हरदोई. दातागंज के भाजपा विधायक राजीव कुमार सिंह सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए. घटना बीती रात की है. जहां विधायक की गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया. इस दुर्घटना में विधायक राजीव सिंह बाल-बाल बचे. वे लखनऊ से बदायूं लौट रहे थे. इसी बीच हरदोई के पास गंगा एक्सप्रेस-वे पर ये हादसा हो गया. हादसे में MLA की गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.

जानकारी के मुताबिक बीजेपी विधायक राजीव कुमार सिंह (बब्बू) अपनी फॉर्च्यूनर गाड़ी से लखनऊ से दातागंज जा रहे थे. सवायजपुर क्षेत्र अंतर्गत गंगा एक्सप्रेसवे में उनकी गाड़ी बीच रोड में रखे बैरिकेड से टकरा गई. टक्कर इतनी तेज थी कि गाड़ी के एयरबैग खुल गए जिससे विधायक की जान बच गई. हादसे में विधायक को मामूली चोटें आई हैं.

इसे भी पढ़ें : उन्नाव में रफ्तार का कहर, दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, 2 युवकों की मौत

भाजपा विधायक की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिलते ही सवायजपुर थाना प्रभारी और रूपापुर चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंचे. यहां विधायक को प्राथमिक उपचार के बाद दूसरी गाड़ी से सुरक्षित दातागंज के लिए रवाना कर दिया गया. हादसे के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी का माहौल रहा. पुलिस ने क्षतिग्रस्त गाड़ी को सड़क के किनारे कर यातायात को सामान्य किया.