Bilaspur News Update : बिलासपुर. अवैध माइनिंग के बाद महानदी में पत्थर डालने को हाईकोर्ट ने गंभीरता से लिया है. चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा एवं जस्टिस रविंद्र कुमार अग्रवाल की डीबी ने रायपुर जिले के आरंग तहसील के ग्राम निस्दा में आवंटित लीज से अधिक क्षेत्र में फ्लैगस्टोन, फरसीस्टोन एवं लाइम स्टोन उत्खनन मामले में लीज होल्डरों को तय जगह से बाहर किसी भी प्रकार के गतिविधि नहीं करने एवं सेक्रेटरी माइंस और मिनरल्स रिसोर्स डिपार्टमेंट को पर्सनल एफिडेविट पेश कर जवाब प्रस्तुत करने का आदेश दिया है. अगली सुनवाई 26 फरवरी को होगी.


जांच रिपोर्ट में कलेक्टर ने बताया है कि, माइनिंग का काम मंजूर लीज़ एरिया से पाँच गुना ज्यादा एरिया में किया जा रहा था. रायपुर डिवीजन के डिप्टी कमिश्नर और गवर्नर सेक्रेटेरिएट से मिले लेटर से इन आरोपों की पुष्टि होती है. भारत सरकार के मिनिस्ट्री ऑफ़ माइंस में भी शिकायतें की गईं, जिसके बाद राज्य के अधिकारियों को एमएमडीआर एक्ट, 1957 के अनुसार मामले की जाँच करने के निर्देश दिए गए. महानदी नदी में माइनिग वेस्ट डालने की वजह से, लगभग 400 एकड़ खेती की जमीन पर बहुत बुरा असर पड़ा है, जिससे फ़सल को नुकसान हुआ है और एनवायरनमेंट को भी नुकसान हुआ है. यह भी कहा गया कि लीजहोल्डर्स की एनवायरनमेंटल मंजूरी पिछले तीन सालों से खत्म हो चुकी है. हाईकोर्ट ने लीज एरिया से बाहर किसी भी प्रकार की एक्टिविटी रोकने के आदेश की कॉपी माइनिंग सचिव को तत्काल भेजने के निर्देश रजिस्ट्रार ज्यूडिशियल को दिये हैं.
नौकरी पाने फर्जी अंक सूची देने वाले दो गिरफ्तार
रायगढ़. डाक विभाग की ग्रामीण डाक सेवक भर्ती में दसवीं की फर्जी अंक सूची अपलोड कर ऑनलाइन आवेदन करने वाले एक महिला और एक पुरुष अभ्यर्थी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. मामले का खुलासा अधीक्षक डाकघर रायगढ़ संभाग के द्वारा कोतवाली थाने में शिकायत पत्र प्रस्तुत करने पर हुआ था.
जुलाई 2023 में डाक विभाग द्वारा डाक सेवकों की भर्ती का ऑनलाइन आवेदन फॉर्म जमा करवाया जा रहा था. नियुक्ति दसवीं के परसेंट बेस में होनी थी. इस भर्ती मे जिला सक्ती निवासी 33 वर्षीय नरेंद्र कुमार पिता स्वर्गीय काशीराम चंद्रा निवासी बाजार पारा बड़े रवेली थाना मालखरौदा और सोनम साहू पति हरीश साहू उम्र 29 साल निवासी सरवानी थाना बाराद्वार जिला सक्ती ने फर्जी दसवीं की अंकसूची ऑनलाइन आवेदन के साथ अपलोड की थी. यह अंक सूची उन्हें विनोद कुमार राठौर निवासी कोरबा ने दी थी. जिस आधार पर दोनों की नियुक्ति रायगढ़ डाक संभाग अंतर्गत बर्रा एवं सुलेसा शाखा में डाकपाल के पद पर हो गई. तमिलनाडु बोर्ड की दोनों ने अंक सूचियाँ दी थी. जो सत्यापन के दौरान फर्जी पाई गई. जिस पर दोनों को गिरफ्तार कर जेल दाखिल करवाया गया. वही फरार आरोपी विनोद राठौर की तलाश जारी है.
इंजीनियर को तेज रफ्तार करने ठोकर मारी
बिलासपुर. सड़क निर्माण के निरीक्षण में जा रहे प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के इंजीनियर को तेज रफ्तार कार ने ठोकर मार दी. ठोकर से इंजीनियर के कमर और पैर में गंभीर चोट आई है. जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है.
बिलासपुर निवासी 35 वर्षीय आशीष कमलेश प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में इंजीनियर है. उनकी शनिवार को अधिकारियों का एक दल बेलगहना क्षेत्र में बन रहे सड़क के निरीक्षण के लिए कार से गया था. इंजीनियर स्कूटी से जा रहे थे. रतनपुर खंडोबा मंदिर के पास तेज रफ्तार कार ने उन्हें ठोकर मार दी. कार की ठोकर से वे उछल कर दूर जा गिरे. जिससे उनके कमर और पैर में गंभीर चोट आई. हेलमेट की वजह से उनकी जान बच सकी. उन्हें पहले रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया. पर हालत गंभीर होने के चलते अपोलो अस्पताल रेफर किया गया. डॉक्टरों ने बताया कि यदि वे हेलमेट नहीं पहने होते तो उनकी जान जा सकती थी.
मर्डर केस में दो नाबालिग समेत 3 पकड़ाए
जांजगीर. राहुल चौहान निवासी दर्रा थाना भटगांव जिला सारंगढ़–बिलाईगढ़ शिवरीनारायण मेला देख कर अपने मौसी के घर ग्राम धरदेई गया था. अज्ञात लोगों ने धारदार हथियार से उसकी हत्या कर लाश पुरेना तालाब में फेंक दी थी. मामले में शिवरीनारायण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में शामिल आरोपी राजवीर अनंत निवासी राहौद के अलावा दो नाबालिगों को पकड़ा और हत्याकांड का खुलासा किया है.
हाथी प्रभावित उपार्जन केंद्रों में धान जाम
कोरबा. हाथी प्रभावित उपार्जन केंद्रों में धान का उठाव होने के लिए डीओ नहीं कटने से हड़कंप मचा हुआ है. धान खरीदी बंद हुए दस दिन हो चुका है फिर भी धान का उठाव नहीं हो सका है. कोरबा जिले में 27.47 लाख क्विंटल धान की खरीदी की गई थी. जिनमें से 11 लाख क्विंटल धान अब भी उपार्जन केंद्रों में जाम है. इनमें 11 से ढाई लाख क्विंटल धान ऐसे केंद्रों में है,जो हाथी प्रभावित है. जिले में हाथियों का दल विचरण कर रहा है. लिहाजा मिलर्स में डीओ कटवाने के लिए हड़कंप मचा हुआ है.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें


