CG Accident News : लक्ष्मीकांत बंसोड़/वीरेन्द्र गहवई, बलोद/बिलासपुर. छत्तीसगढ़ में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है. दो अलग-अलग जिलों में हुए सड़क हादसों में 2 लोगों की मौत हो गई. मृतकों में पूर्व नपा उपाध्यक्ष शामिल है. 

इसे भी पढ़ें : राजधानी में देर रात गैंगवार: गांजा तस्कर रवि साहू और मुकेश बनिया से जुड़े गुर्गों के बीच हुई चाकूबाजी, इलाके में दहशत का माहौल

पूर्व नपा उपाध्यक्ष की सड़क हादसे में मौत

बालोद जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के गंजपारा में रविवार रात को भीषण सड़क हादसा हुआ है. तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे इतना भीषण था कि बाइक सवार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. मृतक की पहचान 60 वर्षीय सुखित राम साहू के रूप में हुई, जो पूर्व में बालोद के नगर पालिका के उपाध्यक्ष रह चुके हैं. 

जानकारी के मुताबिक, सुखित राम साहू की ऑटो पार्ट्स की दुकान है. घर लौटने के बाद उनकी बाइक को गंजपारा में एक कार ने टक्कर मार दी. बाइक सवार की मौके पर मौत हो गई. वहीं कार चालक मौके से भाग निकला. स्थानीय लोगों से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है. 

बिजली पोल से टकराई बाइक, युवक की मौत 

बिलासपुर जिले में भी सड़क हादसे ने युवक की जान ले ली. तारबाहर क्षेत्र के होटल हेवन्स पार्क के सामने में रविवार की देर रात स्कूटी सवार की बिजली पोल से टकराकर मौत हो गई. मृतक तालापारा निवासी जैद खान है. 

जानकारी के अनुसार, जैद खान की स्कूटी होटल के सामने अनियंत्रित हो गई. युवक हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. मामले में पोस्टमार्टम दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.