
- सरस्वती सोनी – परामर्शदात्री, सखी वन स्टॉप सेंटर, जांजगीर
- कल्पना केसरवानी – बाल कल्याण समिति / पूर्व किशोर न्याय बोर्ड सदस्य, जांजगीर
- तान्या अनुरागी पाण्डेय – लैंगिक उत्पीड़न समिति / महिला उत्पीड़न / किशोर न्याय बोर्ड सदस्य, जांजगीर
- संतोषी दुबे – निवासी चंदनिया पारा, जांजगीर
- प्रेमलता कौशिक – वार्ड नंबर 23, जांजगीर
- मीरा निहीर – निवासी तहसील रोड, चांपा
- प्रमीला नारायण चंदेल – निवासी वार्ड क्रमांक 03, रेलवे स्टेशन नैला के पास
- संगीता पाण्डेय – निवासी वार्ड क्रमांक 25, लायंस स्कूल के पीछे, चांपा10. संतोषी सिंह – निवासी वार्ड क्रमांक 12, स्कूलपारा कोनारगढ़
- उमा सोनी – अध्यक्ष, वी.आई.पी. सखी ग्रुप / सदस्य, लैंगिक उत्पीड़न समिति व शिक्षा विभाग12. मंजू लता राठौर – अधिवक्ता / सदस्य, जिला उपभोक्ता आयोग, जांजगीर – चांपा
नगर पंचायत बरेला में पाइपलाइन विस्तार से पेयजल की समस्या से मिली बड़ी राहत
मुंगेली। कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार नगर पंचायत बरेला क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्याओं के समाधान के लिए विशेष पहल की गई। इसके तहत नगर परिषद द्वारा उन वार्डों का सर्वे कराया गया, जहां नागरिकों को पानी की कमी का सामना करना पड़ रहा था। इस सर्वे में नगर पंचायत के मुख्य नगरपालिका अधिकारी सहित संबंधित पार्षदों ने वार्डों में जाकर समस्याओं की जानकारी ली। सर्वे के दौरान यह पाया गया कि वार्ड क्रमांक-4 के निवासी कई वर्षों से पेयजल समस्या से जूझ रहे थे।
क्षेत्र में पर्याप्त जल आपूर्ति नहीं होने के कारण लोगों को दैनिक जरूरतों के लिए कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। समस्या की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पहल करते हुए यहां पाइपलाइन विस्तार का कार्य कराया। पाइपलाइन विस्तार कार्य पूर्ण होने के बाद अब वार्ड-4 के निवासियों को नियमित रूप से पानी मिलने लगा है। इससे लंबे समय से चली आ रही समस्या का प्रभावी समाधान हो गया है और क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिली है। वार्डवासियों ने इस पहल के लिए जिला प्रशासन और नगर पंचायत के प्रति आभार व्यक्त किया है। उनका कहना है कि वर्षों से चली आ रही समस्या का समाधान होने से अब उन्हें पानी के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। इस कार्य से वार्ड-4 के निवासियों में खुशी का माहौल है।
बिजली बिल बकाया वसूली का लक्ष्य पूरा नहीं कर पाने वाले 5 एई को नोटिस
बिलासपुर। बिजली विभाग द्वारा बकाया बिजली बिल की वसूली तेज करने चलाए जा रहे अभियान के बीच लक्ष्य पूरा नहीं कर पाने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई शुरू हो गई है। ईडी एके अम्बस्थ ने लक्ष्य के अनुरूप वसूली नहीं कर पाने पर 5 सहायक अभियंताओं (एई) को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। बिजली विभाग में पिछले दो महीने से बकाया वसूली के लिए विशेष अभियान चला रहा है। धान बिक्री के बाद विभागीय बैठकों में अधिकारियों को लगातार निर्देश दिया गया था कि वसूली में तेजी लाते हुए लंबित राशि को जल्द से जल्द जमा कराया जाए। इसके बावजूद कई क्षेत्रों में वसूली अपेक्षाकृत कम रही। इस पर नाराजगी जताते हुए ईडी ने संबंधित एई को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। जिन अधिकारियों को नोटिस दिया गया है उनमें गोलबाजार की एई प्रीता इक्का, मस्तूरी के तरुण कौशिक, रतनपुर के राजेन्द्र गौड़, पाली और सिरगिट्टी क्षेत्र के एई शामिल हैं। विभाग ने इन अधिकारियों से जल्द स्पष्टीकरण देने को कहा है। साथ ही उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में बिजली चोरी रोकने के लिए सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बकाया वसूली में लापरवाही और बिजली चोरी को रोकने में ढिलाई किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसी क्रम में हाल ही में लोरमी क्षेत्र में बिजली चोरी का एक बड़ा मामला सामने आया, जहां करीब 25 लाख रुपए की बिजली चोरी पकड़ी गई। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने पहले संबंधित एई को निलंबित किया, इसके बाद कार्यपालन यंत्री को भी निलंबित कर दिया गया। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि आगे भी बिजली चोरी और बकाया वसूली में लापरवाही करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
11-11 घंटे देर से पहुंच रहीं ट्रेनें, गर्मी से यात्री हलाकान
बिलासपुर। मार्च की बढ़ी गर्मी के बीच ट्रेनों की लेटलतीफी से स्लीपर व जनरल कोच में सफर करने वाले यात्री हलाकान हो रहे हैं। सोमवार को बिलासपुर पहुंचने वाली कई ट्रेनें 3 से लेकर 11 घंटे तक विलंब रहीं। शालीमार से उदयपुर जाने वाली एक्सप्रेस जो कि सुबह 7 बजे बिलासपुर आती है वह ट्रेन 11 घंटे विलंब से शाम को 6 बजे पहुंचकर गंतव्य को रवाना हुई। सांतरागाछी-पोरबंदर कविगुरु एक्सप्रेस एक्सप्रेस सुबह 9.15 बजे आती है यह ट्रेन 9 घंटे विलंब से शाम को 6 बजे आकर गई। पुरी से ऋषिकेश जाने वाली कलिंग उत्कल एक्सप्रेस 5 घंटे विलंब से हावड़ा–पुणे आजाद हिंद एक्सप्रेस 5 घंटे विलंब से, हावड़ा–मुंबई मेल 2.30 मिनट, हावड़ा–अहमदाबाद एक्सप्रेस 2.30 मिनट, आरा–दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस 2 घंटे, ऋषिकेश– पुरी कलिंग उत्कल एक्सप्रेस 3 घंटे विलंब से बिलासपुर आकर आगे रवाना हुई। होली का पर्व समाप्त होने के बाद लोगों की अपने-अपने घरों की ओर वापसी शुरू हो गई है। ऐसे में ट्रेनों के घंटों देरी से चलने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

