बोकारो। झारखंड के बोकारो जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। माराफारी थाना क्षेत्र के कर्नल मार्केट में शनिवार सुबह अवैध तमंचे से चली गोली लगने के कारण साढ़े तीन साल के मासूम साहिल राम की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बच्चे के मामा राजेश दास ने उसे पिस्तौल खिलौना बताकर दे दी थी। खेलते समय मासूम ने उसका ट्रिगर दबा दिया और गोली उसके सिर में जा लगी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि आरोपी के मौके से फरार होने की बात सामने आई है।
मां ने खिलाया था चाय-ब्रेड, तभी हुई दर्दनाक घटना
साहिल की मां शांभा देवी के मुताबिक, शनिवार सुबह उनका बेटा सोकर उठा और भूख लगने की बात कही। इसके बाद उन्होंने उसे चाय और ब्रेड खिलाई। इसी दौरान मोहल्ले में रहने वाला उनका भाई राजेश दास वहां पहुंचा और बच्चे को पिस्तौल दे दी।
खिलौना समझकर दबाया ट्रिगर, सिर में लगी गोली
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, साहिल पिस्तौल को खिलौना समझकर उससे खेलने लगा। इसी दौरान उसके हाथ से ट्रिगर दब गया और गोली सीधे उसके सिर में जा लगी। गोली चलने की आवाज से आसपास के लोग घबरा गए। मासूम की मौत से परिवार में मातम पसरा है।
घटना के बाद आरोपी फरार, पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद राजेश दास के मौके से फरार होने की जानकारी सामने आई है। मामले में अवैध हथियार के इस्तेमाल और बच्चे को पिस्तौल देने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। पुलिस की जांच के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों और आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

