बक्सर। जिले के डुमरांव अनुमंडल में पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए ट्रांसफार्मर से तेल चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह को दबोच लिया है। पुलिस ने गश्त के दौरान गिरोह के तीन सदस्यों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया, जो लंबे समय से किसानों और बिजली विभाग के लिए सिरदर्द बने हुए थे।
गश्त के दौरान हुई गिरफ्तारी
एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने बताया कि डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम जब सुरौंधा गांव के पास गश्त पर थी, तभी उन्हें एक कृषि ट्रांसफार्मर के पास संदिग्ध गतिविधि नजर आई। पुलिस ने घेराबंदी की तो संतोष कुमार उर्फ टुनटुन यादव नामक युवक ट्रांसफार्मर पर चढ़कर तेल निकालते हुए पकड़ा गया।
निशानदेही पर गिरोह के अन्य सदस्य दबोचे गए
पकड़े गए मुख्य आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने छापेमारी कर पंकज यादव को लालगंज कड़वी इलाके से गिरफ्तार किया। वहीं, चोरी के तेल को बाजार में खपाने वाले गिरोह के खरीदार चुन्नू साह को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार, यह तेल अक्सर ब्लैक मार्केट में बेचा जाता था या इसे डीजल में मिलाकर खपाया जाता था।
बाइक, ई-रिक्शा और चोरी का सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली एक अपाचे बाइक, एक ई-रिक्शा और लगभग ढाई लीटर तेल बरामद किया है। बरामद वाहन मुख्य आरोपी संतोष के नाम पर ही पंजीकृत हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
किसानों की बढ़ी मुश्किलें
पिछले कुछ महीनों में तेल चोरी की 12 से अधिक घटनाएं सामने आई हैं। तेल निकलने से ट्रांसफार्मर का इंसुलेशन और कूलिंग सिस्टम ठप हो जाता है, जिससे वे फुक जाते हैं। इस कारण गेहूं की अंतिम सिंचाई कर रहे किसानों को बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा था। पुलिस ने अब क्षेत्र में सुरक्षा और गश्त और तेज कर दी है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

