सुरेंद्र जैन, धरसींवा। एफसीआई गोदाम से धान चोरी करने वाले तीन आरोपियों को धरसींवा पुलिस ने गिरफ्तार किया है।आरोपियों ने गोदाम की दीवार में छेद कर करीब 24 क्विंटल धान की बोरियां चोरी की थी।
थाना प्रभारी राजेंद्र दीवान ने बताया कि प्रार्थी कौशल साहू ने 8 मार्च 2026 को थाना धरसींवा में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि कृषक सेवा सहकारी समिति द्वारा वर्ष 2025-26 में छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार किसानों से समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी की गई थी। किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा गया धान एफसीआई गोदाम धरसींवा में सुरक्षित रखा गया था।

गोदाम में करीब 3500 कट्टा धान की बोरियां रखी गई थीं, जिनमें प्रत्येक बोरी में लगभग 40 किलो धान भरा हुआ था। गोदाम को बाहर से शटर बंद कर ताला लगाया गया था। 8 मार्च की शाम करीब 7 बजे निरीक्षण के दौरान पाया गया कि धान की लगभग 60 बोरियां गायब हैं। जांच में पता चला कि 6 मार्च की रात से 8 मार्च की शाम के बीच अज्ञात चोरों ने गोदाम की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया और धान की बोरियां चोरी कर ली। चोरी किए गए धान का कुल वजन करीब 24 क्विंटल और अनुमानित कीमत लगभग 74,400 रुपये आंकी गई है।
मामले में थाना धरसींवा में अपराध क्रमांक 136/2026 के तहत धारा 331(4), 305 और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान ग्राम परसतराई के दुकानदार यजेन्द्र वर्मा ने जानकारी दी कि साबीर खान नामक युवक अपने साथियों के साथ धान बेचने के उद्देश्य से उसकी दुकान पर आया था। पुलिस ने साबीर खान को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने साथियों इरफान खान, अमान खान और एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाना कबूल किया। आरोपियों ने बताया कि 6 मार्च की रात करीब 11 बजे एफसीआई गोदाम की दीवार में छेद कर अंदर प्रवेश किया और वहां से 50-60 धान की बोरियां चोरी की थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को 9 मार्च को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपी
- साबीर खान (25 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 07, बिजली ऑफिस के पास, धरसींवा
- अमान खान (20 वर्ष), निवासी नुरानी चौक, पुराना शासकीय अस्पताल के सामने, धरसींवा
- इरफान खान (20 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 07, मंडी के सामने, धरसींवा
पुलिस मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भी तलाश कर रही है।

