Bilaspur News Update: बिलासपुर। हाईकोर्ट ने पटवारियों के प्रमोशन मामले में अहम निर्देश जारी करते हुए राज्य सरकार और संबंधित विभाग को पात्र कर्मचारियों के दावों पर नियमानुसार विचार करने को कहा है। कोर्ट ने सुनवाई के दौरान पाया कि कई पटवारी 25-30 वर्षों से सेवा दे रहे हैं और वरिष्ठता के आधार पर योग्य होने के बावजूद उन्हें पदोन्नति नहीं दी गई, जबकि जूनियर कर्मचारियों को आगे बढ़ा दिया गया। साथ ही, प्रमोशन से 50 प्रतिशत पद भरने के नियमों के पालन पर भी सवाल उठाए गए।

कोर्ट ने निर्देश दिया कि याचिकाकर्ता 15 दिनों के भीतर संबंधित विभाग को अभ्यावेदन प्रस्तुत करें, जिसके बाद विभाग 60 दिनों के भीतर उनके मामले में कारण सहित निर्णय ले। हालांकि, कोर्ट ने स्पष्ट किया कि उसने मामले के गुण-दोष पर कोई अंतिम टिप्पणी नहीं की है और सक्षम प्राधिकारी नियमों के अनुसार स्वतंत्र रूप से फैसला करेगा।

गेवरारोड–पेंड्रा रोड के बीच 135 किमी नई रेल लाइन का काम तेज, नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य पूरा

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ रेल विकास निगम द्वारा ईस्ट-वेस्ट रेल कॉरिडोर परियोजना के तहत गेवरारोड से पेंड्रा रोड के बीच करीब 135 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। यह परियोजना क्षेत्रीय रेल संपर्क को मजबूत करने के साथ यात्री और माल परिवहन को नई गति देगी। इसी क्रम में पेंड्रा रोड स्टेशन से नई लाइन की कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के लिए रविवार को नॉन-इंटरलॉकिंग का महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया। इसके लिए करीब 6 घंटे का ब्लॉक लिया गया, जिसमें सभी तकनीकी और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए निर्धारित समय में काम पूरा कर लिया गया। परियोजना के तहत गेवरारोड और पेंड्रा रोड की ओर कुछ हिस्सों में रेल लाइन निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि दोनों स्टेशनों के बीच बाकी सेक्शन में काम तेजी से चल रहा है। इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा यात्रियों को बेहतर और सुगम रेल सुविधाएं मिल सकेंगी।

लावारिस बैग से 12 किलो गांजा बरामद, जांच में जुटी जीआरपी

रायगढ़। हाटिया–एलटीटी एक्सप्रेस के कोच एस-1 में बर्थ नंबर 73 पर लावारिस मिले ट्रॉली बैग से जीआरपी ने करीब 12 किलो 680 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 12.25 लाख रुपये बताई जा रही है। यात्रियों को बैग संदिग्ध लगने पर उन्होंने टीटीई को सूचना दी, जिसके बाद रेल मदद ऐप के जरिए मामला दर्ज कराया गया।

सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम सक्रिय हुई और शाम करीब 4 बजे ट्रेन के रायगढ़ स्टेशन पहुंचते ही बैग को कब्जे में लेकर जांच की गई। बैग खोलने पर उसमें 12 पैकेट गांजा मिला। पुलिस ने आसपास के डिब्बों की तलाशी भी ली, लेकिन कोई संदिग्ध नहीं मिला।

प्रारंभिक जांच में आशंका है कि बैग का मालिक संदेह होने पर पहले ही किसी स्टेशन पर उतर गया। जीआरपी ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और झारसुगुड़ा समेत आसपास के स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर जांच आगे बढ़ा रही है।

बिना अनुमति प्रार्थना सभा आयोजित करने पर केस दर्ज, आरोपी न्यायिक हिरासत में

जांजगीर। शिवरीनारायण पुलिस ने बिना अनुमति प्रार्थना सभा आयोजित करने के मामले में कार्रवाई करते हुए ग्राम बिलारी निवासी रवि कुमार साहू के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। आरोप है कि उसने अपने घर में बिना अनुमति सभा आयोजित कर लोगों को धर्मांतरण के लिए उकसाने का प्रयास किया।

ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां मकान के अंदर 15-20 महिला-पुरुष मौजूद मिले, जो बाहरी गांवों से आए थे। वहां धार्मिक प्रार्थना चल रही थी। पुलिस ने मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170, 126, 135(3) के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

11 माह से लापता नाबालिग, अब तक सुराग नहीं; परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप

जांजगीर। जिले से 14 वर्षीय नाबालिग लड़की 5 मई 2025 की रात से लापता है, लेकिन 11 माह बीतने के बाद भी पुलिस उसका पता नहीं लगा सकी है। परिजनों ने ग्राम के ही सत्यनारायण कश्यप पर आरोप लगाया है कि वह लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। इस संबंध में 6 मई 2025 को नवागढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।

परिजनों ने रिश्तेदारों के यहां भी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बताया गया कि जिस रात लड़की गायब हुई, उसी रात सत्यनारायण कश्यप भी गांव से लापता था। परिजनों ने उसके घर जाकर पूछताछ की, लेकिन उसके माता-पिता ने भी उसके बारे में जानकारी नहीं होने की बात कही। आरोप है कि थाने में रिपोर्ट दर्ज करते समय अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

इस मामले की शिकायत जून 2025 में पुलिस अधीक्षक जांजगीर से भी की गई थी। शिकायत में यह भी उल्लेख है कि आरोपी के परिजन रिपोर्ट दर्ज न कराने का दबाव बना रहे थे और लड़की को खोजकर लाने का आश्वासन दे रहे थे। साथ ही, आरोपी के दोस्तों पर किशोरी से विवाह कराने का दबाव बनाने का भी आरोप लगाया गया है।

नाबालिग होने के कारण परिजनों ने इस विवाह का विरोध किया और अब कलेक्टर, एसपी व नवागढ़ थाना में ज्ञापन सौंपकर बेटी की जल्द बरामदगी की मांग की है।

ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, चालक फरार

जांजगीर। सोंठी हसदेव नदी रेत घाट मार्ग पर बीते रविवार को ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा जोगीपारा के पास सुबह करीब 10:30 बजे हुआ। मृतक की पहचान शुभम गोस्वामी, निवासी सतनई (बाराद्वार, सक्ती क्षेत्र) के रूप में हुई है, जो अपने जीजा संजय गोस्वामी के घर आया हुआ था।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बम्हनीडीह पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को जब्त कर लिया, लेकिन चालक मौके से फरार मिला। पुलिस अब उसकी तलाश में जुटी है और यह भी जांच कर रही है कि ट्रैक्टर रेत परिवहन में संलिप्त था या नहीं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि रेत घाटों पर ट्रैक्टरों की बेलगाम आवाजाही के कारण हादसों का खतरा बना रहता है, जिससे खनिज विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H