आशुतोष तिवारी, जगदलपुर। जगदलपुर में दो अलग-अलग चोरी के मामलों में कार्रवाई करते हुए बस्तर पुलिस ने एक अंतरराज्यीय चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। बता दें कि 29 जनवरी की शाम को शातिर चोरों ने कोतवाली थाना क्षेत्र के सनसिटी और बोधघाट थाना क्षेत्र के वृंदावन कॉलोनी स्थित सूने मकानों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये नगद और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए थे।

शातिर आरोपियों ने पुलिस की नजर से बचने के लिए चोरी के दौरान मोबाइल का उपयोग न करते हुए वॉकी-टॉकी का उपयोग किया, लेकिन बस्तर पुलिस ने शहर के तकरीबन 400 सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की पहचान कर ली।

शातिर चोर घटना को अंजाम देने के बाद विशाखापट्टनम रवाना हो गए थे, जिसके बाद पुलिस लगातार आरोपियों के पीछे लगी हुई थी। आरोपी वापस अपने-अपने ठिकानों पर जाने के लिए फिर से बस्तर के रास्ते रायपुर भागने के फिराक में थे, तभी बस्तर पुलिस ने आरोपियों को जगदलपुर के पास से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार हुए आरोपियों में अभिषेक खंडारा (पंजाब), विशाल वाल्मीकि (हरियाणा), जबकि नरेंद्र सिंह (भिलाई) और विक्की कुमार वर्मा (दुर्ग) के निवासी हैं। शातिर चोरों ने महज दो घंटे के अंदर दो बड़ी चोरियों को अंजाम दिया और पकड़े जाने से बचने के लिए विशाखापट्टनम रवाना हो गए थे।