CG Accident News : अरविन्द मिश्रा, बलौदाबाजार. जिले में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है. तेज रफ्तार क्रूजर वाहन ने दो मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी. दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवतियों समेत एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

दो पहिया वाहनों को कार ने मारी टक्कर (CG Accident News)

जानकारी के मुताबिक, घटना पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम रोहासी रोड की है. पलारी से करीब 3 किलोमीटर आगे तेज रफ्तार क्रूजर वाहन ने पहले एक बाइक को टक्कर मारी. बताया जा रहा है क्रूजर चालक शराब के नशे में वाहन चला रहा था. टक्कर के कारण बाइक सवार युवक कार के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. अनियंत्रित वाहन ने एक स्कूटी को भी टक्कर मार दी. स्कूटी में तीन लोग सवार थे, जो भाई-बहन बताए जा रहे हैं. सभी हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए हैं. 

घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलारी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल बलौदाबाजार रेफर किया गया है। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार चालक को गिरफ्तार कर लिया. वहीं शव का पंचानामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है.