Bilaspur News Update : बिलासपुर. तोरवा थाना क्षेत्र में मोबाइल हैकिंग के जरिए एक रेलवे कर्मचारी के बैंक खाते से 1 लाख 14 हजार 997 रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. पीड़ित ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है. प्रार्थी मो. मोइनुल हक निवासी कासिमपारा मस्जिद के पास, तोरवा ने पुलिस को बताया कि, वह रेलवे विभाग में ट्रेन मैनेजर के पद पर कार्यरत है. उनका एयरटेल कंपनी का मोबाइल नंबर भारतीय स्टेट बैंक, शाखा तोरवा जगमल चौक के खाते से जुड़ा हुआ है. 27 जनवरी को उनके मोबाइल में फोनपे एप काम करना बंद हो गया था. 31 जनवरी को बैंक जाकर जब उन्होंने खाते का स्टेटमेंट निकलवाया तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ. खाते से अलग-अलग तारीखों में कई बार राशि निकाली गई थी. 27 जनवरी को 10-10 हजार रुपए दो बार और 5 हजार रुपए एक बार, 28 व 29 जनवरी को 5-5 हजार रुपये, जबकि 31 जनवरी को 10-10 हजार रुपये दो बार और 5 हजार रुपये एक बार निकाले गए. इसके अलावा 19,999 रुपये की दो बार, 9,999 रुपये एक बार और 5,000 रुपये एक बार की ट्रांजेक्शन भी सामने आई. कुल मिलाकर 1,14,997 रुपये की अवैध निकासी हुई. पीड़ित का आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसका मोबाइल हैक कर डिजिटल भुगतान माध्यम से उक्त रकम की धोखाधड़ी की है. मामले की रिपोर्ट तोरवा थाने में दर्ज कर ली गई है. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और साइबर सेल की मदद से आरोपी की तलाश की जा रही है.

Bastar News Update
Bastar News Update

कोतरलिया से किरोड़ीमल के बीच चौथी लाइन में चलेगी ट्रेनें

बिलासपुर. कोतरलिया से रायगढ़ और रायगढ़ से किरोड़ीमल नगर के अलावा किरोड़ीमल नगर से भूपदेवपुर के बीच चौथी लाइन का काम कम्पलीट होने के उपरांत सीआरएस ने परिचालन की अनुमति भी दे दी है, जिसके उपरांत इस लाइन पर मालगाड़ियों के साथ यात्री ट्रेनों का परिचालन भी तत्काल शुरु किया जाएगा. रेलवे के अनुसार दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में नई रेल लाइन का निर्माण, दोहरीकरण एवं तीसरी व चौथी रेल लाइन परियोजनाओं पर तीव्र गति से काम किया जा रहा है. इसके तहत बिलासपुर से झारसुगुड़ा रेलखंड के बीच 206 किलोमीटर लंबी विद्युतीकृत चौथी रेल लाइन परियोजना को चरणबद्ध रूप से पूर्ण किया जा रहा है. परियोजना के अंतर्गत कोतरलिया से रायगढ़ और रायगढ़ से किरोड़ीमल नगर और किरोड़ीमल नगर से भूपदेवपुर स्टेशन के बीच 26.1 किलोमीटर लंबी नई विद्युतीकृत चौथी रेल लाइन का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है.

पैसे दोगुना का झांसा देकर ढाई लाख की ठगी करने वाले से लूट

बिलासपुर. रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-130 पर स्थित हाइवे किंग ढाबा के पास हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से लूटी गई स्विफ्ट डिजायर कार, तीन मोबाइल फोन और करीब 8 हजार रुपये नकद सहित कुल 2.28 लाख रुपये का मशरूका शत-प्रतिशत बरामद किया गया है. इस मामले का खुलासा करते हुए एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह ने बताया कि यह घटना 1 फरवरी की रात लगभग 3.35 बजे की है. प्रार्थी विजय कुमार राज (48 वर्ष), निवासी तिवरता, थाना दीपका, जिला कोरबा, अपनी तीन महिला रिश्तेदारों के साथ मेला देखकर स्विफ्ट डिजायर कार से लौट रहे थे. रतनपुर के पहले हाईवे किनारे पेशाब के लिए वाहन रोकने के दौरान दो कारों में सवार चार युवकों ने अचानक हमला कर मारपीट की और कार, मोबाइल व नगदी लूटकर फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही थाना रतनपुर में अपराध क्रमांक 76/26 धारा 126 (2), 309(4), 3, 5 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई. वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को जिला कोरिया और अंबिकापुर से धरदबोचा. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि प्रार्थी ने तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ से पैसे दोगुने करने का झांसा देकर उनसे 2.5 लाख रुपये की ठगी की थी. राशि वापस नहीं मिलने पर आक्रोश में आकर उन्होंने लूट की वारदात को अंजाम दिया. आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है. 

गिरफ्तार आरोपी और जब्त सामान

विद्यादास महंत 43 साल निवासी सीतापुर खड़गांव, जिला सरगुजा, रामसुंदर 32 साल निवासी बनखेता खरवर, जिला कोरिया, राजीव कुमार सिंह 37 साल निवासी हर्रापारा, बैकुंठपुर, गुलशन कुजुर 47 साल निवासी चरचा कालरी, जिला कोरिया को पकड़ा गया है. इनके पास से लूटी गई कार, 3 मोबाइल फोन व 8 नकद घटना में प्रयुक्त दो कार बरामद किया गया है.

झांसा देने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई: DIG

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (उप पुलिस महानिरीक्षक) रजनेश सिंह ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि झाड़-फूंक, तंत्र-मंत्र या पैसे दोगुने करने का झांसा देने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

कोनी और सीपत में अवैध शराब सहित 3 कोचिए गिरफ्तार

बिलासपुर. कोनी व सीपत पुलिस ने अपने अपने क्षेत्र में अवैध शराब बनाकर बेचने वाले 3 कोचियों को पकड़कर बड़ी मात्रा में शराब जब्त किया है. पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है.

कोनी पुलिस को सूचना मिली कि जलसो निवासी अजय वर्मा उर्फ जनता पिता गीतन वर्मा 36 साल गांव के तालाब के पास अधिक मात्रा में शराब रखा हुआ और बिक्री करने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है. पुलिस ने मौके पर दबिश देकर उसे पकड़ लिया. उसके पास से 125 लीटर महुआ शराब व शराब बनाने के सामग्री 2 नग डेंचकी, 1 गैस सिलण्डर, चूल्हा बरामद किया गया है. इसी तरह सीपत पुलिस ने

सूचना पर अमन लोनिया पिता मंगल सिंह लोनिया 22 साल नरगोडा, जगत नारायण वत्रकार पिता हिमांचल वस्त्रकार 40 साल देवरी निवासी को पकड़कर उनके पास से 15 लीटर महुआ शराब व 6.300 लीटर देशी प्लेन शराब जब्त किया गया है. पुलिस ने तीनों कोचियों को गिरफ्तार कर लिया है.

फर्जी ई चालान भेजकर महिला से आनलाइन ठगी 

फर्जी ई चालान भेजकर एक महिला से 6 लाख 83 हजार, 807 रुपए आनलाइन ठगी कर ली गई है. पुलिस अपराध कायम कर जांच में जुट गई है. तोरवा पुलिस के अनुसार, धानमंडी निवासी अनिता साहू पति राजेश साहू गृहणी है. उनके मोबाइल को उनका बेटा समित साहू उपयोग करते है. 29 जनवरी को उनके मोबाइल में परिवहन ऐप का मैसेज आया, जिसमें उनके बाइक का 2 हजार रुपए का चालान आया था. उनके बेटे को उक्त एप डाउन लोड कराया गया. डाउनलोड नहीं होने से रजिस्ट्रेशन चार्ज 1 हजार रुपए की मांग की गई. उनके द्वारा पैसा ट्रांसफर कर एप डाउनलोड किया गया. उसके बाद 31 जनवरी को शाम 5.30 से 8.40 बजे तक 17 बार ट्रांजेक्शन कर 6 लाख 83 हजार 807 रुपए ट्रांसफर कर आनलाइन ठगी कर ली गई है. पुलिस ने उनकी रिपोर्ट पर अज्ञात के खिलाफ बीएनएस की धारा 318, 4 के तहत जुर्म दर्ज कर लिया गया है.