Bilaspur News Update : बिलासपुर. बिलासपुर से गैस लीक होने से आग लगने की घटना सामने आई है. सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के जूना बिलासपुर कतियापारा इलाके में किचन में खाना बनाने के दौरान घरेलू गैस सिलेंडर का पाइप अचानक फट गया. गैस लीक होने लगी और देखते ही देखते आग भड़क उठी. इस हादसे में किचन में काम कर रही तीन महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं, जबकि आग बुझाने की कोशिश कर रहा एक पुरुष भी इसकी चपेट में आ गया. सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है.

महापौर विधानी करेगी बजट पेश
बिलासपुर. नगर निगम की सामान्य सभा सोमवार को दोपहर 12 बजे लखीराम ऑडिटोरियम में आयोजित होगी. बैठक की करेंगे, जबकि महापौर पूजा विधानी करीब 1100 करोड़ रुपए का बजट पेश करेंगी. यह बजट वर्ष 2023-27 के लिए तैयार किया गया है, जिसे मेयर-इन-कौंसिल पहले ही मंजूरी दे चुकी हैं. बताया जा रहा है कि इस बार के बजट में कोई बड़ा नया प्रोजेक्ट शामिल नहीं है. मुख्य रूप से शहर के वार्डों में अधोसंरचना (इन्फ्रास्ट्रक्चर) कार्यों को मजबूत करने पर जोर दिया गया है. इधर सामान्य सभा से पहले भाजपा में अंतर्कलह खुलकर सामने आने लगी है. भाजपा पार्षद दल की अंदरूनी खींचतान के बीच बजट पेश होने जा रहा है, जिससे संगठन की चिंता बढ़ गई है. पार्टी संगठन ने पार्षदों को एकजुट रहने की हिदायत दी है, लेकिन उपेक्षा से नाराज कई पार्षद आर-पार की लड़ाई के मूड में नजर आ रहे हैं. ऐसे में सामान्य सभा की बैठक में इसका असर दिखने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता. बैठक से पहले ही कांग्रेस पार्षद दल भी सामान्य सभा को लेकर सक्रिय हो गया है. हाल ही में शहर कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा और ग्रामीण अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की रणनीति बनाई गई. नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष भरत कश्यप ने कहा कि सभा में पानी, बिजली और सड़क जैसी बुनियादी समस्याओं को जोर-शोर से उठाया जाएगा. साथ ही अब तक हुए विकास कार्यों का हिसाब भी मांगा जाएगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि बजट के हर बिंदु पर विस्तृत चर्चा की मांग की जाएगी. जनहित से जुड़े प्रस्तावों का समर्थन किया जाएगा, जबकि शहर की बदहाल सफाई व्यवस्था को भी प्रमुख मुद्दा बनाया जाएगा.
तस्करों ने वनकर्मियों पर किया कुल्हाड़ी से हमला
बिलासपुर. जंगल में लकड़ी चोरी कर रहे तस्करों को वनकर्मियों की टीम ने रंगे हाथों पकड़ लिया. बचने के लिए चोरों ने वनकर्मियों के साथ मारपीट करते हुए उन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है.
कोटा पुलिस के अनुसार अमृतसागर कालोनी निवासी रवि कुमार जगत पिता स्व. जेठू सिंह जगत वन विकास निगम में परियोजना परीक्षेत्र अधिकारी हैं. 11 अप्रैल की सुबह 6 बजे वे अपने स्टाफ सहायक परियोजना छत्रपाल देव सिंह भरद्वाज, हितेन्द्र दीवान, अशोक साहू, क्षेत्ररक्षक राहुल शर्मा, नियमित चौकीदार मेलूराम ध्रुवें, नैन सिंह ध्रुर्वे, दैनिक वेतन भोगी सुरक्षा श्रमिक धन्नु गौड़, उत्तम मानिकपुरी, रामलाल गोंड़, वीर सिंह बैगा, नस सिंह गोंड़ के साथ शासकीय वाहन से चालक शिवकुमार यादव के साथ अपने दैनिक ड्यूटी पर करपिया जंगल महामायी द्वार में थे. 8.30 बजे सोनबंधी निवासी संतदास एवं उसके साथी जंगल में लकड़ी काटते हुए मिले. पकड़े जाने पर लकड़ी तस्करों ने टीम के साथ विवाद कर गाली गलौज करते हुए उन पर हमला कर दिया, जिससे वनकर्मी व तस्करों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई. पकड़े जाने के डर से तस्करों ने वन विभाग की टीम पर कुल्हाड़ी से हमला कर कर दिया. जिससे वनकर्मी दहशत में आ गए और इसी बीच लकड़ी तस्कर भाग निकले. कुल्हाड़ी के हमले से दैनिक वेतन भोगी धन्नू सिंह के हाथ में चोट आई है. पुलिस ने श्री जगत की रिपोर्ट पर संतदास एवं उसके अन्य साथी के खिलाफ बीएनएस की धारा 115, 2, 132, 221, 296, 3, 5, 351, 3 के तहत जुर्म दर्ज कर लिया है.
ओव्हरब्रिज के नीचे मिला युवक का शव
अकलतरा (जांजगीर-चांपा). तीन दिन पहले घर से नगर के एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसलापुर ओवर ब्रिज के नीचे मिला. नगर के वार्ड क्रमांक 7 निवासी 34 वर्षीय रवि विश्वकर्मा की उसलापुर ओवरब्रिज के नीचे संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. उसके आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान करने में पुलिस को अकलतरा निवासी होने की जानकारी मिली. मिली जानकारी के अनुसार रवि विश्वकर्मा 10 मार्च को जेल से रिहा होकर घर लौटा था. बताया जाता है कि बलौदा रोड़ पर पुराने रेलवे फाटक के पास पान मसाला बेच कर जीवन यापन करने वाले रवि के पास से पुलिस ने शराब जप्त की थी जिसमें कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेजा गया था. घर आने के दो तीन दिन बाद से ही वह मानसिक रूप से परेशान नजर आने लगा. बताया जा रहा है कि जमानत अन्य कार्यों में उसके काफी पैसे लग गए थे. इसी बात को लेकर वह परेशान था. 5 अप्रैल को रवि घर से यह कहकर निकला कि वह पैसों का जुगाड़ करने जा रहा है. इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा. पुलिस थाना सिविल बिलासपुर से 11 अप्रैल की सुबह उसके घरवालों को फोन पर सूचना दी गई कि रवि विश्वकर्मा की मौत हो गई है. प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम के बाद डॉक्टरों ने जहर सेवन से मौत होने की आशंका जताई है. फिलहाल सिविल लाईन पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा एवं पोस्टमार्टम कराकर शव 11 अप्रेल की शाम परिजनों को सौपा गया जिसका रविवार की सुबह अंतिम संस्कार किया गया.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें

