CG Budget 2026 : बिलासपुर. वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने 24 फरवरी को तीसरा बजट पेश किया. बजट में राज्य के दूसरे महत्वपूर्ण शहर बिलासपुर को महानगरों की तर्ज पर विकसित करने के लिए कई घोषणाएं की गई है. महानगरों की तर्ज पर विकसित हो रहे बिलासपुर में महानगरों की तरह सुविधाएं देखने को मिलेंगी.


बिलासपुर शहर के बीचों-बीच स्थित राजीव गांधी चौक से सीपत चौक तक फ्लाईओवर बनाने के लिए 15 करोड़ रुपए बजट में स्वीकृत किया गया है. राजीव गांधी चौक से नेहरू चौक तक बनने वाला फ्लाई ओवर तीन दिशाओं में विभाजित होगा. इसे जबलपुर के मदन महल जैसा बनाया जाएगा. वहीं बिलासपुर के मेलनाडीह से मस्तूरी नगर तक सड़क बनाने की स्वीकृति विधायक सुशांत शुक्ला की मांग पर बजट में दी गई है. यह सड़क मेलनाडीह से टेकर-सेलर व्हाया कबारी होते हुए सीपत तक बनेगी. इसके अलावा बिलासपुर के उसलापुर गीता पैलेस से अमेरी अंडर ब्रिज तक चार करोड़ रुपये की सड़क तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह की मांग पर स्वीकृत की गई है. बिलासपुर के चकरभाठा बस्ती से धमनी पहुंच मार्ग के लिए विधायक धरमलाल कौशिक की मांग पर दो करोड़ रुपये सड़क हेतु स्वीकृत की गई है.
बिलासपुर के एयरपोर्ट के विकास के लिए भी राशि स्वीकृत की गई है. छत्तीसगढ़ विजिबिलिटी असिस्टेंस फॉर यात्री उड़ान के लिए बिलासपुर के साथ ही जगदलपुर और अंबिकापुर में यात्री सुविधाओं को बढ़ाने और हवाई सेवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए तीस करोड़ रुपये स्वीकृत किये गये हैं.
इसके अलावा बिलासपुर के बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के कोनी में कैंसर अस्पताल के लिए 175 पदों पर भर्ती के लिए सेटअप की स्वीकृति दी गई है. सेटअप में एक्सपर्ट डॉक्टर, टेक्निकल पदों के साथ ही रेडियोग्राफर, लैब टेक्नीशियन और क्लर्कल स्टाफ भी है. कोनी में राज्य का पहला चार मंजिला कैंसर अस्पताल 115 करोड़ की लागत से तैयार हो रहा है. यह अस्पताल 100 बिस्तरों का होगा, कैंसर मरीजों के लिए यहां 100 बेड की सुविधा होगी, जिसमें 20 बैड कैंसर आईसीयू और 80 बेड जनरल वार्ड का होगा. यहां 20–20 करोड़ रुपये की लागत से दो अत्याधुनिक लीनियर एसीलीरेट रेडियो थेरेपी मशीन लगाई जाएगी. निःशुल्क दवाइयां भी मिलेंगी.
इसके अलावा बिलासपुर के खारंग जलाशय अंतर्गत बाईं तट नहर के मोपका वितरक नहर का पीपीआईएन एवं मॉर्डनाइजेशन कार्य 32 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत किया गया है. खारंग जलाशय अंतर्गत दाईं तट नहर के पौसरा वितरक नहर का पीपीआईएन एवं मॉर्डनाइजेशन कार्य तीस करोड़ की लागत स्वीकृत किया गया है. लगरा वितरक नहर के सुधार और मरम्मत कार्य के लिए ढाई करोड़ रुपये स्वीकृत किया गया है. बेलतरा विधानसभा के नगोई ग्राम में मिल्क प्रोसेसिंग सेंटर बनाया जाएगा. बजट में सिर्फ बेलतरा विधानसभा के लिए ही 100 करोड रुपए के विकास कार्यों की स्वीकृति दी गई है.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें


