कुंदन कुमार/पटना। बिहार की राजधानी पटना में आज राजनीतिक सरगर्मी तेज रही। राहुल गांधी द्वारा विदेशों में दिए गए बयानों और उनके कार्यकर्ताओं के हालिया रुख के खिलाफ बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। पटना स्थित बीजेपी प्रदेश कार्यालय से लेकर इनकम टैक्स गोलंबर तक कार्यकर्ताओं ने मार्च निकाला और राहुल गांधी का पुतला दहन किया।
देश के अपमान का लगाया आरोप
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे बीजेपी विधायक संजय गुप्ता ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता लगातार अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। गुप्ता ने कहा, राहुल गांधी न केवल देश के भीतर बल्कि विदेशों में भी जाकर भारत के बारे में अनर्गल बातें बोलते हैं, जो बेहद निंदनीय है।
अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों के विरोध पर नाराजगी
विधायक ने हालिया अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा वैश्विक स्तर पर हो रहे कार्यक्रमों का विरोध करना देश के नाम को खराब करने वाली हरकत है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि राहुल गांधी अपनी इन हरकतों से बाज आएं, अन्यथा बीजेपी का एक-एक कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर पूरे देश में इसका पुरजोर विरोध करेगा।
नारेबाजी से गूंजा इनकम टैक्स गोलंबर
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हाथ में तख्तियां और झंडे लिए कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि देश के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बीजेपी नेताओं का मानना है कि विपक्ष की नकारात्मक राजनीति भारत की बढ़ती वैश्विक साख को चोट पहुंचाने की कोशिश है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


