गुरुग्राम के हेलीमंडी स्थित सरकारी स्कूल में 20 वर्षीय युवक रवि की बेरहमी से हत्या कर दी गई। शुक्रवार सुबह स्कूल पहुंचे शिक्षकों को खून से सनी लाश मिली। पुलिस और फोरेंसिक टीम मामले की जांच में जुटी है।

गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में शुक्रवार की सुबह एक सरकारी स्कूल में खून से लथपथ एक लाश बरामद हुई। जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मामला हेलीमंडी स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय का है। जब सुबह स्कूल के टीचर और अन्य स्टाफ ड्यूटी पर पहुंचे, तो देखा कि, चारों तरफ खून फैला हुआ था, युवक का शव जमीन पर पड़ा था। ये नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।

स्कूल स्टॉफ ने पुलिस को दी सूचना

दरअसल, जैसे ही स्टाफ ने युवक की डेड बॉडी देखी, तुरंत इसकी जानकारी शिक्षा विभाग और पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और सबसे पहले उस हिस्से को सील किया जहां लाश मिली थी। पुलिस के मुताबिक, युवक की हत्या किसी भारी वस्तु से उसके सिर पर वार करके की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक एक्सपर्ट्स और डॉग स्क्वाड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया ताकि सबूत जुटाए जा सकें।

यूपी का रहने वाला था मृतक

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 20 वर्षीय रवि के रूप में हुई है। रवि मूल रूप से उत्तर प्रदेश के ललितपुर का रहने वाला था। पुलिस ने जब उसके परिवार से संपर्क किया, तो पता चला कि रवि गुरुवार रात से ही लापता था। घरवाले उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन शुक्रवार सुबह पुलिस के जरिए उन्हें इस दर्दनाक हत्या की खबर मिली।

पुलिस की जांच शुरू, रात के सन्नाटे का फायदा?

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आखिर रवि स्कूल के भीतर कैसे पहुंचा और इस वारदात को किसने अंजाम दिया। शुरुआती जांच में लग रहा है कि हत्यारों ने रात के सन्नाटे का फायदा उठाकर स्कूल परिसर में इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और स्कूल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। फिलहाल, इस घटना के बाद से स्कूल के स्टाफ और स्थानीय लोगों में काफी दहशत है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।