B:ihar Crime: सीवान से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां कृषि विभाग में कार्यरत सृष्टि कुमारी (26) का शव उसके किराए के कमरे में फंदे से लटकता हुआ मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक सृष्टि कुमारी हसनपुरा प्रखंड स्थित कृषि पदाधिकारी कार्यालय में बतौर असिस्टेंट टेक्निकल मैनेजर के पद पर कार्यरत थी। घटना कल मंगलवार की रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है।
मुझे माफ कर देना मम्मी
सृष्टि के कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें लिखा गया है कि, मैं यह नहीं करना चाहती थी, पर मैं चीजें हैंडल नहीं कर पाई। मुझे माफ कर देना मम्मी, मैंने आपको बहुत दुख दिया है। हालांकि, परिजनों ने बरामद नोट पर सवाल उठाया है। उनका कहना है कि यह उनके बेटी कि लिखावट नहीं है। उन्होंने सृष्टि की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
सोमवार को सीवान पहुंची थी सृष्टि
मृतका के भाई आशुतोष ने बताया कि, सृष्टि सोमवार को हाजीपुर से सीवान आई थी। रात 9 बजे के करीब उससे आखिरी बार बात हुई, लेकिन अगले दिन सुबह से उसका फोन बंद आने लगा। कई बार कोशिश के बाद भी जब सृष्टि से संपर्क नहीं हो पाया, तो मकान मालिक (जो दिल्ली में मौजूद है) को सूचना दी गई। मकान मालिक ने पड़ोसियों से कमरे तक जाकर देखने को कहा, जब पड़ोसी वहां पहुंचे तो अंदर का नजारा देख सभी के होश उड़ गए। सृष्टि का शव फंदे से लटका था और उसका शरीर जमीन को छू रहा था। तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
सहकर्मियों पर लगाया गंभीर आरोप
परिवार ने सृष्टि के हत्या की आशंका जताते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने सृष्टि के कुछ सहकर्मियों नागेंद्र सिंह, सतीश कुमार और रंजन पांडेय पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि ये लोग सृष्टि पर गलत नजर रखते थे और उसे परेशान करते थे। परिवार ने नागेंद्र सिंह पर सृष्टि का आपत्तिजनक वीडियो बनाने का भी आरोप लगाया है।
पैसे लेने का वीडियो हुआ था वायरल
इस बीच यह भी सामने आया है कि सृष्टि पर पहले फील्ड विजिट के दौरान पैसे लेने का आरोप लगा था, जिसका एक वीडियो भी वायरल हुआ था। इसके बाद उसका तबादला कर दिया गया था। घटना के बाद से सृष्टि का शव 18 घंटे से पोस्टमॉर्टम हाउस में पड़ा है, क्योंकि परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं और शव लेने से इंकार कर रहे हैं।
पुलिस ने जल्द कही खुलासे की बात
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और सुसाइड नोट व मोबाइल फोन की जांच की जा रही है। नगर थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने कहा है कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।
ये भी पढ़ें- हत्या या खुदकुशी? स्कूल से गायब शिक्षिका का रेलवे ट्रैक पर मिला शव, छानबीन में जुटी पुलिस
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

