दिल्ली हाईकोर्ट (Delhi High Court)ने बॉलीवुड अभिनेत्री सेलिना जेटली (Celina Jaitly) के भाई मेजर (रिटायर्ड) विक्रांत कुमार जेटली की संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में हिरासत से जुड़े मामले में केंद्र सरकार से महत्वपूर्ण सवाल किया है। हाईकोर्ट ने विदेश मंत्रालय से पूछा है कि क्या अदालत की सीधी बातचीत अभिनेत्री के भाई से कराई जा सकती है। कोर्ट ने इस मामले में केंद्र सरकार से स्थिति स्पष्ट करने को कहा है। मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने यह जानने की कोशिश की कि क्या विदेश में हिरासत में रखे गए भारतीय नागरिक से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग या अन्य माध्यमों से संपर्क संभव है, ताकि उसकी स्थिति और अधिकारों को लेकर स्पष्ट जानकारी मिल सके।

हाईकोर्ट ने विदेश मंत्रालय से पूछा है कि क्या अदालत की सीधी बातचीत मेजर (रिटायर्ड) विक्रांत जेटली से कराई जा सकती है। सुनवाई के दौरान अदालत ने विदेश मंत्रालय के वकील को निर्देश दिया कि वह मंत्रालय या संबंधित भारतीय वाणिज्य दूतावास से संपर्क कर यह सुनिश्चित करें कि विक्रांत जेटली की अदालत से बातचीत संभव हो सके। कोर्ट यह जानना चाहती है कि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग या किसी अन्य माध्यम से उनसे संपर्क स्थापित किया जा सकता है या नहीं।

अदालत को बताया गया कि विक्रांत जेटली सितंबर 2024 से UAE में हिरासत में हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हाईकोर्ट ने सभी पक्षों को बिना अदालत की अनुमति मीडिया से बातचीत न करने का भी निर्देश दिया है। सुनवाई के बाद मंगलवार दोपहर सेलिना जेटली को दिल्ली हाईकोर्ट से बाहर निकलते हुए देखा गया, हालांकि अदालत के निर्देशों का पालन करते हुए उन्होंने इस मामले पर मीडिया से कोई बयान नहीं दिया। हाईकोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 12 फरवरी को निर्धारित की है।

पिछले हफ्ते HC ने दिया था यह निर्देश

इससे पहले, पिछले सप्ताह दिल्ली हाईकोर्ट ने विदेश मंत्रालय को आदेश दिया था कि वह UAE की कानूनी फर्म अल मरी पार्टनर्स को वहां की अदालत में विक्रांत जेटली का प्रतिनिधित्व करने की अनुमति दे। यह फर्म दुबई और अबू धाबी में पूरी तरह नि:शुल्क (प्रो बोनो) आधार पर मामले की पैरवी करेगी। अदालत को बताया गया कि इस फर्म का नाम सेलिना जेटली के वकील राघव कैकर ने सुझाया था, जिनकी सहायता अधिवक्ता माधव अग्रवाल और सुराधीश वत्स ने की। अदालत को यह भी बताया गया कि कानूनी फर्म ने मामले की जानकारी स्वयं जुटाई है और बिना किसी शुल्क के कानूनी सहायता देने के लिए तैयार है।

अवैध रूप से अगवा कर हिरासत में रखने का आरोप

बॉलीवुड अभिनेत्री सेलिना जेटली ने दिल्ली हाईकोर्ट में दायर अपनी याचिका में गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया है कि उनके भाई मेजर (रिटायर्ड) विक्रांत कुमार जेटली को सितंबर 2024 से अवैध रूप से अगवा कर संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में हिरासत में रखा गया है। एक्ट्रेस का कहना है कि एक साल से अधिक समय बीत जाने के बावजूद केंद्र सरकार उनके भाई की कानूनी स्थिति और स्वास्थ्य से जुड़ी बुनियादी जानकारी भी हासिल नहीं कर सकी है, जिससे परिवार गहरी चिंता में है। इससे पहले, 3 नवंबर 2024 को दिल्ली हाईकोर्ट ने विदेश मंत्रालय को निर्देश दिया था कि वह विक्रांत जेटली को कानूनी सहायता उपलब्ध कराए, भाई-बहन के बीच बातचीत को आसान बनाए और मामले की निगरानी के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त करे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m