कुंदन कुमार, पटना। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा है। दरअसल आज मंगलवार (24 मार्च) को पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में कहा कि, अभी भी राहुल गांधी लगातार देश की नीति को कोस रहे हैं, जो जायज नहीं है।

राहुल गांधी खराब सोच वाले नेता- शाहनवाज हुसैन

शाहनवाज हुसैन ने कहा कि, पूरे विश्व में तेल संकट है। सभी देश परेशान हैं और राहुल गांधी सरकार पर आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी को विपक्ष का सबसे खराब सोच वाला नेता बताया और कहा कि, ये विपक्ष के नेता के लायक नहीं है। वहीं, उन्होंने पीएम मोदी के विदेश नीति को सबसे अच्छा विदेश नीति बताते हुए कहा कि, भारत में ना तो तेल का संकट है और ना गैस की संकट है और इसका श्रेय पीएम मोदी को जाता है, जो लगातार इस मामले का खुद मॉनिटरिंग कर भंडारण को बढ़ा रहे हैं।

बंगला से ममता की विदाई तय- शाहनवाज हुसैन

इस दौरान शाहनवाज हुसैन ने पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी को लेकर भी बड़ा बयान दिया और कहा कि, बंगाल में चुनाव की शहनाई बज चुकी है, ममता जी का विदाई इसी शहनाई के साथ होने वाली है। इसीलिए वो कुछ से कुछ बयान दे रही हैं। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में चुनाव को लेकर राज्य की सियासत तेज है। ममता बनर्जी एसआईआर समेत अन्य मुद्दों को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर लगातार हमलावर हैं।

हमें तैयार रहने की जरूरत- पीएम मोदी

दरअसल पीएम मोदी ने कल सोमवार (23 मार्च) को संसद में मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध को लेकर अपना संबोधन दिया। इस दौरान उन्होंने देश को सतर्क और तैयार रहने के लिए कहा। प्रधानमंत्री ने कहा कि, मौजूदा संकट सिर्फ क्षेत्रीय संघर्ष नहीं है, बल्कि इसके प्रभाव दुनिया की अर्थव्यवस्था और सुरक्षा पर लंबे समय तक पड़ सकते हैं। इसलिए भारत को हर परिस्थिति के लिए तैयार रहना होगा।

पीएम मोदी ने साफ शब्दों में कहा कि, युद्ध से दुनिया में जो मुश्किल हालात बने हैं, उसका असर लंबे समय तक रह सकता है। देश को एकजुटता के साथ इस चुनौती का सामना करना होगा। हमने कोरोना के समय में एकता के साथ ऐसी चुनौतियों का सामना किया है और अब हमें फिर से तैयार रहने की जरूरत है।

पीएम के संबोधन पर राहुल की प्रतिक्रिया

पीएम मोदी के संबोधन पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुजरात के वडोदरा में एक कार्यक्रम के दौरान जमकर निशाना साधा। राहुल ने मोदी सरकार पर देश के सामने मौजूदा आर्थिक स्थिति से निपटने के लिए जरूरी दिशा और रणनीति नहीं होने का आरोप लगाया। इस दौरान उन्होंने भारत और यूएस के बीच ट्रेड डील को लेकर भी मोदी सरकार पर निशाना साधा।

ये भी पढ़ें- ‘निशांत को है लालू-तेजस्वी से संबंधित यह बीमारी’, राजद प्रवक्ता एजाज अहमद का बड़ा बयान, बोले- पिता की तरह ही बेटे को…