बिलासपुर। दो साल पुराने नकबजनी के मामले में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी की पत्नी को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, महिला झुनिया बाई उर्फ शांति दो साल से फरार चल रही थी, जिसके बाद अब वह बनियाडीह क्षेत्र में घूमती मिली। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

बता दें कि मामला 8 दिसंबर 2023 का है। ग्राम कुकदा की निवासी मनीषा कांनगो ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि उस रात उसके माता-पिता अनिल कांनगो और गोंदा बाई कांनगो के घर झाड़-फूंक के लिए जनक राम सौंरा और उसकी पत्नी झुनिया बाई आए थे। इस दौरान उन्होंने पेटी में रखे नगद 50 हजार रुपए, चांदी के पायल, सोने-चांदी के गहने और अंगूठियां चोरी कर ली थीं। पीड़ितों के अनुसार, झाड़-फूंक के नाम पर उन्हें नींबू लगाने के लिए भेजा गया और फिर पेटी को चोरी कर ले गए। चोरी की गई संपत्ति की कीमत लगभग 60 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपी जनक राम सौंरा की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। उसकी पत्नी झुनिया बाई लंबे समय से फरार थी और जाली जमीन-जायदाद बेचकर भागी हुई थी। 14 मार्च को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने झुनिया बाई को बनियाडीह क्षेत्र में दो महिलाओं के साथ घूमते हुए पकड़ा।

प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने अपना नाम और पते छुपाने की कोशिश की, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपनी पहचान झुनिया बाई उर्फ शांति पत्नी स्व. जनक राम सौंरा निवासी जाली, मुकाम चकरभाठा सौरा मोहल्ला के रूप में दी। सीपत पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और आगामी जांच जारी रखी है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

