Bilaspur News Update : रायगढ़। प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण योजना (पीएमएवाई-ग्रामीण) के तहत स्वीकृत निर्माण कार्यों में लापरवाही बरतने के मामले में ग्राम पंचायत नगोई के सचिव जीवन लाल राठिया को जिला प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के निर्देश पर की गई है। जानकारी के अनुसार सचिव ने उच्च अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करते हुए निर्माण कार्यों में रुचि नहीं दिखाई। 11 फरवरी को उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, जबकि 18 फरवरी को दिया गया जवाब समाधानकारक नहीं पाया गया। जांच में उनके कृत्य को छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (आचरण) नियम 1998 के नियम 3 के उप नियम (1) (एक) (दो) (तीन) तहत कदाचार माना गया।

नाबालिग से दुष्कर्म, आरोपी बैकुंठपुर से हुआ गिरफ्तार

रायगढ़। गंभीर मामलों में फरार आरोपियों की धरपकड़ के अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत फरार चल रहे शंकर बरेठ को बैकुंठपुर गिरफ्तार से कर न्यायालय में पेश किया। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल द्वारा विशेष टीम गठित की गई थी, जो थाने में दर्ज अपराधों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर लगातार कार्यरत थी। जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर 2025 को एक स्थानीय बालिका ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी ने 10 और 13 नवंबर को मॉर्निंग वॉक के दौरान उसके साथ छेड़खानी की। शिकायत मिलने पर आरोपी फरार हो गया था। मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने बैकुंठपुर में दबिश देकर आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार शंकर बरेठ (23 वर्ष) निवासी बैकुंठपुर राम मंदिर के पास आदतन बदमाश प्रवृत्ति का है। उसके खिलाफ 2024 में 1 और 2025 में 2 मारपीट के मामले भी दर्ज हैं। गिरफ्तारी वारंट पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

काम की तलाश में मेंगलुरु गए पांच मजदूरों में दो लापता, एक की मिली लाश

कोरबा। काम की तलाश में दक्षिण भारत गए कोरबा जिले के मजदूरों के साथ रहस्यमय घटनाक्रम सामने आया है। पांच मजदूर 11 फरवरी को काम करने के लिए मेंगलुरु के लिए निकले थे, लेकिन यात्रा के दौरान दो युवक रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए। कुछ दिन बाद पुलिस ने एक शव बरामद किया, जिसे लेकर अब कई सवाल खड़े हो गए हैं। शव की पहचान स्पष्ट नहीं हो पाने से स्वजन डीएनए जांच की मांग करने की तैयारी में हैं।

कोरबा जिले के ग्राम पंचायत क्षेत्र देवरी की रविदास तेंदुकोन्हा बस्ती-के रहने वाले पांच युवक भंवर साय, रविदास, खमन दास, अजय यादव और ईश्वर सिंह 11 फरवरी को मजदूरी के लिए मेंगलुरु रवाना हुए थे। उनके साथ झारखंड से मजदूरों की व्यवस्था कराने वाला एजेंट गोविंद भी मौजूद था। सभी युवक ट्रेन से लंबी यात्रा कर मेंगलुरु पहुंचने वाले थे, लेकिन रास्ते में ही घटनाक्रम बदल गया। साथियों के मुताबिक भंवर साय ट्रेन के एक बोगी के अंतिम छोर पर दरवाजे के पास बैठा हुआ था।

सफर के दौरान वह कब और किस स्टेशन पर ट्रेन से उतर गया, इसका किसी को पता नहीं चल सका। जब ट्रेन मेंगलुरु स्टेशन पहुंची और बाकी चार युवक नीचे उतरे, तब उन्हें पता चला कि भंवर साय उनके साथ नहीं है। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। इस रहस्य से मजदूर अभी उबर भी नहीं पाए थे कि स्टेशन पर दूसरा घटनाक्रम सामने आ गया। खमन दास और रविदास चाय पीने के लिए स्टेशन के बाहर गए थे।

आज रवाना होंगे स्वजन:–

तीन मजदूर अजय यादव, खमन दास और ईश्वर सिंह कोरबा लौट आए थे। ईश्वर सिंह ने बताया कि पुलिस ने दोबारा सभी को बुलाया है ताकि मामले की आगे जांच की जा सके।

राजस्व निरीक्षक और पटवारियों की समीक्षा बैठक, 14 पटवारियों को नोटिस

कोरबा। जिला कार्यालय में राजस्व निरीक्षकों और पटवारियों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मसाहती सर्वेक्षण कार्यों सहित अलग-अलग राजस्व संबंधी कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

मीटिंग के दौरान कोरबा जिले में चल रहे कुल 113 मसाहती ग्रामों की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को बताया गया कि इन ग्रामों में से 8 का अंतिम प्रकाशन और 12 का प्रारंभिक प्रकाशन हो चुका है।

जबकि बाकी ग्रामों में मसाहती सर्वे का कार्य प्रगति पर है। राजस्व निरीक्षकों और हल्का पटवारियों को ग्रामवार खसरों का सत्यापन, प्रारंभिक और अंतिम प्रकाशन की प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा राजस्व अभिलेखों की स्वच्छ प्रति तैयार करने के निर्देश दिए गए।

14 पटवारियों को नोटिस

समीक्षा में यह भी निर्देश दिया गया कि मसाहती ग्रामों के सर्वेक्षण कार्य की प्रगति की साप्ताहिक समीक्षा कलेक्टर की ओर से की जाएगी। सर्वेक्षण कार्य में अपेक्षित प्रगति न होने के कारण एक राजस्व निरीक्षक और 14 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस (एससीएन) जारी किया गया है।

इसके अलावा बैठक में डीसीएस के अंतर्गत रबी फसल सर्वेक्षण, सातवीं लघु सिंचाई संगणना, डिजिटल किसान किताब, सीमांकन कार्यों की प्रगति, वन अधिकार अधिनियम के तहत पट्टा नामांतरण, स्वामित्व योजना, नक्शा बटांकन और नवीनीकरण से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई।