Bilaspur News Update : बिलासपुर। निवेश कर मोटी रकम कमाने का झांसा देकर वन विभाग के दैनिक वेतन भोगी से 8 लाख 83 हजार 274 रुपए की आनलाइन ठगी कर ली है। सकरी पुलिस के अनुसार, उसलापुर सांई आंनदम निवासी आकास जायसवाल पिता दुर्गा प्रसाद जायसवाल वन विभाग में दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी हैं। उनके मोबाइल में टेलीग्राम एप पर ग्रुप के माध्यम से निवेश करने के लिए संपर्क किया गया और मोटी धनराशि कमाने की बात कही गई।

लालच में आकर उन्होंने 2 हजार रुपए निवेश कर दिया। उसके एवज में उन्हें 2 हजार 800 रुपए प्राप्त हुआ। उसके बाद उनकी राशि ट्रांजेक्शन फस गई कहते हुए उक्त रकम लेने के लिए शुल्क के रूप में धनराशि जमा करने की बात कही गई। इस तरह से उन्हें अलग अलग बहाने बताकर 31 दिसंबर 2025 से 9 जनवरी 2026 तक अलग अलग किस्तों में 8 लाख 83 हजार 274 रुपए ट्रांसफर कराकर आनलाइन ठगी कर लिया गया है। पुलिस ने उनकी रिपोर्ट पर अज्ञात मोबाइलधारक के खिलाफ बीएनएस की धारा 318, 4 के तहत जुर्म दर्ज कर लिया गया है।

तेज होने लगी धूप, सवेरे कोहरे से हो रहा सामना

बिलासपुर। फरवरी लगते ही धूप की किरणें तेज होने लगी हैं, ठंड की विदाई लगभग तय हो चुकी है, लेकिन इस बीच सुबह सवेरे लोगों का सामना कोहरे से हो रहा है। करीब 9 बजे तक सड़कों पर कोहरा दिखाई देता है। खासकर शहर के आउट में कोहरे की चादर दिखाई देने से मौसम सुहाना नजर आने लगता है, लेकिन दोपहर 12 बजे के आसपास तेज धूप की आहट होने लगती है। छत्तीसगढ़ के उत्तर संभाग अंबिकापुर और बिलासपुर, रोड जैसे क्षेत्रों में सुबह ठंड और नमी के कारण कोहरा घना छा रहा है। है। वर्तमान में प्रदेश में किसी बड़े मौसम तंत्र का प्रभाव नहीं है। कोहरे वाले इलाकों में यात्रा करते समय हेडलाइट और फाग लाइट उपयोग करने की सलाह मौसम विभाग द्वारा दी जा रही है। वहीं दोपहर में हल्की गर्माहट और रात में ठंड महसूस हो रही है। तापमान में उतार-चढ़ाव ने सर्दी के अनुभव हो रही है लेकिन आने वाले दो से तीन दिनों में गर्म के तेवर ओर भी तीखे हो सकते है।

धरना-प्रदर्शन के लिए नई जगह तलाशने फिर होगी माथापच्ची

बिलासपुर। शहर में अब धरना-प्रदर्शन के लिए नई जगह की तलाश के लिए सोमवार को कलेक्टोरेट के मंथन सभाकक्ष में जरूरी बैठक रखी गई है। कलेक्टर व एसपी की मौजूदगी में विभिन्न संगठनों से विचार-विमर्श कर नए स्थल का चिन्हांकन किया जाएगा। धरना-प्रदर्शन के लिए अब तक चिह्नांकित स्थानों का शहर के बीच में होने के कारण हड़तालियों की भीड़ से शहर की ट्रैफिक व्यवस्था बाधित होती है, जिससे निजात पाने अब एक और नई जगह की तलाश की जा रही है।

संभाग मुख्यालय होने के कारण शहर में हड़ताल व धरना-प्रदर्शन के कारण ट्रैफिक व्यवस्था लगातार खराब हो रही है। शुरूआती दौर में हड़तालियों को नेहरू चौक में सड़क के दोनों ओर टेंट लगातार प्रदर्शन करने की अनुमति दी गई थी, लेकिन शहर का अति वयस्ततम मार्ग होने के कारण यहां से हड़तालितयों को कोन्हेर गार्डन में स्थनांतरित किया गया था। कोन्हेर गार्डन के जीर्णोद्धार के बाद यहां शहरवासियों की संख्या बढ़ने के कारण यहां भी धरना-प्रदर्शन से लोगों को दिक्कत होने लगी थी। लिहाजा इसके लिए बृहस्पतिबाजार के ठीक बाजू में चाटापारा स्थित बीआर यादव उद्यान में धरना-प्रदर्शन की अनुमति दी जाने लगी। चूंकि यह स्थान भी शहर के मुख्य बाजार से लगा हुआ है, जिससे यहां भी लोगों को समस्या होने लगी थी। लिहाजा अब जिला व पुलिस प्रशासन एक नई जगह की तलाश कर रहा है। इसके लिए सोमवार को शाम पांच बजे बैठक आयोजित की गई है।

उल्लेखनीय है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था व संविधान में दिए गए अधिकारों के अंतर्गत सभी नागरिकों और संगठनों को विधि पूर्वक, शांति पूर्ण आचरण से अपनी बात रखने के लिए स्वतंत्रता दी गयी है। जिसके तहत अपनी मांग रखने, संदेश देने के लिए धरना, रैली, जुलूस निकाल कर ज्ञापन दिया जाता है यहां आयोजित धरना प्रदर्शन से यातायात गंभीर रूप से प्रभावित होता है और आगंतुकों को परेशानी होती है। यहाँ स्थित अनुविभागीय अधिकारी (रा.) व तहसील कार्यालय, नवीन भवन का निर्माण प्रस्तावित है। निर्माणाधीन अवधि में यहां किसी भी धरना-प्रदर्शन के लिए अनुमति दिया जाना सम्भव नहीं होगा।

बिलासपुर को उड़ता पंजाब बनाने वाले 3 सरगना गिरफ्तार, 34 ग्राम हेरोइन जब्त

बिलासपुर। बिलासपुर को उड़ता पंजाब बनाने वाले 3 सरगना को पकड़ने में एसीसीयू टीम को बड़ी सफलता मिली है। उनके पास से 34 ग्राम हेरोइन जब्त की गई है। पंजाब से हेरोइन लाकर पुड़िया बनाकर संभ्रात परिवार के बच्चों को बेच रहे थे। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस को सूचना मिली कि चकरभाठा क्षेत्र के तीन युवक बाहर से हेरोइन लाकर शहर के संभ्रात परिवार के बच्चों को ग्राहक बनाकर उसकी बिक्री कर रहे है। सीएसपी निमितेश सिंह परिहार, एसीसीयू प्रभारी हेमंत आदित्य ने टीम के चकरभाठा क्षेत्र में गोपनीय तरीके से पतासाजी की। सूचना सही पाए जाने पर हिरीं माइंस, तिलकनगर क्षेत्र में घेराबंदी कर तीन युवकों को पकड़ लिया। उनके पास से 34 ग्राम हिरोइन बरामद किया गया है। तीनों युवक लंबे समय से हेरोइन शहर में लाकर खपा रहे थे। चकरभाठा पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है।

दिनदहाड़े कार में आग लगाकर दहशतगर्दी मचाने वाले 3 गिरफ्तार

बिलासपुर। दिनदहाड़े पेट्रोल डालकर कार में आग लगाकर दहशतगर्दी मचाने वाले 3 बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

तारबाहर पुलिस के अनुसार, विनोबानगर निवासी दीपक सिंह पिता अवतार सिंह ने रिपोर्ट लिखाई। 1 फरवरी को उनकी क्रेटा कार क्रमांक सीजी 10 एक्यू, 9087 घर के सामने खड़ी थी। इसी दौरान उनका भांजा श्रेयांस सिंह कंडा अपने अन्य साथियों के साथ आया और उनकी कार में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। उसके बाद श्री सिंह को जान से मारने की धमकी देते हुए दहशतगर्दी मचाने लगा। जिससे आसपास क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। पुलिस ने पतासाजी कर दहशतगर्दी मचाने वाले श्रेयांस सिंह कंडा पिता सरनजीत सिंह 21 साल मंगला चौक, मौरिस रोडनी मार्टिन पिता केग मार्टिन 19 साल विनोबानगर, आनंद दास पिता ईश्वर दास 20 साल दयालबंद निवासी को पकड़ लिया। पुलिस ने श्री सिंह की रिपोर्ट पर बीएनएस की धारा 326 एफ, 351, 3, 3, 5 के तहत तीनों को गिरफ्तार कर लिया है।