सुरेश पांडेय, सिंगरौली। लापता छात्र पवन शाह की हत्या के तीसरे दिन शुक्रवार को मोरवा क्षेत्र अलर्ट पर रहा। पुलिस ने एहतियाती कदम उठाते हुए सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी। आसपास के क्षेत्रों में कहीं भी तनाव का माहौल नजर नहीं आया, लेकिन किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस की सक्रियता दिनभर बनी रही और संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी की जाती रही। लगातार पेट्रोलिंग की जाती रही। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार स्थिति पूरी तरह सामान्य होने तक आगामी 1 से 2 दिनों तक अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती मोरवा क्षेत्र में जारी रहने की उम्मीद जताई जा रही है।

न्याय का भरोसा दिलाया

इस बीच कांग्रेस नेता राम शिरोमणि सहवाल मृतक पवन के परिजनों से मिलने पहुंचे और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि पूरे जिले में कांग्रेस पार्टी पवन को इंसाफ दिलाने के लिए आवाज बुलंद करेगी। साथ ही पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए सत्ता पक्ष से अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग भी उठाई। जिले भर में कांग्रेस के अन्य नेताओं ने भी मृतक को न्याय दिलाने की मुहिम तेज कर दी है।

शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील

शाम करीब 6 बजे पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के निर्देश पर एसडीओपी गौरव पाण्डेय और एसडीओपी राहुल सैयाम के नेतृत्व में मोरवा क्षेत्र में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च के जरिए लोगों से शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई। हत्या के सभी आरोपियों को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

गौरव पाण्डेय, एसडीओपी मोरवा

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m