CG Accident News : बिलासपुर. न्यायधानी बिलासपुर के सकरी क्षेत्र के रामा लाइफ सिटी में किराए पर रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे तहसीलदार के युवा पुत्र की सड़क हादसे में मौत हो गई. मंगलवार तड़के जिला न्यायालय के सामने तेज रफ्तार भारी वाहन ने छात्र की बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में गंभीर रूप से घायल छात्र को सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है.


जानकारी के अनुसार, राजनांदगांव जिले के छुरिया निवासी हनुमंत सिंह श्याम तहसीलदार के पद पर बालोद जिले के गुरुर तहसील में पदस्थ हैं. उनके पुत्र मणिंद्र भूषण सिंह श्याम (23 वर्ष) सकरी के रामा लाइफ सिटी में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे. मंगलवार सुबह करीब चार बजे मणिंद्र भूषण बाइक से घूमने के लिए निकले थे. जब वे कलेक्टोरेट के पास जिला न्यायालय के सामने पहुंचे, उसी दौरान एक भारी वाहन के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मणिंद्र भूषण सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए.
मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल छात्र को सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया. पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और हादसे में शामिल भारी वाहन की तलाश की जा रही है.
फिंगरप्रिंट लॉक खोलकर की गई पहचान
हादसे के बाद पहुंची पुलिस ने मृतक के जेब से मोबाइल निकाला. मोबाइल फिंगरप्रिंट लॉक था. मृतक के अंगूठे का निशान लगा पुलिसकर्मियों ने मोबाइल का लॉक खोला फिर मोबाइल की कांटेक्ट लिस्ट में मौजूद नम्बरों को पुलिसकर्मी डायल करने लगे. तड़के सुबह होने के चलते कई नम्बर नहीं उठे,और जब कुछ नम्बरों में बात हुई तो मृतक की पहचान हो सकी. जिसके बाद मृतक के परिजनों को सूचना दी जा सकी. मृतक के परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पीएम करवाया गया. हादसे की सूचना मिलते ही तहसीलदारों के ग्रुप में सांत्वना देने का सिलसिला शुरू हो गया.


