अजयारविंद नामदेव, शहडोल। जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां बस में सफर करने वाली एक आदिवासी छात्रा को प्रेम जाल में फंसाकर कंडक्टर ने दो सालों तक उसका शोषण किया। इतना ही नहीं, जब छात्रा की शादी तय हुई तो आरोपी ने उसका अश्लील वीडियो और फोटो भेजकर रिश्ता तुड़वाने की साजिश भी रची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

सफर में ‘हमसफर’ बनने की प्लानिंग

जानकारी के अनुसार, सीधी थाना क्षेत्र की रहने वाली छात्रा रोजाना सीधी से जयसिंहनगर स्थित कॉलेज आने-जाने के लिए हरिओम ट्रेवल्स की बस में सफर करती थी। इसी दौरान बस के खलासी राजेश यादव ने छात्रा को अपने जाल में फंसाने की साजिश रची। वह रोजाना उसे सीट देने लगा और धीरे-धीरे बातचीत बढ़ाते हुए उसका मोबाइल नंबर ले लिया। लगातार संपर्क में रहने के दौरान उसने छात्रा को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। 

कमरे में बनाए संबंध, खींची अश्लील तस्वीर

बताया जा रहा है कि पढ़ाई के लिए छात्रा जयसिंहनगर में किराए के मकान में रहने लगी। इस दौरान कंडक्टर की उससे नजदीकियां बढ़ती गईं और वह अक्सर उसके कमरे पर आने-जाने लगा। आरोपी ने शादी का झांसा देकर छात्रा के साथ दुराचार किया और उसकी आपत्तिजनक फोटो व वीडियो भी बना लिए। यह सिलसिला करीब दो साल तक चलता रहा।

दूल्हे पक्ष को अश्लील वीडियो भेजकर तुड़वाया रिश्ता 

जब इस पूरे मामले की जानकारी छात्रा के परिजनों को हुई तो वे उसे घर ले आए और उसकी शादी तय कर दी। लेकिन जैसे ही यह बात आरोपी कंडक्टर को पता चली, उसने अपना असली चेहरा दिखा दिया। और छात्रा के अश्लील फोटो और वीडियो होने वाले ससुराल पक्ष को भेज दिए। जिससे रिश्ता टूटने की नौबत आ गई। इतना ही नहीं, आरोपी ने दूल्हे को जान से मारने की धमकी भी दी। 

मिलने के बहाने युवती ने कराया गिरफ्तार

पीड़िता ने अपने परिजनों के साथ जयसिंहनगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल प्रकरण दर्ज किया और एक सुनियोजित योजना के तहत छात्रा के जरिए आरोपी को मिलने के लिए बुलवाया। जैसे ही कंडक्टर राजेश यादव बोलेरो वाहन से मौके पर पहुंचा, पुलिस ने उसे घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m