Kanpur Lamborghini Accident. ग्वालटोली थाना क्षेत्र के वीआईपी रोड पर बीते रविवार को तेज रफ्तार लैम्बॉर्गिनी कार (Kanpur Lamborghini Accident) द्वारा 6 पैदल यात्रियों को टक्कर मारने का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. इस फुटेज में देखा जा सकता है कि हादसे के बाद बाउंसर एक काली एसयूवी से उतरकर लैंबार्गिनी की ओर दौड़ते हैं और तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा कार से बाहर निकालते हैं.

फुटेज में कथित तौर पर साफ दिख रहा है कि गाड़ी की ड्राइविंग सीट पर शिवम मिश्रा बैठा है. जबकि शिवम के पिता ने दावा किया था कि गाड़ी उनका ड्राइवर चला रहा था. लेकिन वीडियो में किसी अन्य व्यक्ति को ड्राइवर सीट पर उतरते या निकलते हुए नहीं देखा जा रहा. इसके अलावा, मौके पर मौजूद बाउंसर वॉकी-टॉकी हाथ में लिए बातचीत करते नजर आते हैं. वे भीड़ को दूर हटने के लिए कहते दिख रहे हैं. घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल साफ झलकता है. यही वीडियो अब सबसे बड़ा सवाल बन गया है अगर ड्राइवर मोहन गाड़ी चला रहा था, तो वह फुटेज में क्यों नजर नहीं आ रहा ?

इसे भी पढ़ें : बहराइच में रफ्तार का कहर, पुलिस वाहन ने 4 लोगों को रौंदा, मासूम की मौत

कानपुर पुलिस की ओर से इस प्रकरण के संबंध जानकारी साझा की गई है. जिसके मुताबिक सड़क दुर्घटना के संबंध में जिस कार (लैम्बोर्गिनी) के चालक का नाम सामने आया है, वह शिवम मिश्रा है. प्रकरण में सुसंगत धाराओं के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया जा चुका है. सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर विवेचना का शीघ्र निस्तारण करते हुए सही धाराओं में चार्जशीट न्यायालय में प्रेषित की जाएगी. प्रकरण के दौरान यह पाया गया कि सड़क दुर्घटना जैसे संदेवनशील प्रकरण में प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर थाना प्रभारी ग्वालटोली को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है. पुलिस का कहना है कि कानून सभी के लिए समान है, चाहे व्यक्ति कितना ही बड़ा क्यों न हो. इस मामले में निष्पक्ष और सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आगे भी की जाएगी.

कौन है शिवम मिश्रा?

शहर के आर्यनगर के रहने वाले केके मिश्रा (मुन्ना मिश्रा) कानपुर के बड़े तंबाकू कारोबारी हैं. केके मिश्रा ​बंशीधर तंबाकू कंपनी के मालिक हैं. उनकी ये कंपनी देशभर की बड़ी पान मसाला कंपनियों को तंबाकू उपलब्ध कराती है. फिलहाल केके मिश्रा ने अपना पूरा कारोबार दिल्ली शिफ्ट कर लिया है. कंपनी के बोर्ड मेंबर्स में ऊषा मिश्रा, कृष्ण कुमार मिश्रा और शिवम मिश्रा के नाम शामिल हैं. पिछले 32 साल से केके मिश्रा तंबाकू का कारोबार कर रहे हैं. उनकी कंपनी की फैक्ट्री अहमदाबाद में है.