ICC T20 World Cup 2026: ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को होने वाले मुकाबले को लेकर सस्पेंस बढ़ गया है। अगले 24 से 48 घंटे में इस मामले में कोई बड़ा अपडेट आने की संभावना जताई जा रही है।

इस संदर्भ में 8 फरवरी की देर शाम लाहौर में इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के वरिष्ठ अधिकारियों की अहम बैठक हुई। PCB के निमंत्रण पर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम भी मीटिंग में शामिल हुए, जबकि ICC की ओर से डिप्टी चेयरमैन इमरान ख्वाजा मौजूद रहे।

बैठक में भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर बने गतिरोध पर लंबी और गंभीर चर्चा हुई। रिपोर्ट्स के अनुसार, PCB ने ICC से तीन बड़ी मांगें रखीं:

1 – रेवेन्यू में अधिक हिस्सा – PCB ने इस बात पर जोर दिया कि भारत-पाकिस्तान मैच से होने वाले राजस्व में पाकिस्तान को बढ़ा हिस्सा मिलना चाहिए।

2 – भारत के साथ द्विपक्षीय क्रिकेट की बहाली – PCB ने ICC से आग्रह किया कि भारत के साथ द्विपक्षीय सीरीज को दोबारा शुरू किया जाए।

3 – मैच के बाद हैंडशेक प्रोटोकॉल का पालन – PCB ने इस पारंपरिक व्यवहार को अनिवार्य बनाने की मांग की।

    वहीं, बांग्लादेश की ओर से भी वर्ल्ड कप से बाहर किए जाने को लेकर किसी तरह के मुआवजे की संभावना जताई जा रही है। विश्लेषकों का मानना है कि पाकिस्तान भारत से मैच खेलना चाहता है, लेकिन अपनी शर्तों पर।

    विवाद की जड़: बांग्लादेश

    इस पूरे विवाद की शुरुआत तब हुई जब BCB ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में अपने मैच खेलने से इनकार कर दिया और वेन्यू बदलने की मांग की। ICC ने यह अनुरोध अस्वीकार कर दिया, जिसके बाद बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल किया गया। इसके बाद पाकिस्तान ने बांग्लादेश का समर्थन करते हुए भारत के खिलाफ कोलंबो में होने वाले मैच का बहिष्कार करने की धमकी दी।

    श्रीलंका ने जताई नाराजगी

    भारत-पाकिस्तान मैच के संभावित बहिष्कार को लेकर श्रीलंका ने भी कड़ा रुख अपनाया है। श्रीलंका ने कहा कि मैच रद्द होने से देश के पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को भारी आर्थिक नुकसान होगा। साथ ही, पाकिस्तान को यह भी याद दिलाया गया कि पहले जब श्रीलंका को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से बाहर किया गया था, तब पाकिस्तान ने उसकी मदद की थी।

    वर्तमान स्थिति में ICC और PCB के बीच बातचीत जारी है और इस विवाद का समाधान अगले 1–2 दिनों में आने की उम्मीद है। क्रिकेट प्रेमी अब बारीकी से इंतजार कर रहे हैं कि भारत-पाकिस्तान की इस पुरानी प्रतिद्वंद्विता वाला मुकाबला तय समय पर खेला जाएगा या नहीं।

    Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
    https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H