कुंदन कुमार/ पटना। बिहार में शिक्षक बहाली परीक्षा (TRE-4) के परिणामों में हो रही देरी ने अब तूल पकड़ लिया है। रिजल्ट की मांग को लेकर अभ्यर्थी अब आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं। छात्र नेता दिलीप कुमार ने स्पष्ट ऐलान किया है कि अगर सरकार और आयोग ने समय रहते कदम नहीं उठाए, तो छात्र सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे।
सरकार को 18 मार्च तक की मोहलत
लल्लू राम न्यूज डॉट कॉम से विशेष बातचीत के दौरान दिलीप कुमार ने कहा कि अभ्यर्थी लंबे समय से अपने परिणाम का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन उनकी धैर्य की परीक्षा ली जा रही है। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा, यदि 18 मार्च तक TRE-4 का रिजल्ट घोषित नहीं किया जाता है, तो राज्य भर के छात्र पटना की सड़कों पर उतरकर विशाल प्रदर्शन करेंगे।
BPSC पर साजिश का आरोप
दिलीप कुमार ने अपनी बातचीत में बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि आयोग जानबूझकर रिजल्ट में देरी कर रहा है। छात्र नेता के अनुसार, आयोग की ढुलमुल नीति न केवल छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है, बल्कि यह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की छवि को भी धूमिल करने की एक सोची-समझी साजिश प्रतीत होती है।
बढ़ता आक्रोश और भविष्य की रणनीति
शिक्षक अभ्यर्थियों का कहना है कि परीक्षा संपन्न होने के बावजूद रिजल्ट को अटकाए रखना मानसिक प्रताड़ना के समान है। छात्र नेता ने स्पष्ट किया कि आंदोलन शांतिपूर्ण होगा लेकिन इसकी जिम्मेदारी पूरी तरह प्रशासन की होगी। इस ऐलान के बाद से ही सोशल मीडिया पर अभ्यर्थियों का समर्थन बढ़ने लगा है और पटना में बड़े आंदोलन की सुगबुगाहट तेज हो गई है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

