Bihar Crime: बिहार के छपरा से एक बड़ी खबर निकलकर सामने आई है, जहां मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बसाढ़ी पंचायत भवन में कार्यरत कार्यपालक सहायक प्रियंका कुमारी का शव संदिग्ध हालत में पंखे से लटका हुआ मिला। प्रियंका के मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रो-रोकर उनका बुरा हाल है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।

हत्या या खुदकुशी? जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। पुलिस ने प्रियंका के शव को फंदे से नीचे उतारा और उसे अपने कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया। प्रियंका ने आत्महत्या की है या फिर किसी ने हत्या कर उसके शव को फंदे से लटका दिया? फिलहाल पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच को आगे बढ़ा रही है।

पंचायत भवन से वापस नहीं लौटी मृतका

मृतका प्रियंका कुमारी की पहचान महम्मदपुर रसूलपुर निवासी राजीव कुमार की पत्नी के रूप में हई है। मिली जानकारी के अनुसार, प्रियंका कल शनिवार को अपनी स्कूटी से पंचायत भवन स्थित कार्यालय पहुंची थी, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला।

पंखे के सहारे लटका मिला शव

आज रविवार की सुबह प्रियंका का मोबाइल लोकेशन पंचायत भवन के आसपास मिला, जिसके बाद परिजन वहां पहुंचे तो कमरे का मुख्य दरवाजा बाहर से बंद मिला। लेकिन पंचायत भवन के पिछले हिस्से का दरवाजा खुला मिला। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब, पंचायत भवन की तलाशी ली तो अंदर कमरे में प्रियंका का शव पंखे के सहारे लटका हुआ मिला। वहीं, कमरे में मौजूद बड़ा टेबल उल्टा हुआ था।

सुसाइड नोट में खुदकुशी की बात

मृतका के भाई ने पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। प्रथम दृष्टया में पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें मानसिक तनाव के कारण खुदकुशी करने की बात कही गई है। सुसाइड नोट प्रियंका ने लिखा है या फिर किसी और ने इस बात की भी जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें- कैमूर में बड़ा हादसा: पति के सामने पत्नी की दर्दनाक मौत, रेल पटरी पार करते समय हुआ हादसा