CG ACB Trap : अंबिकापुर. एंटी करप्शन ब्यूरो ने आज प्रदेश में अलग–अलग भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया है. जांजगीर-चांपा जिले में विद्युत विभाग के सहायक अभियंता, उप अभियंता, कंप्यूटर ऑपरेटर के अलावा नगर पंचायत के बाबू को गिरफ्तार करने के अलावा अंबिकापुर में भी तहसील कार्यालय के सहायक ग्रेड 2 को गिरफ्तार किया गया है. तहसील का बाबू शिक्षा विभाग के बाबू को एंटी करप्शन ब्यूरो के छापे का भय दिखा रहा था. तहसील में पदस्थ बाबू ने शिक्षा विभाग के बाबू को डर दिखाया था कि एंटी करप्शन ब्यूरो द्वारा उसके खिलाफ कार्रवाई होने वाली है. तहसील के बाबू अनिल कुमार गुप्ता का कहना था कि उसका रिश्तेदार एंटी करप्शन ब्यूरो में पदस्थ है और उसके माध्यम से वह केस सॉल्व करवा देगा. जिसके लिए रुपयों की मांग उसने की थी. एक लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया है.

रेड का दिखाया डर, केस निपटाने 2 लाख की मांगी रिश्वत (CG ACB Trap)

प्रार्थी अखिलेश कुमार सोनी, पिता सुगंध प्रसाद सोनी, उम्र 51 वर्ष कारमेल स्कूल के पीछे, नमनाकला, अम्बिकापुर जिला सरगुजा के द्वारा 12 मार्च को इस आशय का शिकायत पत्र प्रस्तुत किया गया कि वह शिक्षा विभाग अंतर्गत जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय अम्बिकापुर में सहायक ग्रेड- 02 के पद पर पदस्थ है. दस मार्च को अनिल कुमार गुप्ता द्वारा प्रार्थी को कॉल कर मिलने के लिये बुलाया गया और कहा गया कि तुम्हारे विरूद्ध एसीबी में शिकायत है एसीबी अम्बिकापुर के द्वारा तुम्हे कभी भी ट्रेप किया जा सकता है या तुम्हारे घर में छापा मारा जा सकता है यदि आपको एसीबी की कार्रवाई से बचना है तो 2 लाख रूपये की व्यवस्था करना पड़ेगा. मेरा भतीजा एसीबी में कार्यरत है, जिसके माध्यम से मैं आपका केस को रफा-दफा करा दूंगा. यह कह कर एसीबी की कार्रवाई का भय दिखाया गया.

प्रार्थी के शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें आरोपी अनिल कुमार गुप्ता सहायक ग्रेड-02, तहसील कार्यालय दरिमा, जिला सरगुजा के द्वारा बताया गया कि उसके द्वारा पूर्व में एक केस को 2 लाख में निपटवाया हूँ आपको भी 2 लाख रूपये देना पड़ेगा जिसपर प्रार्थी द्वारा 2 लाख रूपये देने में असमर्थता जाहिर की गई तथा 1 लाख रूपये में केस निपटवाने की बात कही गई जिसपर आरोपी अनिल गुप्ता के द्वारा 1 लाख रूपये में काम कराने की सहमति दी गई.

आज 2 मार्च को ट्रेप आयोजित किया गया तथा आरोपी अनिल कुमार गुप्ता के द्वारा प्रार्थी को जिला ग्रंथालय अम्बिकापुर के पास रिश्वती रकम 1 लाख रूपये के साथ बुलाया गया जहां प्रार्थी द्वारा 1 लाख रूपये रखे हुए लिफाफे को आरोपी अनिल कुमार गुप्ता को दिया गया जिसे उसके द्वारा प्राप्त कर अपने मोटर सायकल के डिक्की में रख लिया गया था.

प्रार्थी के इशारा किये जाने पर ट्रेपदल के सदस्यों के द्वारा आरोपी अनिल कुमार गुप्ता पिता बागरसाव गुप्ता, उम्र 61 वर्ष, सहायक ग्रेड-02, तहसील कार्यालय दरिमा, जिला सरगुजा, निवासी-नशामुक्ती केन्द्र के सामने, केदारपुर अम्बिकापुर जिला सरगुजा को रिश्वती रकम 1 लाख रूपये सहित रंगे हाथों पकड़ा गया. आरोपी से एक लाख रुपये बरामद किया जाकर जप्ती की कार्रवाई की गई है. आरोपी के विरूद्ध धारा 7 पीसीएक्ट 1988 (यथा संशोधन 2018) एवं 308 (2) भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत् कार्रवाई की जा रही है. प्रार्थी के खिलाफ एसीबी अम्बिकापुर में कोई शिकायत दर्ज नहीं है और ना ही आरोपी का कोई भतीजा एसीबी अम्बिकापुर में कार्यरत है. आरोपी के द्वारा एसीबी का भय दिखाकर स्वयं के लिये रिश्वती रकम 1 लाख रूपये मांग कर प्राप्त किया गया है.

गिरफ्तार आरोपी

आरोपी अनिल कुमार गुप्ता सहा० ग्रेड-02 तहसील कार्यालय दरिमा, जिला सरगुजा