Bilaspur News Update : बिलासपुर। जिले के कोनी स्थित शासकीय कुक्कुट प्रक्षेत्र में बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लूएंजा) की पुष्टि के बाद एहतियातन कानन पेंडारी जूलॉजिकल गार्डन को 25 मार्च से 7 दिनों के लिए पर्यटकों हेतु अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, संक्रमण के संभावित प्रसार को रोकने और जैव सुरक्षा उपायों को प्रभावी बनाने के लिए यह निर्णय लिया गया है।


इस दौरान केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण की मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के तहत जू परिसर में नियमित रूप से कीटाणुनाशक दवाओं का छिड़काव किया जा रहा है। इसके अलावा, जू में मौजूद सभी पक्षियों की सतत निगरानी की जा रही है और बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर सख्त नियंत्रण लगाया गया है। अधिकारियों ने बताया कि जन स्वास्थ्य एवं वन्यजीवों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस अवधि में सहयोग करें और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।
शहर के सभी इलाकों में चिकन सेंटर रहे बंद
बिलासपुर। बर्ड फ्लू के दस्तक के बाद नगर निगम ने आगामी आदेश तक शहर सीमा में आने वाले सभी चिकन सेंटरों बंद करने के निर्देश दिए है। बुधवार को नगरीय क्षेत्रों के साथ कोनी, देवरीखुर्द, लालखदान, सकरी, चकरभाठा इलाके में सभी चिकन सेंटर बंद रहे। नगर निगम प्रशासन द्वारा कोनी स्थित शासकीय कुक्कुट प्रक्षेत्र में संक्रमण मिलने के बाद संबंधित क्षेत्र के एक किलोमीटर के दायरे में आवागमन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसके अलावा शहर की सभी चिकन व अंडा दुकानों को बंद करा दिया गया है। वहीं चोरी-छिपे विक्रय करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है, जो शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सतत निगरानी कर रही हैं।
चोरी-छिपे मांस व अंडा बेचने पर करेंगे कार्रवाई
बिलासपुर। नगर निगम के हेल्थ ऑफिसर प्रवेश कश्यप ने बताया कि सभी क्षेत्रों में साफ-सफाई पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और लोगों को सावधानी बरतने के लिए अनाउंसमेंट कराया जा रहा है। शहर की सभी चिन्हांकित मांस व अंडा दुकानों को बंद करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि यदि कहीं चोरी-छिपे मांस का विक्रय किया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इंस्टाग्राम में युवती से दोस्ती फिर दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़। महिला थाना रायगढ़ पुलिस ने शादी का प्रलोभन देकर युवती के साथ शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 24 मार्च को स्थानीय युवती (29 वर्ष) द्वारा महिला थाना रायगढ़ में आवेदन प्रस्तुत कर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि अप्रैल 2024 में इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी पहचान सूरज उर्फ सूर्यकांत साहू निवासी सरिया से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी ने विश्वास में लेकर 20 अक्टूबर 2025 को युवती के घर पहुंचकर जबरन शारीरिक संबंध बनाया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी, जिससे डरी सहमी युवती ने किसी को घटना की जानकारी नहीं दी। इसके बाद नवंबर 2025 में आरोपी युवती को रायपुर अपने रिश्तेदार के घर ले गया, जहां भी उसने दो दिनों तक उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती द्वारा लगातार शादी का दबाव बनाने पर आरोपी टालमटोल करता रहा और अंततः दिनांक 05 मार्च 2026 को सरिया बुलाकर बाजार चौक में मिलने के बाद उसने शादी से साफ इनकार कर दिया। घटना से आहत युवती ने महिला थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिस पर थाना महिला रायगढ़ में धारा 351 (3),69 भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सूरज उर्फ सूर्यकांत साहू (34 वर्ष), पिता धनराज साहू, निवासी वार्ड क्रमांक 8 थाना सरिया, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ को कल ही उसके निवास से हिरासत में लेकर रायगढ़ लाया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त पोको मोबाइल फोन जप्त कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
चोरी का फरार आरोपी दो साल बाद हुआ था गिरफ्तार, फिर भागा था अभिरक्षा से हुआ गिरफ्तार
सक्ती। थाना जैजैपुर क्षेत्र में वर्ष 2024 से दर्ज त्रि चोरी के मामले में फरार चल रहे आरोपी ने को पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। आरोपी पहले पुलिस हिरासत का से फरार हो गया था, जिसके बाद पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर उसे पुनः पकड़ने में सफलता हासिल की। प्रकरण की के अनुसार प्रार्थी तिलक सिंह सोलंकी निवासी केंवटा पाली, थाना बसना, जिला महासमुंद ने 6 दिसंबर 2023 को थाना जैजैपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वे स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल लिमिटेड शाखा जैजैपुर में कार्यरत थे, जहां 3 अक्टूबर 2022 से संजय नगर स्थित एक मकान में शाखा का संचालन किया जा रहा था। 6 दिसंबर 2023 को सुबह लगभग 10 बजे शाखा कार्यालय में ताला बंद कर सभी स्टाफ फील्ड ड्यूटी के लिए निकल गए थे। इसी दौरान कार्यालय में कार्यरत कर्मचारी सुरेन्द्र कुमार पटेल ने मौका पाकर तिजोरी से 1 लाख 84 हजार 101 रुपये नगद पार कर दिए और फरार हो गया। घटना के समय कार्यालय में मौजूद महिला कर्मचारी खाना बनाने में व्यस्त थी, जिसका फायदा उठाकर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस लगातार कर रही थी तलाश मामले की रिपोर्ट पर थाना जैजैपुर में अपराध धारा 454, 380 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार था और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे थे। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं एसडीओपी भुनेश्वरी पैंकरा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी भूपेन्द्र सिंह चन्द्रा द्वारा विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश तेज की गई।
सप्ताह भर पहले भागा, आखिरकार पकड़ा गया
सक्ती। पुलिस को 18 मार्च को सफलता मिली, जब आरोपी को हिरासत में लिया गया, लेकिन 19 मार्च की सुबह लगभग 5 बजे आरोपी पुलिस को चकमा देकर अभिरक्षा से फरार हो गया। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तत्काल आरोपी के खिलाफ पृथक अपराध धारा 262 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश देना शुरू किया और संभावित ठिकानों पर निगरानी रखी। अंततः 24 मार्च को आरोपी को उसके निवास क्षेत्र औराईकला में घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पुलिस द्वारा पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में लंबित मामलों के निराकरण और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिससे अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
स्वास्थ्य केन्द्र की छत का गिरा प्लास्टर, बाल-बाल बचे स्टाफ
कोरबा। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र हरदीबाजार एसईसीएल दीपका खदान के मुहाने पर जा पहुंचा है। खदान में हो रहे उत्खनन कार्य के कारण अस्पताल की दीवारों में दरारें आ चुकी हैं। छत का प्लास्टर गिर रहा है। बुधवार को भी ऐसी ही घटना सामने आई, जब हैवी ब्लास्टिंग से प्रसुति वार्ड की छत का प्लास्टर भरभराकर गिर गया। घटना में अस्पताल के स्टाफ बाल बाल बच गए।
ग्रामीणों ने बताया कि एसईसीएल दीपका खदान से लगातार कोयला उत्पादन को विस्तार दिया जा रहा है। जिसके कारण प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र हरदीबाजार एसईसीएल दीपका खदान के लगभग 30 मीटर मुहाने पर पहुंच चुका है। जिसके कारण अस्पताल के स्टाफ व इलाज कराने आने वाले मरीजों में दहशत बनी रहती है। खदान में हो रहे हैवी ब्लास्टिंग के कारण स्वास्थ्य केन्द्र भवन के चारों ओर दरारें आ चुकी हैं। वहीं अस्पताल में पेयजल की समस्या भी निर्मित हो रही है। बुधवार की दोपहर पुनः अस्पताल के प्रसुति वार्ड के छत का प्लास्टर भरभराकर गिर गया। बताया जा रहा है कि जिस दौरान घटना हुई, उस समय वार्ड के नर्स व अन्य स्टाफ वहां मौजूद थे, जो चपेट में आने से बाल बाल बच गए। इस संबंध में बार बार उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद समस्या निजात को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। हैवी ब्लास्टिंग के चलते प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का भवन में कार्य करना खतरे से खाली नहीं है। पानी के लिए भी स्टाफ व मरीजों को तरसना पड़ रहा है। खदान की वजह से भूजल स्तर गिर चुका है। बोर से पानी भी नहीं निकलता है।
हटिया–दुर्ग स्पेशल ट्रेन अब एक्सप्रेस के रूप में चलेगी, यात्रियों को मिलेगी नियमित सुविधा
बिलासपुर। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने हटिया-दुर्ग-हटिया द्वि-साप्ताहिक सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन का नियमितीकरण कर दिया है। अब यह ट्रेन 18641/18642 नंबर के साथ एक्सप्रेस के रूप में संचालित होगी। नई व्यवस्था के तहत गाड़ी संख्या 18641 हटिया-दुर्ग एक्सप्रेस 2 अप्रैल 2026 से प्रत्येक मंगलवार और गुरुवार को हटिया से रवाना होगी। वहीं 18642 दुर्ग-हटिया एक्सप्रेस 3 अप्रैल से प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को दुर्ग से चलेगी। यह ट्रेन राउरकेला, झारसुगुड़ा, रायगढ़, चांपा, बिलासपुर, भाटापारा और रायपुर स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी। ट्रेन में कुल 15 एलएचबी कोच रहेंगे, जिनमें सामान्य, स्लीपर, एसी और एसएलआरडी कोच शामिल हैं। रेलवे के इस निर्णय से बिलासपुर सहित आसपास के यात्रियों को नियमित और बेहतर यात्रा सुविधा मिलने की उम्मीद है।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले पटवारी, सचिव सहित कर्मचारी होंगे सम्मानत
जांजगीर-चांपा। जिले में प्रशासनिक कार्यों को बेहतर तरीके से संचालित करने वाले पटवारी, सचिव सहित कर्मचारियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। यह पहल उन कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से की जा रही है, जिन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समयबद्धता के साथ किया है।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि पटवारी, सचिव सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारियों द्वारा विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन, डिजिटल क्रॉप सर्वे, गिरदावरी और मतदाता जागरूकता, पेंशन योजना जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में सराहनीय योगदान दिया गया है। इन कार्यों के माध्यम से शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो रहा है। उन्होंने कहा कि जो कर्मचारी बेहतर कार्य कर रहे है उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इससे अन्य कर्मचारियों को भी उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरणा मिलेगी।
चाकू की नोंक पर छेड़छाड़ करने वाले को दो साल कैद
कोरबा। युवक बुरी नियत से एक मकान के भीतर घुस गया, जब मकान मालिक कमरे के भीतर पहुंचा तो युवक उसकी पत्नी के गले मे चाकू अड़ाकर बैठा मिला। पीड़िता ने खुद को बचाने युवक के हाथ को दांत से काट लिया। इसके बाद भी युवक चाकू हाथ में थामा रहा। मकान मालिक ने पत्नी व बच्चों को बचाने युवक पर डंबल की रॉड से हमला कर दिया। वे बेहोश युवक को कमरे में बंद कर बाहर आ गए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आरोपी को दो साल सश्रम कारावास व पांच सौ अर्थदंड से दंडित किया है। अतिरिक्त लोक अभियोजक मोहन सोनी के अनुसार घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र में 23 मार्च 2025 की रात करीब 11.30 बजे घटित हुई थी। क्षेत्र मे रहने वाला युवक शौच के लिए गया था। वह शौच के बाद अपने कमरे में पहुंचा तो राकेश उर्फ रज्जू सूर्यवंशी नामक युवक उसकी पत्नी के गले में चाकू अड़ाकर नग्न हालत में बैठा मिला। अपनी पत्नी की जानसांसत में देख युवक ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नही हुआ। पीड़िता ने किसी तरह हिम्मत जुटाते हुए खुद को छुडाने रज्जु के हाथ को दांत से काट लिया। उसने चाकू को छिनने की कोशिश भी की, लेकिन युवक के हाथ से चाकू नही गिरा। इस बीच पत्नी व बच्चों को बचाने युवक ने रज्जू के सिर पर डंबल की रॉड से हमला कर दिया। हमले में रज्जु बेहोश हो गया। युवक पत्नी और बच्चों को लेकर कमरे से बाहर आ गया। उसने रज्जू को कमरे के भीतर ही बंद कर दिया। पीड़ित परिवार ने घटना की जानकारी पड़ोसियों के अलावा पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे कोर्ट में पेश कर दिया। मामले की सुनवाई अपर सत्र न्यायाधीश एफटीसी सीमा प्रताप चंद्रा के न्यायालय में चल रही थी। सुनवाई के दौरान आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य व सबूत पेश किया गया, जिससे दोष सिद्ध हो गया। कोर्ट ने दोषसिद्ध होने पर दोषी को दो साल सश्रम कारावास व पांच सौ रूपए अर्थदंड से दंडित किया है।
मीटर रीडिंग और बिलिंग के लिए वितरण कंपनी में रीडरों की होगी भर्ती
बिलासपुर। विद्युत वितरण कंपनी द्वारा नवीन मीटर वाचक योजना के अंतर्गत मीटर रीडिंग एवं बिलिंग कार्य के लिए इच्छुक व्यक्तियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह भर्ती कार्यपालन अभियंता, नगर संभाग-एक (पूर्व) के अंतर्गत तोरवा, लिंक रोड, बसंत विहार एवं सिरगिट्टी जोन के लिए की जा रही है। इसके लिए चयनित मीटर रीडर के पास स्वयं का स्मार्ट मोबाइल फोन होना अनिवार्य होगा, जिसमें एंड्रॉइड 8.0 या उससे अधिक वर्जन, न्यूनतम 3 जीबी रैम और 8 मेगापिक्सल कैमरा होना चाहिए। साथ ही इंटरनेट सुविधा और ब्लूटूथ थर्मल प्रिंटर की उपलब्धता भी जरूरी है। मीटर वाचक के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता हायर सेकेंडरी निर्धारित की गई है। नगर संभाग में पूर्व में कार्य कर चुके अनुभवी मीटर वाचकों को प्राथमिकता दी जाएगी, विशेषकर वे जिनके पास कम से क दो वर्षों का अनुभव है। चयनित उम्मीदवारों को प्रारंभ में एक वर्ष के लिए कार्य दिया जाएगा। कार्य संतोषजनक पाए जाने पर अनुबंध बढ़ाया जा सकेगा, जबकि असंतोषजनक कार्य पर एक माह का नोटिस देकर कार्य समाप्त किया जा सकता है। इसके लिए आवेदन पत्र निर्धारित प्रारूप में होगा, जिसे कंपनी की वेबसाइट से डाउनलोड किया जा सकता है या कार्यालय से निःशुल्क प्राप्त किया जा सकता है। विद्युत वितरण कंपनी द्वारा बेरोजगारों को मीटर रीडर बनने का मौका दे रहा है। इसमें एक मीटर की रीडिंग कर ऑनलाइन स्पॉट बिल जारी करने पर आठ रुपए का भुगतान किया जाएगा। पूर्व संभाग में पहले से मीटर रीडर कार्यरत हैं। रिक्त स्थानों में नए को मौका देने के लिए आवेदन मंगाए गए है। वहीं सभी घरों में स्मार्ट मीटर लग जाने के बाद उनकी सेवा समाप्त भी की जाएगी।
8 किलो गांजा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
सारंगढ़-बिलाईगढ़। सरिया पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गांजा परिवहन कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 08 किलो 170 ग्राम गांजा, एक प्लेटिना मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त किया गया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक आंजनेय वाष्र्णेय के निर्देशन में अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में 24 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति उड़ीसा से सरिया की ओर प्लेटिना मोटरसाइकिल (सीजी 11 बीएम 7318) में गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना पर थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में सरिया थाना के सामने घेराबंदी कर वाहन को रोका गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम हसन मोहम्मद (38 वर्ष), निवासी पाठ थाना सकरी जिला बिलासपुर एवं अलीम खान (53 वर्ष), निवासी कोटमीसोनार थाना अकलतरा जिला जांजगीर-चांपा बताया। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल में रखी प्लास्टिक बोरी से गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

