CG Bird Flu : बिलासपुर. कोनी स्थित कुक्कुट पालन केंद्र में बर्ड फ्लू के प्रभाव के कारण 25 हजार से ज्यादा मुर्गियों की मौत हो गई हैं. जिससे पशु विभाग को करीब एक करोड़ रुपए का नुकसान होने का दावा किया जा रहा है. संक्रमण की पुष्टि होने के बाद से कुक्कुट पालन केंद्र में काम ठप पड़ा है. वहीं, दूसरी ओर जांच करने आई स्वास्थ्य विभाग की केंद्रीय टीम ने मंगलवार को कलेक्टर को जांच रिपोर्ट सौंपी हैं. बुधवार को टीम के अफसर लौट जाएंगे.

जिले में बर्ड फ्लू की पुष्टि होते ही पशु चिकित्सा विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए व्यापक कदम उठाए हैं. संयुक्त संचालक, पशु चिकित्सा विभाग बिलासपुर के निर्देशन में रैपिड रिस्पांस टीम का गठन कर प्रभावित क्षेत्र में तत्काल कार्रवाई की गई. टीम द्वारा संक्रमित व संदिग्ध क्षेत्र में मौजूद शेष बचे कुल 22,808 पक्षियों, 25,896 अंडों, लगभग 79 क्विंटल दाने का वैज्ञानिक विधि से नष्टीकरण किया गया, ताकि संक्रमण की श्रृंखला को पूरी तरह समाप्त किया जा सके. यह कार्रवाई शासन के निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत सावधानीपूर्वक की गई थी. तब से कुक्कुट पालन केंद्र में काम पूरी तरह से ठप है. इसके अलावा जिलेभर में मुर्गी पालन केंद्रों में काम बंद कर दिया गया है.

मामले में जीएस तंवर, जेडी पशु चिकित्सा विभाग ने बताया कि बर्ड फ्लू के कारण हजारों की संख्या में पक्षी, अंडों व कई क्विंटल दानें को नष्ट किया गया है. जिससे विभाग को करीब 1 करोड़ रुपए का नुकसान पहुंचा है. केंद्रीय टीम ने कलेक्टर को जांच रिपोर्ट सौंप दिया है.